दिल्ली में भारी बारिश, टूटा 41 साल का रिकॉर्ड, जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त

नई दिल्ली, 09 जुलाई : दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में रविवार को सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र सहित देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में भारी से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना को लेकर रविवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। दिल्ली में रविवार सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुयी। यहां पिछले 24 घंटों में 153 मिमी बारिश हुई, जो 41 साल में एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड है। इससे पहले 25 जुलाई 1982 को यहां 169.9 मिमी बारिश हुई थी। इस बीच शनिवार को रिकॉर्ड बारिश के बाद कनॉट प्लेस के गलियारों से लेकर लुटियंस दिल्ली के चौड़े रास्ते राष्ट्रीय राजधानी की हर सड़कें जलमग्न हो गईं। जलजमाव के कारण मिंटो ब्रिज को बंद करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग ने बताया कि जलजमाव की लगभग 200 शिकायतें मिलीं। आईटीओ, मजनू का टीला, रोहतक रोड, रिंग रोड, पांडव नगर अंडरपास, पुराना किला रोड, सरिता विहार चौक और मथुरा रोड पर प्रगति मैदान में पानी भरने की सूचना मिली है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को जलभराव की कुल 56 शिकायतें मिलीं। मौसम विभाग के अनुसार गुड़गांव में भी बारिश हुई और रविवार को यहां सुबह आठ बजे तक 71 मिमी बारिश हुई। दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, जम्मू- कश्मीर के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय है, जिसके कारण कल दिल्ली सहित कई जगहों पर भारी बारिश हुई। भूस्खलन और भूस्खलन के बाद अचानक आई बाढ़ से शिमला, सिरमौर, लाहौल, स्पीति, चंबा और सोलन में कई सड़कें अवरुद्ध हो गयी, जिसके मद्देनजर मौसम विभाग नेहिमाचल प्रदेश के सात जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने राजसमंद, जालौर, पाली, अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, जयपुर और कोटा सहित राजस्थान के नौ से अधिक जिलों में बहुत भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की है। वहीं दक्षिण भारत के केरल और कर्नाटक के भी कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने केरल के चार जिलों- कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान 1958 के बाद तीसरी सबसे ज्यादा बारिश

नई दिल्ली, 09 जुलाई : दिल्ली सहित समूचे उत्तर भारत में लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन प्रभावित है। कई स्थानों पर सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई है। भारी बारिश हादसों का कारण भी बन रही है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान अब तक जुलाई में तीसरी सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार नई दिल्ली (सफदरजंग) में 1958 के बाद से 08-09 जुलाई, 2023 को तीसरी सबसे अधिक 24 घंटे की बारिश दर्ज की गई। 1958-2023 के दौरान सबसे अधिक वर्षा 20 से 21 जुलाई 1958 में 266.2 मिलीमीटर दर्ज की गई थी। इसके बाद 25 से 26 जुलाई 1982 को 169.9 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई थी। कल राजधानी दिल्ली में 153 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। दिल्ली के अलग-अलग स्थानों (नरेला, अलीपुर, रोहिणी, बादिली, पीतमपुरा, पश्चिम विहार, पंजाबी बाग, कश्मीरी गेट, सीलमपुर, राजौरी गार्डन, लाल किला, राजीव चौक, आईटीओ, जाफ़रपुर, नजफगढ़, द्वारका, इंडिया गेट, अक्षरधाम, पालम, आईजीआई एयरपोर्ट) एनसीआर (गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, बल्लभगढ़) कैथल, नरवाना, बरवाला, सोहना, नूंह (हरियाणा) भिवारी (राजस्थान) में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होगी और कुरूक्षेत्र, करनाल, राजौंद, असंध, सफीदों, जिंद, पानीपत, गोहाना, गन्नौर, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा (हरियाणा) शामली, कांधला, बड़ौत, बागपत, खेकड़ा, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बिलारी, मिलक (यूपी) तिजारा, खैरथल, अलवर (राजस्थान) के निकटवर्ती क्षेत्र के आसपास के इलाकों में अगले 2 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश होगी।

IIT दिल्ली में इंजीनियरिंग के छात्र ने किया सुसाइड, हॉस्टल के पंखे से लटका मिला 23 वर्षीय युवक का शव

दिल्ली, 09 जुलाई (संवाददाता मानसी) : आईआईटी दिल्ली में इंजीनियरिंग कोर्स के फॉर्थ ईयर में पढ़ रहे एक छात्र ने होस्टल के पंखे से लटकर अपनी जान ले ली. उत्तर प्रेदश के रहने वाले 23 वर्षीय आयुष ने 8 जुलाई 2023 को सुसाइड किया. पुलिस को जांच के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है जिसके कारण घटना के पीछे की वजह भी अभी तक सामने नहीं आ पाई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट चुकी है. IIT छात्रों द्वारा आत्महत्या के मामलें तेजी से बढ़ रहे है. यह एक चिंता का विषय बना हुआ है. 2023 में ही आईआईटी में इंजीनियरिंग छात्र की खुदकुशी का यह पांचवा केस है. IIT बॉम्बे के छात्र दर्शन सोलंकी ने फरवरी में अपने हॉस्टल की सातवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान ले ली थी. इस घटना के बाद मद्रास आईआईटी से तीन छात्रों के सुसाइड की खबर सामने आई थी.  आईआईटी संस्थान भी छात्रों द्वारा आत्महत्या के मामलों से चिंतित है, IIT-दिल्ली ने, Covid-19 के दौर में छात्रों को स्टडी प्रेशर से दूर रहने और आत्महत्या की प्रवृति को दूर रखने में मदद करने के लिए अपने सिलेबस को नया आकार दिया था. IIT ने अपने पाठयक्रम को और बहतर बनाने की प्रक्रिया स्टार्ट कर दी थी.

Delhi Rain: भारी बारिश के चलते केजरीवाल ने सरकारी अधिकारियों की रविवार की छुट्टी रद्द की

दिल्ली, 09 जुलाई (संवाददाता- मानसी) : दिल्ली में भारी बारिश के कारण मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सभी सरकारी अधिकारियों की रविवार की छुट्टी रद्द कर दी है और उन्हें मैदान पर रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली के कैबिनेट मंत्री और मेयर शेली ओबेरॉय, शहर के “समस्याग्रस्त क्षेत्रों” का निरीक्षण करेंगे। केजरीवाल ने ट्वीट करके कहा, “कल दिल्ली में 126 मिमी बारिश हुई। दिल्ली में हर मानसून में होने वाली कुल वर्षा का 15% केवल 12 घंटों में बरसा. जलभराव से लोग बुरी तरह प्रभावित हुए। “आज दिल्ली के सभी मंत्री और मेयर समस्याग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे। सभी अधिकारियों को मैदान पर रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं और उनकी रविवार की छुट्टी रद्द कर दी गई है।”     भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि, दिल्ली में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटों में 153 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में सबसे अधिक है। पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी हवाओं के बीच परस्पर क्रिया के कारण उत्तर पश्चिम भारत में तीव्र वर्षा हो रही है, जिसमें दिल्ली भी शामिल है, जहाँ मौसम की पहली “बहुत भारी” वर्षा हुई। आईएमडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शहर के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने रविवार सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए 24 घंटों में 153 मिमी बारिश दर्ज की, जो 25 जुलाई 1982 को 24 घंटे की 169.9 मिमी बारिश के बाद से सबसे अधिक है।

भारी बारिश से दिल्ली पानी-पानी, मौसम विभाग ने रविवार के लिए येलो अलर्ट’ जारी किया

नई दिल्ली, 08 जुलाई: राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को भारी बारिश हुई, जिसकी वजह से शहर के कई इलाके जलमग्न हो गये। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को शहर में और बारिश को लेकर ‘ऑरेंज’ अलर्ट तथा रविवार के लिये ‘येलो अलर्ट’ की चेतावनी जारी की है। दिल्ली में यह मॉनसून की पहली भारी बारिश थी। विभाग ने बताया कि दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने दोपहर ढाई बजे तक 98.7 मिमी बारिश तथा रिज वेधशाला ने 111.4 मिमी बारिश दर्ज की है। मौसम विभाग ने एक ट्वीट में कहा, दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) सहित यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, करनाल, असंध, सफीदों, पानीपत, गोहाना, गन्नौर, महम, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, भिवानी, चरखी दादरी, मट्टनहेल, झज्जर, कोसली, सोहना, रेवाड़ी (हरियाणा) के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश जारी रहेगी। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह हुई बारिश से कारण कई यात्रियों को असुविधा हुई। उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बताया कि उसे सुबह से जलभराव की 15 शिकायतें मिलीं हैं। पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘हमें एमसीडी (दिल्ली नगर निगम) या अन्य एजेंसियों के तहत आने वाले अन्य हिस्सों पर भी जलभराव की शिकायतें मिलीं। हमने उन शिकायतों को आगे बढ़ाया। स्थिति अब तक नियंत्रण में है। दिल्ली विश्वविद्यालय के उत्तरी परिसर में स्थित गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के आसपास की सड़कों पर भी जलभराव हो गया, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई।’ आईएमडी ने दिन के दौरान आमतौर पर बादल छाए रहने और भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। विभाग के मुताबिक, शहर में सापेक्षिक आर्द्रता 96 फीसदी दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 79 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक श्रेणी’ में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

ईडी-सीबीआई के सहारे काम रोक रहा केंद्र : केजरीवाल

-मुख्यमंत्री ने कहा, झूठ बोलकर सिसोदिया को बदनाम कर रहे -दिल्ली में कोई शराब घोटाला नहीं होने का दावा किया नई दिल्ली, 08 जुलाई: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईडी द्वारा पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की अटैच की गई संपत्ति पर झूठ फैलाने पर भाजपा शासित केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि ईडी-सीबीआई के सहारे प्रधानमंत्री आम आदमी पार्टी की सरकार के काम में अड़ंगा लगा रहे हैं। त्यागराज स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों के सवाल पर केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कोई शराब घोटाला नहीं हुआ है। आम आदमी पार्टी वाली दिल्ली सरकार शानदार काम कर रही है। यही वजह है कि झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं। शुक्रवार शाम खबर फैलाई कि ईडी ने सिसोदिया की 52 करोड़ की संपत्ति जब्त की, जबकि जब्त की गई संपत्ति में सिर्फ दो फ्लैट और एक बैंक अकाउंट है। वह संपत्ति 2018 से पहले की है, जिसका आबकारी नीति से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संपत्ति का आयकर विभाग व चुनावी शपथ पत्र में दोनों जगह जिक्र किया गया है। इसका तथाकथित शराब मामले से कोई लेना-देना नहीं है। हम बीते एक साल से कह रहे हैं कि आबकारी नीति में कोई भी घोटाला नहीं हुआ है। केंद्र का एक ही मकसद है कि ईडी-सीबीआई और पुलिस की मदद से किसी भी तरह दिल्ली सरकार के कामों को रोक जाए। अध्यादेश पर कांग्रेस के रुख का इंतजार बैंगलुरू में होने वाली गैर भाजपा राजनीतिक दलों की बैठक में शामिल होने के सवाल पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमें कांग्रेस के रुख का इंतजार है। विपक्षी दलों की अगली बैठक में शामिल होने के लिए हमारे पास निमंत्रण आया है। पिछली बार जब पटना में बैठक हुई थी, तब कांग्रेस ने कहा था कि संसद सत्र शुरू होने से 15 दिन पहले सार्वजनिक तौर पर घोषणा कर देगी कि वो इस अध्यादेश के खिलाफ है। संसद में अध्यादेश के खिलाफ वोट डालेंगे। हम कांग्रेस की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।

भाजपा ने अरविंद केजरीवाल पर साधा निशाना, कहा- आप के भ्रष्ट आचरण की सूची लंबी

नई दिल्ली, 08 जुलाई: भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय राजनीति के स्वयंभू ‘कट्टर ईमानदार’ आए दिन अपने नए रंग दिखा रहे हैं। शराब घोटाले से लेकर बिजली घोटाले तक, आप के भ्रष्ट आचरण की सूची लंबी है। शनिवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि दिल्ली सरकार में किसी भी उचित प्राधिकारी की अनुमति के बिना कोई नियुक्ति नहीं हो सकती है। इसके बावजूद केजरीवाल ने अपने चहेते लोगों को उपकृत किया, उन्हें अपने स्वार्थी उद्देश्यों को पूरा करने के लिए नियुक्त किया, अपना खजाना भरने के साथ-साथ उनकी तिजोरियां भी भरीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल ने लगभग 437 नियुक्तियां रद्द कीं। जो पहली लिस्ट सार्वजनिक रूप से सामने आई तो वो 116 लोगों की थी। उन 116 लोगों की जब जानकारी इकट्ठा करनी शुरू की तो आधी रात तक सबके सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट हो गए। ऐसे कई लोगों के नाम सामने आए हैं, जो तनख्वाह सरकार से पा रहे हैं लेकिन काम अरविंद केजरीवाल के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये वो पार्टी है, जिसने शपथ पत्र पर लिखा था कि हम मकान, वाहन और सुरक्षा नहीं लेंगे। आज वो सरकारी खजाने का लगातार दुरुपयोग कर रहे हैं। अब उनका एक नए प्रकार का किरदार दिख रहा है, जिसमें अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को सरकारी तनख्वाह पर नियुक्त करना और उनसे सरकारी पद पर रहते हुए पार्टी का काम करवाना शामिल है। पहले शराब के कारोबार में उनका किरदार दिखा, फिर बिजली के व्यापार में और उसके बाद अदालत के अंदर एवं भ्रष्टाचारियों के साथ सरोकार में भी उनका किरदार दिखा।

दिल्ली: युवक ने मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर जान दी

नई दिल्ली, 08 जुलाई : दिल्ली मेट्रो के कैलाश कॉलोनी स्टेशन पर शनिवार सुबह 25 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर मेट्रो रेल के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान अजय अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो ईस्ट ऑफ कैलाश का रहने वाला था। उसने कहा कि अजय के शव को मेट्रो पटरी से हटाकर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा किए जा रहे हैं। उसने कहा कि घटना से मेट्रो परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। पुलिस ने कहा कि दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा-174 (आत्महत्या जैसे मामलों में पुलिस का जांच करना और रिपोर्ट देना) के तहत कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

दिल्ली के अंबेडकर नगर में गिरा निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा, पांच लोग दबे

नई दिल्ली, 06 जुलाई: दिल्ली के अंबेडकर नगर पुलिस स्टेशन एरिया में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। दक्षिणपुरी में दो मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिर गई, जिसमें कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। फिलहाल मौके पर पुलिस के कर्मचारी मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार, शाम लगभग 4.24 बजे अंबेडकर नगर थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। बताया गया कि जे-ब्लॉक, डीडीए मार्केट, दक्षिणपुरी में दो मंजिला निर्माणाधीन एक इमारत की ढह गई। बताया जा रहा है कि इसमें 3-4 लोगों के फंसे होने की आशंका है। फिलहाल सूचना मिलते ही मौके पर डीएफएस और पुलिस के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

लोनी गोल चक्कर के पास डीटीसी बस से टकराई ईको वैन, तीन की मौत

नई दिल्ली, 06 जुलाई : उत्तर पूर्वी जिले के ज्योति नगर इलाके में गुरुवार दोपहर एक इको वैन सड़क का डिवाइडर फांद कर दूसरी दिशा से आ रही डीटीसी बस से टकरा गई। हादसा लोनी गोल चक्कर के पास फ्लाईओवर के ऊपर हुआ। घटना के दौरान डीटीसी बस भजनपुरा से नंद नगरी जा रही थी, जबकि ईको वैन विपरीत दिशा से जा रही थी। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को नजदीक के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया है। पुलिस की मानें तो टैक्सी के रूप में चल रही वैन में करीब 11 लोग सवार थे। एक मृतक की पहचान सविता (55) के रूप में हुई है जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घायलों में ईको वैन चालक मोती सिंह (35) के अलावा नितेश (25), रीना (42), मंजूर अंसारी (35), नंद किशोर (45) और तीन नाबालिग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।