नांगलोई स्थित उद्योग नगर फैक्टरी में लगी आग

नई दिल्ली, 30 जुलाई : बाहरी दिल्ली के नांगलोई स्थित उद्योग नगर में एक फैक्टरी में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। मामले की सूचना मिलते ही लोकल पुलिस के साथ ही दमकल की 16 गाड़िया मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। दमकल विभाग के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9.30 बजे सूचना मिली कि-जे-10 उद्योग नगर स्थित एक फैक्टरी में आग लग गई है। सूचना मिलते ही एक-एक कर दमकल की 16 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। फिलहाल दमकल विभाग कूलिंग का काम कर रही है।

मोहर्रम के दौरान नांगलोई हंगामे में पुलिस ने तीन अलग-अलग दर्ज किए केस

नई दिल्ली, 30 जुलाई : बाहरी दिल्ली के नांगलोई इलाके में ताजिया जुलूस के दौरान हंगामे में पुलिस ने तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है। पहला केस सूरजमल स्टेडियम में हुए हंगामे में नांगलोई एसएचओ प्रभु दयाल के बयान पर हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ है। वहीं दूसरा घटना स्थल-नांगलोई चौक पर हुए बवाल में कानून एवं व्यवस्था के इंस्पेक्टर नानग राम के बयान पर सरकारी काम में बाधा, तोड़-फोड़ व हंगामा करने का मामला दर्ज किया है। इसी क्रम में तीसरी एफएआईआर घटना स्थल-नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास बस में तोड़-फोड़ व हमला करने के मामले में हेडकांस्टेबल मुकेश कुमार के बयान पर दर्ज की गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की माने तो घटना में हंगामा करने व तोड़-फोड़ करने वाले करीब 600 से ज्यादा लोगों की पहचान की गई है। जिन्हें पुलिस जल्द ही हिरासत में लेगी। उल्लेखनीय है कि शनिवार शाम मोहर्रम के मौके पर ताजिया निकाला जा रहा था। ताजिया के जुलूस में शामिल कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इस वजह से अचानक भगदड़ मच गई। पथराव में कई लोग घायल भी हुए। इस दौरान हालत हो संभालने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज शुरू कर दी। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने माहौल को पूरी तरह से शांत किया और दर्जनों लडकों को हिरासत में लिया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज करके सौ से ज्यादा मोबाइल फोन से बनाई वीडियो और सोशल मीडिया पर अपलोड वीडियो को भी जब्त किया है। पुलिस वीडियो की सहायता से हुड़दंगियों की पहचान करके उनके ठिकानों पर छापेमारी कर उनको पकड़ने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि जुलूस में शामिल लोग ताजिया को सूरजमल स्टेडियम के अंदर ले जाना चाहते थे, लेकिन स्टेडियम का गेट बंद था। इस कारण पुलिस जुलूस में शामिल लोगों को अंदर जाने से मना कर रही थी। इसी बात पर जुलूस में शामिल लोग भड़क गए और पथराव शुरू कर दिया। स्थिति यह हो गई कि बस में सवार यात्रियों को सीट के नीचे छुप कर अपनी जान बचानी पड़ी।

राजधानी के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में गमगीन माहौल में मनाया गया यौम-ए-आशूरा

-मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में जगह-जगह से निकाला गया अजादारी का जुलूस नई दिल्ली, 29 जुलाई : राजधानी दिल्ली के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में मुहर्रम की 10वीं तारीख (यौम-ए-आशूरा) को गमगीन माहौल में मनाया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में ताजियों का जुलूस निकालकर मातम भी किया गया। ऐतिहासिक जामा मस्जिद और उसके आसपास के इलाकों से निकला अज़ादारी का जुलूस काला महल, चितली कबर, मटिया महल होते हुए जामा मस्जिद, चावड़ी बाजार, अजमेरी गेट, पहाड़गंज, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, कनॉट प्लेस, जनपथ, जामा मस्जिद, तुगलक रोड, सफदरजंग मदरसा होते हुए कर्बला ज़ोरबाग पर जाकर संपन्न हुआ। जुलूस में पुरानी दिल्ली के विभिन्न मोहल्लों के ताज़िए शामिल हुए। इस अवसर पर दरगाह पंजा शरीफ कश्मीरी गेट में मजलिस-ए-अज़ा का आयोजन किया गया। इसमें मरसिया ख्वानी और मातम किया गया। यहां पर बड़ी तादाद में शिया मुसलमानों ने भाग लेकर शोक व्यक्त किया। इसके अलावा यमुनापार के विभिन्न क्षेत्रों सीलमपुर, मुस्तफाबाद, जाफराबाद, वेलकम, सीमापुरी, नंदनगरी, शाहदरा, झील, खुरेजी, गीता कॉलोनी, लक्ष्मी नगर, शकरपुर, त्रिलोकपुरी, कल्याणपुरी, मयूर विहार आदि क्षेत्रों में ताजियों के साथ मातमी जुलूस निकाले गए। दिल्ली का सबसे प्राचीन माना जाने वाला लकड़ी का ताजिया दरगाह हजरत निजामुद्दीन से हर साल की तरह इस बार भी रंग-रोगन करके जुलूस की शक्ल में निकाला गया। यह ताजिया बादशाह तैमूर लंग के जमाने का बताया जाता है। इस ताज़िए को कर्बला जोरबाग पर जाकर दफन किया गया। दक्षिण दिल्ली के मदनगीर, दक्षिणपुरी, खानपुर, संगम विहार, हमदर्द नगर, तिगड़ी, बत्रा आदि क्षेत्रों से भी ताजियों और मातमी जुलूस निकाला गया और ताजियों को दक्षिणपुरी के कब्रिस्तान में दफन किया गया। ओखला के मदनपुर खादर, बटला हाउस, जामिया नगर, अबूल फजल एनक्लेव आदि में भी ताजियों का जुलूस निकाला गया। हौज रानी, मालवीय नगर, महरौली में भी ताजियों का जुलूस निकाला गया। मुहर्रम (यौम-ए-आशूरा) का दिन इस्लामी इतिहास में गमों से भरा है। इस दिन पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन को कर्बला के मैदान में उस समय के शासक यजीद की सेना ने उनके 72 साथियों के साथ शहीद कर दिया था। मुसलमान इसी की याद को ताजा करने के लिए हर साल मुहर्रम मनाते हैं। मुहर्रम की दसवीं तारीख को यौम-ए-आशूरा कहा जाता है। इस दिन मातम व मरसिया ख्वानी करके हजरत इमाम हुसैन-हसन और उनके साथियों की कुर्बानी को याद किया जाता है।

दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक तेज बारिश का अलर्ट

-यूपी के 50 से ज्यादा जिलों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी की जारी नई दिल्ली, 29 जुलाई: देश के कई राज्यों में इन दिनों बारिश हो रही है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार से हो रही बारिश ने लोगों की दिक्कतों को बढ़ा दिया है। रुक-रुककर हो रही बारिश से यहां हालात बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बता दें मौसम विज्ञान विभाग ने अभी और दो से तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके साथ ही आईएमडी ने हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा में शनिवार को अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की आशंका है। वहीं इसके अलावा महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, कर्नाटक में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं मौसम विभाग ने उत्तराखंड के देहरादून, बागेश्वर और चमोली में शनिवार को भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही प्रदेशभर के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में 29 से 31 जुलाई तक भारी बारिश का यलो अलर्ट है। इसके साथ ही अगले कुछ दिनों तक उत्तराखंड के कई इलाकों में बिजली चमकने और मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला फिर से शुरू हो चुका है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही यूपी के 32 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

प्रगति मैदान में इंडिया इंटरनेशनल फुटवियर मेला शुरू, केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने किया उद्धाटन

नई दिल्ली, 28 जुलाई : दिल्ली के प्रगति मैदान में तीन दिवसीय वार्षिक फुटवियर मेले की शुरुआत शुक्रवार से हो गई. कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन फुटवियर इंडस्ट्रीज ने प्रगति मैदान में अपने वार्षिक फुटवियर फेयर, इंडिया इंटरनेशनल फुटवियर फेयर 2023 के सातवें संस्करण की शुरुआत की. समापन रविवार को होगा. आईआईएफएफ 2023 एक वार्षिक मेला है, जिसका उद्देश्य भारत के फुटवियर की समृद्ध विरासत को सामने लाना और अंतरराष्ट्रीय मंच पर इसकी मौजूदगी को बढ़ाना है. सूक्ष्म, लघु और मध्यम उपक्रम मंत्री नारायण राणे ने इसका उद्धाटन किया. तीन दिवसीय मेले में कई ब्रांड ले रहे हिस्साः इन तीन दिनों के दौरान अलग-अलग कंपनी अपने प्रॉडक्ट्स की प्रदर्शनी लगाएगी. इंडस्ट्री के लिए सेमिनार का आयोजन होगा. इसके अलावा फैशन शो भी होगा. मेले में प्रॉडक्ट्स का प्रदर्शन करने वाली विभिन्न कंपनियां हिस्सा लेंगी. मेला फुटवियर सेक्टर में नए बिजनेस कनेक्शंस बनाने और नए-नए ट्रेंड्स की खोज करने वाला असाधारण प्लेटफॉर्म के रूप में जाना जाता है. इस साल मेला में एक्शन फुटवियर, रिलैक्सो फुटवियर, वाकारू इंटरनेशनल, वेलकम फुटवियर, वीकेसी फुटवियर, एशियन फुटवियर, रिलायंस फुटवियर, पैरागॉन और दूसरे ब्रैंड शामिल हो रहे हैं. सीआईएफआई के नेशनल प्रेसिडेंट वी. नौशाद ने कहा कि हम इंडिया इंटरनेशनल फुटवियर फेयर के सातवें संस्करण का उद्घाटन कर बेहद उत्साहित हैं. आईआईएफएफ ने भारतीय निर्माताओं और अंतरराष्ट्रीय विक्रेताओं के बीच मजबूत संबंध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इस साल के इवेंट में नए-नए ट्रेंड्स, अत्‍याधुनिक तकनीकों एवं स्थायी ट्रेंड्स को पेश किया जाएगा. मेले से भारतीय फुटवेयर उद्योग को मिलेगा बढ़ावाः आईआईएफएफ द्वारा भारत में फुटवियर इंडस्ट्री के भविष्य और दुनिया भर में भारतीय फुटवियर को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी. उद्घाटन के अवसर पर इंडस्ट्री के तमाम दिग्गजों ने नए-नए ट्रेंड्स और विकास, तकनीकी उन्नति के अलावा फुटवियर इंडस्ट्री की अपार संभावनाओं पर विचार रखे. ग्लोबल फुटवियर इंडस्ट्री में इनोवेशन, क्रिएटिविटी और नेटवर्किंग के तीन दिवसीय मेले का समापन 29 जुलाई 2023 को होगा. समापन समारोह में वाणिज्य और उद्योग, उपभोक्ता मामलों, खाद्य तथा सावर्जनिक वितरण और टैक्सटाइल के केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल शामिल होंगे.

स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को भेजा नोटिस, रॉड से मारकर लड़की की हत्या के मामले में मांगी रिपोर्ट

नई दिल्ली, 28 जुलाई : दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने मालवीय नगर में 25 वर्षीय लड़की की हत्या पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है. आयोग ने उन मीडिया रिपोर्टों पर स्वत: संज्ञान लिया है, जिनमें कहा गया है कि अरबिंदो कॉलेज, मालवीय नगर के पास एक व्यक्ति ने लड़की पर कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला किया था. इससे लड़की की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और आरोपी फरार हो गया. दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस से मामले में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है. आयोग ने दिल्ली पुलिस से मामले में की गयी एफआईआर और गिरफ्तारी की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है. उन्होंने कहा, ”पिछले 24 घंटों में दिल्ली में दो घटनाएं हुई हैं. डाबड़ी में एक लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गई. जबकि, मालवीय नगर में एक अन्य की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. दिनदहाड़े युवती की हत्या से पता चलता है कि राजधानी में महिलाएं और लड़कियां कितनी असुरक्षित हैं. राजधानी में कानून-व्यवस्था चरमराई हुई है. केंद्र सरकार महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अपराधों पर पुलिस की जवाबदेही क्यों तय नहीं कर पा रही है? यह वैसा ही है जैसे हर रोज अखबारों में लड़कियों के नाम बदलते हैं, लेकिन उनके खिलाफ अपराध बदस्तूर जारी रहते हैं. मैं केंद्र सरकार से केंद्र, दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस की एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाने का अनुरोध करती हूं, ताकि महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जा सके.”

शादी से इनकार करने पर मौसेरे भाई ने सिर पर लोहे की रॉड मारकर की हत्या

नई दिल्ली, 28 जुलाई : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हर रोज महिलाओं के साथ अपराध की खबरें सामने आती हैं, जहां मामूली बात और विवाद को लेकर महिलाओं या लड़कियों की हत्या कर दी जाती है। अब ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां 28 वर्षीय एक युवक ने अपनी मौसेरी बहन पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। दरअसल, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजकर आठ मिनट के आसपास जानकारी मिली थी कि अरबिंदो कॉलेज के पास विजय मंडल पार्क शिवालिक ए ब्लॉक पर एक लड़का एक लड़की को जान से मारकर भाग गया है। लड़की के पास एक लोहे की रॉड पड़ी थी। लड़की की पहचान नरगिस के रूप में हुई है जो दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेज कमला नेहरू से पढ़ाई कर रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना अरबिंदो कॉलेज के पास की है। आरोपित लड़की पर रॉड से हमला करने के बाद मौके से फरार हो गया था, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान इरफान (28) पुत्र ईसा खान निवासी संगम विहार के रूप में हुई है। इरफान का परिवार मूलरूप से औरैया का रहने वाला है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुलिस ने बताया कि नरगिस की हत्या करने वाला कोई और नहीं उसका मौसेरा भाई है जो उससे शादी करना चाहता था। लेकिन नरगिस के परिवार ने उनकी शादी से इनकार दिया था। इसके बाद लड़की ने उससे बात करना बंद कर दिया था, जिसके बाद आरोपित परेशान हो गया और लड़की के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, नरगिस ने इसी साल कमला नेहरू कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरी की थी और वह मालवीय नगर इलाके से स्टेनो की कोचिंग कर रही थी। डीसीपी साउथ चंदन चौधरी ने बताया कि “घटना पार्क के अंदर हुई है। मृतक लड़की कॉलेज की छात्रा है। इस पार्क में अक्सर कॉलेज के लड़के-लड़कियां आते रहते हैं। वह अपने किसी दोस्त के साथ पार्क में आई थी। लड़की के सिर पर चोट के निशान हैं। एक रॉड भी उसके शव के पास से मिली है। हम मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक सोमनाथ भारती विकास मंडल पार्क पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह डीडीए का पार्क है। डीडीए, लॉ एंड आर्डर और पुलिस केंद्र सरकार के अधीन है। लेकिन केंद्र सरकार अपने दायित्वों का निर्वहन करने में फेल हुई है, जबकि दिल्ली सरकार के अधीन शिक्षा, स्वास्थ्य, डीटीसी बस और रोड इत्यादि में उल्लेखनीय कार्य किया गया है।

दिल्ली में कॉलेज के बाहर लड़की पर रॉड से हमला, हत्या करने के बाद आरोपी फरार

नई दिल्ली, 28 जुलाई : दिल्ली के मालवीय नगर में लड़की पर किसी शख्स ने रॉड से हमला कर दिया। लड़की की हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक कॉलेज के बाहर लड़की के ऊपर रॉड से हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। शव के पास से पुलिस को रोड भी वरामद हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कंझावला मामला : सात आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश

नई दिल्ली, 27 जुलाई : इस साल एक जनवरी की सुबह कंझावला इलाके में युवती को कार के नीचे कई किलोमीटर तक घसीटने के आरोपियों के खिलाफ अदालत ने गुरुवार को आरोप तय कर दिए। इनमें से चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा चलाने के निर्देश दिए हैं। जबकि अन्य तीन आरोपियों पर झूठी जानकारी देने समेत अन्य आरोपों में मुकदमा चलेगा। रोहिणी स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नीरज गौड़ की अदालत ने कार में सवार अमित खन्ना, कृष्ण, मनोज मित्तल और मिथुन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 120बी (साजिश), 201 (सबूत मिटाना या अपराधी को शरण देने के लिए झूठी जानकारी देना), और 212 (आरोपी को शरण देना) के तहत आरोप तय किए। आरोपी अमित खन्ना पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का भी आरोप है। अदालत ने तीन अन्य सह आरोपियों आशुतोष भारद्वाज, अंकुश और दीपक खन्ना को आपराधिक साजिश के आरोप से मुक्त कर दिया, लेकिन उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 182 (झूठी जानकारी देना), 34 (साझा मंशा), 201 और 212 के तहत आरोप तय करने का निर्देश दिया। 14 अगस्त को लगेगी आधिकारिक मुहर अदालत ने आरोपियों के खिलाफ गुरुवार को आरोप तय करने की घोषणा की है। जबकि आधिकारिक तौर पर मुहर लगाने के लिए 14 अगस्त की तारीख तय की गई है। इस तारीख के बाद गवाहों के बयान दर्ज होने की प्रक्रिया शुरु होगी। अदालत ने अभियोजन पक्ष को यह भी कहा कि वह गवाहों को सिलसिलेवार पेश करने के हिसाब से सूची भी पेश करे। यह है मामला नववर्ष पर कंझावला इलाके में 20 वर्षीय युवती के कार में फंसने के बाद उसे काफी दूर तक घसीटा गया था। कार के नीचे फंसने और गड्ढों में घसीटे जाने की वजह से युवती की कमर का हिस्सा खत्म हो गया था। अधिक रक्त प्रवाह के कारण उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने दीपक खन्ना, अमित खन्ना, कृष्ण, मिथुन और मनोज मित्तल को दो जनवरी को गिरफ्तार किया था। सह आरोपी आशुतोष भारद्वाज और अंकुश को बाद में एक मेट्रोपोलिटिन मजिस्ट्रेट की अदालत ने ज़मानत दे दी थी, जबकि मौजूदा अदालत ने दीपक खन्ना को 13 मई को राहत दी। दिल्ली पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ एक अप्रैल को 800 पन्नों का आरोप पत्र दायर किया था और बाद में मामला सत्र अदालत को भेजा दिया था। युवती की सहेली है चश्मदीद गवाह इस मामले में 20 वर्षीय युवती की सहेली चश्मदीद गवाह है। अभियोजन पक्ष ने आरोपपत्र में मृतका की सहेली को महत्वपूर्ण गवाह बनाया है। पुलिस के मुताबिक यह सहेली घटना के समय उसके साथ थी। घटना से पहले वह मृतका की स्कूटी से उतरी थी। तभी युवती की स्कूटी आरोपियों की कार में फंस गई। यह बहुत डर गई थी और मौके से अपने घर चली गई थी। हालांकि जांच के दौरान पुलिस ने इस युवती के बयान दर्ज किए और उसके बयानों को आरोपपत्र का अहम हिस्सा बनाया है।

दिल्ली में तेजी से फैल रहा आई फ्लू, एम्स ने बचाव के लिए जारी किया दिशा निर्देश

नई दिल्ली, 27 जुलाई: इन दिनों आई फ्लू का संक्रमण फैला हुआ है। इसके मद्देनजर एम्स ने बृहस्पतिवार को ट्वीट कर आई फ्लू से बचाव के लिए दिशा निर्देश जारी किया है। एम्स के आरपी सेंटर के कम्युनिटी नेत्र विज्ञान विभाग द्वारा तैयार इस दिशा निर्देश में कहा गया है कि गर्मी के मौसम के अंत और मानसून के शुरुआत में यह बीमारी फैलती है। मक्खियों से होता संक्रमण इस मौसम में मक्खियों की अधिकता के कारण यह संक्रमण होता है। इसलिए वातावरण को साफ रखना जरूरी है। साथ ही इन दिनों स्विमिंग पूल में जाने से परहेज करना चाहिए। स्विमिंग पूल में स्नान करना भी आई फ्लू का कारण बन सकता है। आई फ्लू के यें हैं लक्षण एम्स द्वारा जारी दिशा निर्देश में कहा गया है कि आई फ्लू के संक्रमण से एक या दो दिनों में आंख लाल व चिपचिपी हो जाती है। इसके अलावा आंखों में सूजन हो जाती है। इस वजह से आंखों में खुजली व पीले रंग का पानी आने की समस्या होती है। बच्चों को आई फ्लू के साथ बुखार भी हो सकता है। यह बीमारी एक आदमी से दूसरे आदमी में फैलता है। मक्खियां इस बीमारी को अधिक फैलाती हैं। अंगुलियों और कपड़ों से भी यह बीमारी फैलती है। इस बीमारी से आंख की रोशनी को नुकसान नहीं होता है। इसका संक्रमण होने पर साफ और ठंडे पानी से बार-बार आंखें धोना चाहिए। आंखों की सफाई के लिए साफ रुमाल इस्तेमाल करना चाहिए। काले चश्मे का इस्तेमाल करें। एम्स की ओर से दी गई सलाह कॉन्टेक्ट लेंस का इस्तेमाल न करें। ज्यादातर लोगों को अक्सर बगैर दवा के संक्रमण कम हो जाता है। आंख में लाली तीन दिन से अधिक रहने पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। खुद दुकान से दवा लेकर आंख में न डालें। डाक्टर की सलाह से ही दवा इस्तेमाल करना चाहिए। आंख को बार-बार हाथ से न छूएं। हाथ को साबुन से साफ करें। अपना तौलिया व रूमाल अलग रखना चाहिए। दूसरे व्यक्तियों को इसका इस्तेमाल न करने दें। संक्रमण से बचाव के लिए वातावरण साफ रखना चाहिए। भीड़ वाले इलाकों में जाने से बचना चाहिए। आई फ्लू होने पर स्विमिंग पूल में न जाएं।