ओडिसा रेल हादसा: बिहार के यात्रियों को आवश्यक मदद पहुंचाने के लिए बालासोर गई चार सदस्यी टीम

40 यात्रियों को लाया जा रहा बिहार पटना, 04 जून: ओडिशा के बालासोर में बहनागा रेलवे स्टेशन के पास हुई भीषण ट्रेन दुर्घटना में बिहार के यात्रियों को आवश्यक मदद पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर बिहार के अधिकारियों की चार सदस्यीय टीम ओडिशा गयी है, जो राज्य सरकार, रेलवे तथा बालासोर जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करेगी। चार सदस्यीय टीम में श्रम संसाधन निदेशक श्याम बिहारी मीणा, मुजफ्फरपुर के रेल एसपी डॉ. कुमार आशीष, आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी अविनाश कुमार और एसडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट शहरयार शामिल हैं। आपदा प्रबंधन सचिव संजय कुमार अग्रवाल पूरी मामले की निगरानी कर रहे हैं। आपदा प्रबंधन विभाग ने इस घटना से संबंधित सूचना पाने के लिए हेल्पलाईन नम्बर जारी किया है। इस ट्रेन हादसे में सुरक्षित बिहार के लोगों को लाने के लिए सरकार ने प्रयास शुरू कर दिया है। फिलहाल प्रथम बैच में 40 यात्रियों को बस से वापस बिहार लाया जा रहा है। इसमें किशनगंज और सीतामढ़ी के दो-दो, अररिया के 24, दरभंगा के नौ, समस्तीपुर के तीन यात्री हैं। इस रेल दुर्घटना में अबतक बिहार के सात लोगों की मौत हो गई है। इसमें उत्तर बिहार के चार, नवादा के दो और जमुई के दो लोग हैं जबकि 36 से अधिक घायल हैं। दस लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो मधुबनी के झंझारपुर और एक लदनियां का है। पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा के पहले शख्स चिकनी गांव के राजा पटेल (25) हैं, जिनकी मौत की पुष्टि हो गई है। नवादा के रोह प्रखंड के मड़रा गांव के बद्री मांझी के पुत्र पप्पू मांझी की इस घटना में मौत हुई है। मड़रा पंचायत के मुखिया देवेंद्र प्रसाद मौत हुई है। साथ ही वहां के छह लोग घायल हैं। बेगूसराय के पांच लोग भी जख्मी हुए हैं। लापता लोगों में मधुबनी के बासोपट्टी के छह, पश्चिम चंपारण के दो, जुमुई व बिहारशरीफ के एक-एक हैं। इनके परिजन अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं। मृतकों व घायलों के परिजन शनिवार को ओडिशा के लिए रवाना हुए हैं। घायलों का इलाज चल रहा है।

सम्पूर्ण क्रांति दिवस के मौके पर धरना का होगा आयोजन

संवाददाता – मो.अशरफ बिहार/सारण, 4 जून: सारण जिले के गरखा प्रखंड के जलाल बसंत निवासी समाजसेवी व सारण जिला के राजद कार्यक्रम प्रभारी गुलाम गौस ने रविवार को सुबह 8 बजे बताया कि 5 जून 2023 को सम्पूर्ण क्रांति दिवस पर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जातीय जनगणना, नई शिक्षा नीति एवं बढ़ती महंगाई सहित जनसरोकार के मुद्दों को लेकर युवा राजद द्वारा जिला मुख्यालय के नगरपालिका चौक पर दिन मे 11 बजे से महाधरना का आयोजन किया गया है। साथ ही महाधरना को ऐतिहासिक बनाने हेटु लोगो से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील भी किया गया है। इस मौके पर राजद के जिला अध्यक्ष सुनील राय,गरखा प्रखंड अध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राय, दिनेश राय, राहुल कुमार यादव के साथ सैकड़ो राजद कार्यकर्ता बैठक में हुए शामिल।

राजद सुप्रीमो लालू यादव ने रेल हादसे की उच्च स्तरीय जांच की मांग की

केन्द्र सरकार ने रेल को चौपट कर दिया: लालू यादव पटना, 03 जून: ओडिशा के बालासोर के समीप शुक्रवार की देर शाम हुए भीषण रेल हादसे से पूरा देश सदमे में है। इस ट्रेन दुर्घटना को पूर्व रेल मंत्री और राजद सुप्रीमो लालू यादव ने लापरवाही का कारण बताया है। उन्होंने शनिवार को पटना में बयान देते हुए कहा कि लापरवाही की वजह से भीषण रेल हादसा हुआ है। साथ ही केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इन लोगों ने रेल को चौपट कर दिया है। लालू यादव ने अपने अनुभव शेयर करते हुए कहा कि कोरोमंडल ट्रेन चेन्नई जाती है। मैंने भी उस ट्रेन से यात्रा की है। इस ट्रेन बड़ी संख्या बिहार और पश्चिम बंगाल के लोग सफर करते है। हादसे में बड़ी संख्या में यात्री हताहत हुए हैं। पूरी तरह से लापरवाही बरती गई है। सावधानी नहीं बरता गया, जिस कारण कैजुअलिटी हुई है। जानकारी मिली है कि 800 लोगों की मौत हुई है। पूर्व रेल मंत्री लालू यादव ने इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इस हादसे के लिए जो लोग जिम्मेवार है उन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख का मुआवजा और घायलों को पांच लाख मुआवजा दिया जाये।

मैट्रिक कंपार्टमेंटल एग्जाम का रिजल्ट जारी, 59.59 फीसदी विद्यार्थी सफल

-सभी विषयों की परीक्षा में 3,279 विद्यार्थी हुए थे शामिल पटना, 03 जून : बिहार में दसवीं कंपार्टमेंटल परीक्षा का रिजल्ट शनिवार को जारी हो गया। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बोर्ड कार्यालय में रिजल्ट जारी किया। सभी विषयों की परीक्षा में 3,279 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिसमें 1954 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस प्रकार विशेष परीक्षा के तहत सभी विषयों की परीक्षा देकर 59.59 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस परीक्षा में 715 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी, 638 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी 377 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी और 224 विद्यार्थी पास श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। इसी प्रकार मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2023 के एक या दो विषयों में असफल विद्यार्थियों में 68,353 विद्यार्थी मैट्रिक कम्पार्टमेन्टल परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें 19,915 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, जिनकी उत्तीर्णता का प्रतिशत 29.14 फीसदी है। उल्लेखनीय है कि बिहार बोर्ड 10वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा का आयोजन 10 मई से 13 मई तक किया गया था। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित कराई गई थी।

बाढ़-सुखाड़ की संभावनाओं के मद्देनजर जिलाधिकारी पूरी तरह रहें अलर्ट : मुख्यमंत्री

-मुख्यमंत्री ने संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ के पूर्व तैयारियों की समीक्षा की पटना, 03 जून: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को लोक संवाद में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ के पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ और सुखाड़ दोनों की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग के अधिकारी और जिलाधिकारी पूरी तरह अलर्ट रहें। सीएम ने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग सतत अनुश्रवण करते रहें कि और क्या-क्या करने की जरूरत है ताकि लोगों को कोई दिक्कत नहीं हो। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी नदियों को आपस में जोड़ने की कार्ययोजना बनाएं। नदियों के गाद की उड़ाही एवं शिल्ट हटाने को लेकर तेजी से कार्य करें इससे बाढ़ का खतरा भी कम रहेगा और नदियों की जल संग्रहण क्षमता भी बढ़ेगी। साथ ही सिंचाई कार्य में और सुविधा होगी। सीएम नीतीश ने कहा कि भू-जलस्तर पर नजर रखें और पेयजल का इंतजाम रखें। हर घर नल का जल योजना से लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, इसे पूरी तरह मेंटेन रखें। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत जल संरक्षण को लेकर कार्य किए जा रहे हैं, इसकी भी निगरानी करें और इसे बेहतर ढंग से क्रियान्वित करें। निजी मकानों में भी लोगों को छत वर्षा जल संचयन के लिए प्रेरित करें। सीएम ने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष गर्मी ज्यादा है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी प्रकार की तैयारी रखें और लोगों को सचेत करें। आग लगने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, उससे बचाव के लिए त्वरित कार्रवाई करें। लू से बचाव के लिए भी सभी व्यवस्था रखें और लोगों को अलर्ट करें। हर चीज पर नजर रखनी है और पूरी तरह से सतर्क रहना है। मुस्तैदी के साथ सभी लोग लगे रहेंगे तो आपदा की स्थिति में लोगों को राहत मिलेगी। सीएम ने कहा कि सभी संबद्ध विभाग जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर वस्तु स्थिति की जानकारी लें और उसके आधार पर कार्य करे। डीएम अपने-अपने जिलों की स्थिति का आकलन करें उसके अनुसार सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण रखें। जिलाधिकारी क्षेत्रों में जाएं और वस्तु स्थिति की जानकारी लें। वे प्रखंड स्तर पर लोगों से मीटिंग करें और उन्हें सतर्क करें। जिलाधिकारी क्षेत्र में लोगों से बात करें और पिछले वर्षों में आपदा की स्थिति में किए गए कार्यों को भी ध्यान में रखते हुए आपदा से निपटने के लिए कार्ययोजना बनाएं। राज्य सरकार बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति में प्रभावितों को हरसंभव मदद करती है, इसे ध्यान में रखते हुए सभी संबद्ध विभाग और अधिकारी सतर्क रहें। बैठक में मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तिका ‘बाढ़ आपदा प्रबंधन के लिए मानव संचालन प्रक्रिया-2023’ का विमोचन किया। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अपने-अपने जिलों में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ के पूर्व तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। साथ ही आश्वस्त किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों से मिलेंगे, जमीनी स्थिति का आकलन करेंगे और उसके अनुसार समस्याओं का समाधान करेंगे।

शराबबंदी संबंधी चार लाख मुकदमे वापस लेकर आम माफी दे सरकार : सुशील मोदी

पटना, 01 मई: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्ससभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि पूर्ण मद्यनिषेध कानून को छह साल में जब इतना शिथिल कर दिया गया कि यह बेअसर हो चुका है तब राज्य सरकार को शराबबंदी संबंधी चार लाख से ज्यादा मुकदमों को वापस लेते हुए आम माफी का एलान भी कर देना चाहिए। श्री मोदी ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि शराबबंदी संबंधी मुकदमे वापस लेने से जहां दलित, पिछड़े और अतिपिछड़े वर्ग के लाखों गरीबों को राहत मिलेगी वहीं अदालतों पर मुकदमों का बोझ कम होगा। शराबखोरी के चलते जो लोग पहली बार जेल गए, उन्हें रिहा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले शराब पायी जाने पर वाहन जब्त करने का नियम था, फिर इसे शिथिल करते हुए वाहन बीमा राशि का 50 फीसद जुर्माने के तौर पर भरकर वाहन छोड़ने का नियम बना। अब बीमा राशि का मात्र 10 फीसद जमा कर शराब ले जाते पकड़ा गया वाहन छुड़ाया जा सकता है। भाजपा सांसद ने कहा कि नियमों में लगातार नरमी से भी साफ है कि राज्य सरकार पूर्ण शराबबंदी लागू करने में विफल है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में एक बोतल शराब मिलने पर मकान और वाहन जब्त करने का कानून था, आज शराब माफिया के दबाव में मामूली जुर्माना लगाने पर आ गए। श्री मोदी ने कहा कि अब बिहार में गुजरात की तरह परमिट व्यवस्था लागू करनी चाहिए ताकि बीमार लोगों को मेडिकल ग्राउंड पर और पर्यटकों के लिए सीमित मात्रा में शराब की आपूर्ति आसान हो सके। उन्होंने कहा कि यदि अपनी जिद छोड़ कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शराब की परमिट व्यवस्था लागू करें, तो राजस्व बढेगा, तस्करी पर अंकुश लगेगा और पर्यटन उद्योग में रोजगार के अवसर भी बढेंगे।

राजद ने संसद के नये भवन की तुलना ताबूत से की, भाजपा ने इसे शर्मनाक बताया

पटना, 28 मई: बिहार में सत्तारुढ़ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने संसद के नये भवन की तुलना ताबूत से की है, जिसकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इतनी शर्मनाक हरकत राजद और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ही कर सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को जब संसद के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन कर रहे थे तब राजद ने संसद के नये भवन की तस्वीर के साथ ताबूत की तस्वीर पोस्ट कर पूछा “यह क्या है।” राजद के इस तरह के ट्वीट की चौतरफा आलोचना हो रही है। भाजपा के राज्यसभा सदस्य और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राजद के ट्वीट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राजद ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक ओर नये संसद भवन का चित्र और दूसरी ओर मृतक को रखने वाले बक्सा यानी ताबूत का चित्र डाला है। पहला चित्र भारत का भविष्य है और दूसरा चित्र राजद का भविष्य दर्शाता है। श्री मोदी ने कहा कि भारत के गौरव दिवस पर इतनी शर्मनाक हरकत राजद और जदयू ही कर सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कहते हैं कि नए संसद भवन की जरूरत नहीं थी तो उन्हें बताना चाहिए कि पटना में ब्रिटिश कालीन म्यूजियम के रहते हुए एक हजार करोड़ रुपए खर्च कर नया म्यूजियम क्यों बनाया गया । इसी तरह श्री कृष्ण मेमोरियल भवन के रहते हुए बापू सभागार बनवाने की क्या आवश्यकता थी लेकिन सभी को श्री नरेंद्र मोदी से द्वेष और घृणा है इसलिए वह उनके हर कार्यों की आलोचना करते हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि भले ही आज विपक्ष के राजनीतिक दलों ने नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह का बहिष्कार किया है लेकिन कल जब संसद की बैठक होगी तब तो सभी को वहीं बैठना होगा। उन्होंने कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो वह ऐलान करें कि वह इस नए संसद भवन में कदम भी नहीं रखेंगे। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि राजद का कोई अपना स्टैंड नहीं है। भाजपा के साथ वर्षों रहकर राज करने वाले नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बना दिया है। उन्होंने कहा कि राजद के लोग ताबूत के बदले कोई और मिसाल दे सकते थे लेकिन वह हर चीज में कोई एंगल दे देते हैं।

नौनिहालों को दवा पिलाकर गरखा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

बिहार, 28 मई,संवाददाता:-मो.अशरफ:  सारण जिले के गरखा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आज रविवार की सुबह पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सर्वजीत कुमार ने किया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया की इस अभियान के तहत 0 से 5 साल तक के बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। यह अभियान 28 मई से 1 जून 2023 तक चलेगी।इस अवसर पर गरखा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हेल्थ मैनेजर अरुण कुमार, बीसीएम जावेद मंसूरी, प्रखंड प्रसार पदाधिकारी ब्रज माधव, महिला चिकित्सा पदाधिकारी मेहा कुमारी व अन्य कई कर्मचारी व पदाधिकारी मौजूद थे।

मिड-डे मील में निकला सांप, दर्जनों बच्चे खाना खाकर बीमार, एसडीएम ने कही ये बात

पटना, 27 मई: बिहार से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। मामला अररिया के फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के अमौना मध्य विद्यालय का है।। जहां एक सरकारी स्कूल के मिड-डे मील में बच्चों के खाने में सांप निकल गया। जिससे वहां मौके पर अफरा तफरी मच गई। जानाकरी के अनुसार इस खाने से करीब दर्जनों बच्चे बीमार हुए हैं। इस घटना के सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा है। एक एनजीओ की ओर से सप्लाई किए गए मिड-डे मील के खाने में सांप निकल गया। इस खाने को खाने से दर्जनों स्कूली छात्र-छात्राएं बीमार हो गए। इसके बाद आनन फानन में स्कूली बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की टीम ने बच्चों का इलाज किया और फिलहाल बच्चों को खतरे से बाहर बताया। वहीं, इस मामले की सूचना के बाद जिले से तमाम अधिकारी हॉस्पिटल जाकर बच्चों के साथ उनके परिजनों से भी मुलाकात की। इस घटना पर अररिया के एसडीएम सुरेंद्र कुमार ने कहा, ‘सभी बच्चे सुरक्षित और स्वस्थ हैं। खाने में सांप पाए जाने से थोड़ी अफरा-तफरी हुई थी लेकिन किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। जांच के लिए टीम गठित की जाएगी और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।’  

नये संसद भवन की ”कोई जरूरत नहीं”- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

पटना, 27 मई : नये संसद भवन के उद्घाटन का बहिष्कार करने के विपक्ष के आह्वान के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा कि नये संसद भवन की ”कोई जरूरत नहीं” है। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि नया संसद भवन उन लोगों द्वारा इतिहास लिखने की कोशिश है जिनका स्वतंत्रता संघर्ष में कोई योगदान नहीं था। कुमार ने इस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को आमंत्रित नहीं किए जाने पर भी निराशा जतायी। कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने घोषणा की है कि वह रविवार को नये संसद भवन के उद्घाटन समारोह का बहिष्कार करेगी। पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नये संसद भवन के उद्घाटन के विरोध में उस दिन यहां एक दिन का अनशन करेगी। मुख्यमंत्री ने यहां पत्रकारों से कहा, ”नये संसद भवन की कोई जरूरत नहीं है।…देश के स्वतंत्रता संघर्ष में जिन लोगों का कोई योगदान नहीं था वे इतिहास को तोड़ने-मरोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। यह काफी हैरान करने वाला है कि भारत के राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति को उद्घाटन समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया है।” पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को यहां पत्रकारों से कहा, ”जद(यू) का दृढ़ विश्वास के साथ यह मानना है कि राष्ट्रपति देश की संसदीय प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर हैं और नरेन्द्र मोदी सरकार को नये संसद भवन के उद्घाटन के लिए उन्हें आमंत्रित करना चाहिए था।”