पटना, 04 अगस्त : पूर्व मध्य रेलवे के क्यूल-झाझा रेलखंड पर जमुई रेलवे स्टेशन के एक नंबर प्लेटफार्म के पास शुक्रवार को एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे अलग हो गये। मालगाड़ी का कपलिंग खुल जाने के कारण कोयला लदे मालगाड़ी के तीन डिब्बे अलग हो गये। जिससे अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि झाझा की ओर से आ रही एक मालगाड़ी जिस पर कोयला लदा हुआ था जिसके पीछे के तीन डिब्बे गाड़ी से अलग हो गए। इंजन से जुड़े डिब्बे आगे की ओर रवाना हो गए। ट्रेन की रफ्तार अधिक नहीं होने के कारण तीन डिब्बे जमुई स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर थोड़ी दूरी पर जाकर रुक गए। हालांकि कुछ मिनटों में ही तीनों डिब्बे को जोड़कर मालगाड़ी को रवाना कर दिया गया। इस दौरान प्लेटफार्म पर ट्रेन पकड़ने के लिए आए यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस मामले में जमुई स्टेशन के अधिकारी कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कोयला लदी मालगाड़ी झाझा की ओर से आ रही थी। जो लुप लाइन होते हुए आगे स्टेशन की ओर जा रही थी तभी मालगाड़ी का कपलिंग खुल जाने के कारण तीन डिब्बे अगल हो गए। इसकी सूचना तुरंत मालगाड़ी के ड्राइवर को दी गई और गाड़ी को रुकवा कर मालगाड़ी को बैक किया गया। वहीं 10 मिनट में दोनों अलग हुए डब्बे के कपलिंग को जोड़कर मालगाड़ी को आगे बढ़ाया गया। इस दौरान कोई नुकसान नहीं हुआ ना ही किसी ट्रेन की प्रभावित होने की सूचना है।
अमृत उद्यान आम जनता के लिए 16 अगस्त से दोबारा खुलेगा : राष्ट्रपति भवन
नई दिल्ली, 03 अगस्त : राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध अमृत उद्यान इस साल दूसरी बार 16 अगस्त से आम जनता के लिए खुलेगा। एक अधिकारी ने कहा, ”यह पहली बार है कि उद्यान को एक साल में दूसरी बार खोला जा रहा है।” उद्यान उत्सव-1 के तहत इस साल 29 जनवरी से 31 मार्च तक अमृत उद्यान खोला गया था और 10 लाख से अधिक लोग उद्यान में आए थे। राष्ट्रपति भवन द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में कहा गया है, ”उद्यान उत्सव-2 के तहत अमृत उद्यान एक महीने (सोमवार को छोड़कर) के लिए 16 अगस्त 2023 से जनता के लिए खुलेगा। पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर इसे खासतौर पर शिक्षकों के लिए खोला जाएगा।” बयान के अनुसार, उद्यान उत्सव-2 का मकसद गर्मियों में खिलने वाले फूलों को प्रदर्शित करना है। इस उत्सव के दौरान सरकारी स्कूल के छात्र निशुल्क उद्यान में आ सकते हैं। पर्यटक सुबह 10 बजे से शाम पांच (आखिरी प्रवेश शाम चार बजे) तक उद्यान आ सकते हैं और प्रवेश नॉर्थ एवेन्यू के समीप राष्ट्रपति भवन के गेट नंबर 35 से होगा। इसके लिए राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट पर सात अगस्त से ऑनलाइन बुकिंग करायी जा सकती है।
नूंह हिंसा: सुप्रीम कोर्ट ने नफरती भाषण देने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दिए आदेश
नई दिल्ली, 02 अगस्त : दिल्ली की सीमा से लगे हरियाणा में सांप्रदायिक हिंसा में छह लोगों की मौत हो जाने के मद्देनजर उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाने तथा नफरती भाषण देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए। हालांकि, शीर्ष अदालत ने विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के मार्च पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। नफरती भाषण से माहौल खराब होने का जिक्र करते हुए न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति एस.वी. भट्टी की पीठ ने संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी अदेश दिया। पीठ ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद और विश्वास है कि पुलिस अधिकारियों सहित राज्य सरकारें यह सुनिश्चित करेंगी कि किसी भी समुदाय के खिलाफ नफरत भरे भाषण न दिए जाएं और किसी तरह की हिंसा न हो, या संपत्ति को नुकसान न पहुंचाया जाए। और जहां भी आवश्यकता होगी, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल या अर्धसैनिक बल तैनात किये जाएंगे।” शीर्ष अदालत ने केंद्र की ओर से पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस.वी. राजू को निर्देश दिया कि वे तुरंत अधिकारियों से संपर्क करें और सुनिश्चित करें कि अब कोई अप्रिय घटना न हो। राजू ने निर्देश लेने के लिए अदालत से समय मांगा। इसके बाद शीर्ष अदालत ने मामले की सुनवाई शुक्रवार के लिए निर्धारित कर दी। पत्रकार शाहीन अब्दुल्ला की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता सी.यू. सिंह ने अदालत से कहा कि दक्षिणपंथी संगठनों विहिप और बजरंग दल द्वारा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के विभिन्न हिस्सों में 23 प्रदर्शनों की घोषणा की गई है, जिसके बाद शीर्ष अदालत ने यह आदेश पारित किया। याचिकाकर्ता के वकील ने प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ के समक्ष मामले का उल्लेख किया और तत्काल सुनवाई की मांग की, जिसके बाद इसे न्यायमूर्ति खन्ना और न्यायमूर्ति भट्टी की पीठ को सौंपा गया। गौरतलब है कि 31 जुलाई को भीड़ द्वारा विहिप के जुलूस को रोकने की कोशिश के बाद नूंह में भड़की सांप्रदायिक हिंसा में दो होम गार्ड सहित छह लोगों की मौत हो गई। राज्य सरकार के अनुसार, हिंसा के सिलसिले में अब तक 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हरियाणा के कुछ जिलों में हिंसा की घटनाओं को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हरियाणा के नूंह तथा गुरुग्राम में साम्प्रदायिक हिंसा के खिलाफ बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर प्रदर्शन किए, जिससे शहर के कई हिस्सों में यातायात अवरूद्ध हो गया। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में बजरंग दल के समर्थक निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन के समीप हनुमान चालीसा पढ़ते देखे जा सकते हैं। बाद में, उन्होंने विकास मार्ग को अवरुद्ध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें हटा दिया।
बाबा साहब डॉ अंबेडकर के नाम पर रखेंगे स्कूल का नाम : मुख्यमंत्री
-मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किया स्कूल का उद्घाटन -स्कूल में 62 क्लासरूम, 4 लैब, 2 लाइब्रेरी समेत सभी जरूरी सुविधाएं मौजूद नई दिल्ली, 02 अगस्त : संगम विहार-देवली इलाके के लोगों को विश्वस्तरीय सुविधा वाले नए स्कूल की सौगात मिली है। बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्कूल का उद्घाटन किया। इस दौरान स्कूल परिसर स्थित बाबा साहब डॉ अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। भूतल समेत चार मंजिला बने स्कूल में 62 क्लासरूम, 4 लैब, 2 लाइब्रेरी और लिफ्ट समेत सभी जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं। यहां दो पालियों में कक्षाएं चलेंगी। सुबह लड़कियों व शाम की पाली में लड़कों की कक्षाएं होंगी। छात्रों को साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स स्ट्रीम के साथ वोकेशनल विषयों की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि घनी आबादी वाले इलाके में स्थित इस स्कूल से काफी बच्चों को लाभ मिलेगा। पहले छात्रों को सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने के लिए 3-4 किलोमीटर दूर तुगलकाबाद एक्सटेंशन जाना पड़ता था। इस नए स्कूल के शुरू होने से बच्चों के पास एक दूसरा विकल्प भी होगा। उन्होंने कहा कि स्कूल का नाम भी बाबा साहब के नाम से होना चाहिए। इसका नाम बाबा साहब अंबेडकर के नाम पर रखेंगे। इस दौरान शिक्षा मंत्री आतिशी, स्थानीय विधायक प्रकाश जारवाल और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि पिछले आठ सालों में दिल्ली सरकार के स्कूलों में जो शिक्षा क्रांति आई है, उसी का नतीजा है कि दिल्ली सरकार के स्कूलों ने प्राइवेट स्कूलों को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि तीन साल में चार लाख से ज्यादा बच्चों ने प्राइवेट स्कूल छोड़कर दिल्ली सरकार के स्कूलों में दाखिला लिया है। लिफ्ट समेत सभी आधुनिक सुविधाएं मौजूद : भूतल समेत चार मंजिला बिल्डिंग का निर्माण ग्राम समाज की खाली भूमि पर किया गया है। वर्ष 2012 में ग्रामसभा ने स्कूल निर्माण के उद्देश्य से दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय को करीब 8494.59 वर्ग मीटर भूमि दी थी। दिल्ली सरकार ने स्कूल बिल्डिंग का निर्माण कार्य 2019 में शुरू किया और जुलाई 2023 में इसे पूरा कर लिया। कुल एरिया 8494.59 वर्ग मीटर में से 5957.48 वर्ग मीटर भूमि पर स्कूल की नई बिल्डिंग बनी है। बिल्डिंग तीन ब्लॉक में बटी है। इसमें 62 क्लासरूम हैं। इसके अलावा 4 लैब, 2 लाइब्रेरी, ऑफिस व स्टाफ रूम, गतिविधि रूम है। नई स्कूल बिल्डिंग के शुरू हो जाने से इलाके के 6 हजार से अधिक बच्चों को लाभ होगा।
दिल्ली में लिव इन में रहने वाली महिला की हत्या, बॉयफ्रेंड फरार
नई दिल्ली, 02 अगस्त : राजधानी दिल्ली में लिव इन रिलेशन में रहने वाली महिला की हत्या का मामला सामने आया है। घटना शहादरा के गीता कॉलोनी की है। महिला का शव उसके घर से बरामद किया गया है। घटना के बाद से ही उसका बॉयफ्रेंड फरार है। लोगों ने आशंका जताई है कि उसी ने हत्या की है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक महिला की उम्र 43 वर्ष बता जा रही है। आरोपित की पहचान दीपक के रूप में हुई है। दोनों लिव इन रिलेशन में रह रहे थे, लेकिन दो महीने पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद ये दोनों अलग-अलग रहने लगे थे। पुलिस के अनुसार जांच में यह बात भी सामने आई है कि मंगलवार को दीपक महिला से मिलने गया था। जब देर शाम पढ़ाई कर महिला का बेटा वहां पहुंचा तो वह वहां लहूलुहान पड़ी थी। इसके बाद बेटे ने घटना के बारे में पड़ोसियों के बताया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस महिला को अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आजादपुर मंडी पहुंच राहुल गांधी ने पूछा तोरी और टमाटर के दाम, जाना व्यापारियों का हाल
नई दिल्ली, 01 अगस्त : कांग्रेस नेता राहुल गांधी कई बार अपनी पहल से चौंका देते हैं. पहले भारत जोड़ो यात्रा, फिर ट्रक ड्राइवर के साथ सफर करते नजर आए. पिछले महीने उन्होंने हरियाणा के खेत में धान की रोपाई करती दर्जनों महिलाओं से मुलाकात की थी. इस दौरान उनको अपने घर बुलाकर उन्होंने भोजन भी करवाया. वहीं, कुछ महिलाओं ने चर्चा के दौरान राहुल गांधी से सब्जियों की बढ़ती कीमतों का जिक्र किया था. इसी कड़ी में मंगलवार को राहुल गांधी सुबह 4 बजे एशिया की सबसे बड़ी सब्जी मंडी आजादपुर पहुंचे, जहां पर सब्जी विक्रेताओं से मिलकर उनका हालचाल जाना. इसके बाद उन्होंने सब्जियों के रेट पूछे. राहुल गांधी को अपने बीच देखकर विक्रेता उत्साहित लगे. वे सबसे पहले डी ब्लॉक के हरी सब्जी बेचने वाले शेड में पहुंचे. वहां उन्होंने बिहार के रहने वाले तोरी विक्रेता मुकेश से उनका हाल जाना, फिर उन्होंने उनसे तोरी का रेट पूछा. इसके बाद राहुल गांधी ने उनसे पूछा कि आप कहां के रहने वाले हैं. जिसका जवाब मुकेश ने दिया कि वह बेगूसराय का रहने वाला है. इसके बाद वह आगे बढ़े और अन्य विक्रेताओं से मुलाकात करते हुए टमाटर शेड की तरफ गए. वहां पर एसपीएम टमाटर फर्म पर रहने वाले श्रवण भगत से टमाटर की बढ़ती हुई कीमतों के बारे में जानकारी ली. भगत ने बताया कि शिमला सहित दक्षिण भारत के राज्यों में हुई भारी बारिश की वजह से टमाटर के दामों में तेजी है. राहुल ने श्रवण भगत से उनका नाम पूछा और थोड़ी देर रुकने के बाद वे वहां से चले गए. बता दें, देशभर में बढ़ती महंगाई से आम और खास हर आदमी परेशान है. इस दशक में तो टमाटर और अदरक ने सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं. एक तरफ टमाटर दो सौ रुपये पार कर चुका है, तो वहीं अदरक तीन सौ रुपये किलो बिक रहा है. ये दोनों ही चीजें हर सब्जी का स्वाद बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं. 1 अगस्त को सब्जी के रेट सब्जी प्रतिकिलो (रुपए में) तोरी 50 शिमला मिर्च 120 गोभी 180 अदरक 320 हरी मिर्च 120 हरी धनिया 160 टमाटर 220 1 अगस्त को फलों के रेट फल प्रतिकिलो (रुपए में) सेव 150 आम 120 अमरूद 100 बबु घोषा 80 अनार 160 नासपति 80 मौसमी 80
महिला एवं बाल विकास मंत्री ने किया आंगनवाडी किचन का निरीक्षण
नई दिल्ली, 31 जुलाई : अपने सेंट्रलाइज्ड आंगनवाडी किचनों के जरिये दिल्ली सरकार प्रतिदिन दिल्ली में प्रतिदिन आठ लाख से ज्यादा महिलाओं और बच्चों तक पौष्टिक आहार पहुंचा रही है। इस कड़ी में सोमवार सुबह महिला एवं बाल विकास (डब्ल्यूसीडी) मंत्री आतिशी ने दक्षिणी दिल्ली में तिगड़ी स्थित एक सेंट्रलाइज्ड आंगनवाडी किचन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने खाना बनाने में इस्तेमाल हो रहे अनाज व अन्य सामग्रियों की जांच की। निरीक्षण के दौरान डब्ल्यूसीडी मंत्री आतिशी ने स्वयं खाकर खाने की गुणवत्ता की भी जांच की। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास मंत्री आतिशी ने कहा कि, केजरीवाल सरकार दिल्ली में हर जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों तक पौष्टिक आहार पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में सरकार 11 सेंट्रलाइज्ड किचनों के जरिए प्रतिदिन दिल्ली भर में 8 लाख बच्चों और महिलाओं तक पौष्टिक पका खाना और टेक होम राशन (टीएचआर) पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इन किचनों के जरिए हम गर्भवती महिलाओं, लैकटिंग माताओं और आँगनवाडियों में आने वाले 6 माह से 3 साल तक के बच्चों को बेहतर पोषण देने का काम कर रहे है और इस दिशा में ये सेंट्रलाइज्ड किचन अहम् भूमिका निभा रहे है। डब्ल्यूसीडी मंत्री आतिशी ने साझा करते हुए कहा कि, केजरीवाल सरकार के इस सेंट्रलाइज्ड किचन के जरिये दक्षिणी दिल्ली के 775 आँगनवाडियों में आने वाले 42, 000 से अधिक बच्चों व गर्भवती महिलाओं तक मुफ्त पौष्टिक आहार पहुंचाने का काम किया जाता है। साथ ही ये किचन प्रतिदिन अत्याधुनिक मशीनों के द्वारा जीरो ह्यूमन टच के साथ 6 माह से 3 साल तक के 20, 000 बच्चों तथा 8000 से ज्यादा महिलाओं के लिए टेक होम राशन तैयार किया जाता है। इसमें बच्चों के लिए पैक्ड पंजरी व गर्भवती महिलाओं और लैकटिक माताओं के लिए पैक्ड खिचड़ी प्रीमिक्स व सत्तू शामिल है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के साथ हमारा उद्देश्य हर जरूरतमंद बच्चों और माताओं तक पोष्टिक आहार पहुंचाना है ताकि विकासात्मक और महत्वपूर्ण सालों में उन्हें हर जरुरी पोषण मिल सके। उन्होंने कहा कि जन्म लेने से लेकर शुरूआती कुछ साल बच्चों के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते है ऐसे में उनकी नींव मजबूत हो और सही गति में शारीरिक और मानसिक विकास हो इस दिशा में सरकार हर जरुरी कदम उठा रही है।
नोरा ने जैकलीन के खिलाफ मानहानि मामले में दर्ज कराया बयान, कहा- मुझे बलि का बकरा बनाया गया
नई दिल्ली, 31 जुलाई: अभिनेत्री नोरा फतेही ने सोमवार को दिल्ली की एक अदालत के समक्ष उस आपराधिक शिकायत में अपना बयान दर्ज कराया जिसे उन्होंने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज के खिलाफ दायर की है। नोरा फतेही ने शिकायत में ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अपना नाम गलत तरीके से घसीटे जाने और उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाया है। कनाडाई नागरिक नोरा फतेही ने शिकायत में मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कपिल गुप्ता के सामने अपना बयान दिया। इस शिकायत में 15 मीडिया संगठनों को भी आरोपी बनाया गया है। नोरा फतेही ने जैकलीन फर्नांडीज और मीडिया घरानों पर फेक स्टोरीज के जरिए लोगों की नजरों में उनकी प्रतिष्ठा खराब करने का आरोप लगाया है। नोरा ने अदालत से कहा- उन्होंने मुझे सोना खोदने वाला कहा है। मुझ पर सुकेश चंद्रशेखर के साथ संबंध रखने का आरोप लगाया है। इससे मेरी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। मुझे काफी वित्तीय नुकसान भी उठाना पड़ा है। इसके साथ ही नोरा फतेही ने दावा किया कि सुकेश मनी लॉन्ड्रिंग मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। नोरा फतेही ने कहा- मुझे लगता है कि इस मामले में कुछ लोगों को बचाने के लिए मीडिया में मुझे बलि का बकरा बनाया गया। चूंकि मैं बाहरी हूं, इसलिए मुझे आसान लक्ष्य के रूप में इस्तेमाल किया गया है। मेरे करियर को जो नुकसान हुआ है, मैं उसके लिए मुआवजा चाहती हूं। आरोपों के कारण लंबे समय तक उत्पीड़न झेला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जैकलीन ने गलत इरादे से अपमानजनक बयान दिया था। मुझे बदनाम करने के लिए मीडिया घरानों द्वारा इसे प्रसारित किया गया था। नोरा फतेही ने दावा किया कि जैकलीन फर्नांडीज के लगाए आरोप कि उसे सुकेश से उपहार मिले थे, गलत थे। नोरा फतेही ने इस बात से भी इनकार किया कि उसे सुकेश से कोई लक्जरी कार मिली थी। शिकायत में कहा गया है- चूंकि शिकायतकर्ता ने कभी सुकेश से बात तक नहीं की, इसलिए जैकलीन फर्नांडीज के आरोप और मीडिया हाउसों द्वारा उसका प्रकाशन गलत है। अदालत ने 15 नवंबर को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी जैकलीन फर्नांडीज को जमानत दे दी थी। जैकलीन को गिरफ्तार नहीं किया गया था।
दिल्ली मेट्रो के नजफगढ़ स्टेशन पर एक व्यक्ति ट्रेन के आगे कूदा, मौके पर ही मौत
नई दिल्ली, 31 जुलाई : दिल्ली मेट्रो के नजफगढ़ स्टेशन पर सोमवार को ट्रेन के सामने कथित तौर पर कूदने से 31 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सोमवार को सुबह नौ बजकर 26 मिनट पर सूचना मिली कि एक व्यक्ति नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के सामने कूद गया है। मृतक की पहचान नजफगढ़ के प्रेम नगर निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई। अधिकारी ने बताया कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है। सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। कुमार उत्तराखंड के देवप्रयाग में ग्रंथपाल (लाइब्रेरियन) था। पुलिस ने बताया कि कुमार शादीशुदा था और उसकी एक बेटी है। पुलिस ने बताया कि आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम के मुताबिक, 15 से 20 मिनट में सेवाएं सामान्य हो गईं।
असोला भाटी में मनाया गया तीसरा वन महोत्सव कार्यक्रम – गोपाल राय
नई दिल्ली, 30 जुलाई : दिल्ली के पर्यावरण एवं वन मंत्री गोपाल राय द्वारा आज दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के असोला भाटी में रविवार को तीसरे ‘वन महोत्सव’ की शुरूआत की गई। कार्यक्रम के दौरान असोला भाटी वन्यजीव अभ्यारण्य के पर्यटकों के लिए ऑनलाइन पोर्टल (https://abwls.eforest.delhi.gov.in/index.aspx) की शुरुआत की गई। इस पोर्टल के द्वारा दिल्लीवासियों के लिए ऑनलाइन प्रवेश अनुमतियां जारी करना, वाहन क्षमता के अनुसार परमिट जारी करना, पेपरलेस टिकट, एडवांस बुकिंग, ऑनलाइन पेमेंट जैसी सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा, इस पोर्टल पर दिल्लीवासी असोला भाटी वन्यजीव अभयारण्य के बारे में जानकारी जैसे इकोटूरिज्म सर्किट, प्रवेश और निकास द्वार, अभ्यारण्य के खुलने और बंद होने का समय, छुट्टी के दिन, यहां पर मौजूद वनस्पति और जीवो सम्बंधित जानकारी भी इस पोर्टल के द्वारा पा सकेंगे। कार्यक्रम में दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के विधायक करतार सिंह तंवर, सही राम और नरेश यादव ; आरडब्लूए के सदस्य, पर्यावरण मित्र और विभिन्न स्कूलों के ईको क्लब के बच्चों और शिक्षकों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। केजरीवाल सरकार द्वारा इस साल 52 लाख से ज़्यादा पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके अलावा 50 लाख पौधा/झाड़ी एनडीएमसी द्वारा लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगो को विभाग द्वारा फ्री औषधीय पौधे भी बाटें गए। दिल्ली के पर्यावरण एवं वन मंत्री गोपाल राय द्वारा वन महोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत पौधरोपण करके की गई। उसके बाद उपस्थित लोगो, बच्चों और अध्यापको को सम्बोधित करते हुए उन्होंने बताया कि दिल्ली के अंदर प्रदूषण एक बड़ी चुनौती के रूप में हर समय मौजूद रहता है। हमारी सरकार बनने के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हमारी सरकार पर्यवरण और प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसी के चलते दिल्ली के प्रदूषण स्तर में पिछले 8 सालो में 30 प्रतिशत से ज़्यादा की कमी देखी गई है। साथ ही दिल्ली के अंदर हरित क्षेत्र (ग्रीन कवर) में काफी इज़ाफ़ा देखा गया है। प्रत्येक वर्ष वृक्षारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत दिल्ली सरकार द्वारा ग्रीन एक्शन प्लान के तहत राज्य में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाता है। इसी के चलते इस वर्ष समर एक्शन प्लान के 14 बिन्दुओ में शामिल वृक्षारोपण महाअभियान को गति देने के लिए 9 जुलाई को आईएआरआई पूसा से वन महोत्सव की शुरूआत की गई। जिसके बाद दूसरा वन महोत्सव पश्चिमी दिल्ली के द्वारका में मनाया गया। उसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए आज दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में हम तीसरा वन महोत्सव कार्यक्रम मना रहे है। अगले 4 हफ्तों तक दिल्ली की अलग-अलग लोकसभाओ में इस महोत्सव के तहत वृक्षारोपण का महाअभियान चलाया जाएगा। गोपाल राय ने बताया की दिल्ली के ग्रीन बेल्ट को बढ़ाने और दिल्ली के प्रदूषण को कम करने के लिए हर साल वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। केजरीवाल सरकार के दूसरे कार्यकाल यानी साल 2020 से जबसे हमारी सरकार बनी है 2022 – 23 तक 1 करोड़ 18 लाख पौधे लगाए गए है। इस वर्ष भी हमारी सरकार ने 52 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य को सभी 21 सम्बंधित विभागों की हरित एजेंसियो के द्वारा पूरा किया जाएगा। इसके अलावा 50 लाख पौधा/झाड़ी एनडीएमसी द्वारा लगाए जाएंगे। इस साल लगभग 6 लाख से ज़्यादा निःशुल्क पौधे किये जाएंगे वितरित : पर्यावरण एवं वन मंत्री गोपाल राय ने बताया कि सरकार के साथ दिल्ली वासियो का भी इस वन महोत्सव में सहयोग रहे इसी कारण सरकार द्वारा दिल्लीवासियों के लिए इस वन महोत्सव कार्यक्रम के बाद दिल्ली के विधायक एवं पार्षदों की सहभागिता से मुफ्त औषधीय पौधे पूरे 70 विधानसभाओ में वितरित करने का अभियान शुरू किया जाएगा। साथ ही दिल्ली की 14 सरकारी नर्सरियो से निःशुल्क औषधीय पौधे भी बाटें जाएंगे ताकि लोग अपने-अपने घरो में वृक्षरोपण कर दिल्ली के हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने में सहभागिता दे सकेंगे। इनमे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले औषधीय पौधे भी शामिल रहेंगे। इस साल लगभग 6 लाख से ज़्यादा निःशुल्क पौधे वितरित किये जाएंगे।