रामचरितमानस पर राजद विधायक का विवादित बयान, भाजपा बोली- राजद के लोग विकृत मानसिकता से ग्रसित

पटना, 16 जून: बिहार के शिक्षा मंत्री और राजद नेता चंद्रशेखर द्वारा रामचरितमानस की कुछ चौपाइयों को लेकर उठाए गए सवाल के बाद राजद के एक और नेता ने रामचरितमानस के लिखने पर विवादास्पद बयान दे दिया है। भाजपा ने उनके बयान पर राजद के लोगों को ही विकृत मानसिकता वाला बताया है। राजद नेता और विधायक रीतलाल यादव ने कहा कि रामचरितमानस मस्जिद में बैठकर लिखी गई थी। रीतलाल यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज लोग एक-दूसरे को लड़ाने में लगे हुए हैं। लोग राम मंदिर की चर्चा करते हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास उठाकर देखिए कि रामचरितमानस मस्जिद में बैठकर लिखी गई। उस वक्त हमारा हिंदुत्व खतरे में नहीं था। जब इतने साल मुगलों ने राज किया, तब हिंदुत्व खतरे में नहीं था। उन्होंने आगे कहा कि जब मुस्लिम लड़की ने भागवत कथा कही, तब किसी ने नहीं कुछ कहा। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि उस वक्त क्यों नहीं उसे देश से भगा दिया। राजद विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि आप सच्चा हिंदू बनना चाहते हैं तो अपनी पार्टी से सभी मुस्लिमों को भगा दें। इधर, भाजपा ने ऐसे बयानों को राजनीतिक लाभ लेने वाला बताया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने ट्वीट कर इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजद के लोग विकृत और तुष्टीकरण की मानसिकता से ग्रसित हैं। राजनीतिक लाभ के लिए हिन्दू धर्म की भावनाओं को आहत करने से भी बाज नहीं आते हैं। उन्होंने राजद विधायक के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताया।

जीतन राम मांझी महागठबंधन सहयोगियों की ‘जासूसी’ कर रहे थे : नीतीश कुमार

पटना, 16 जून: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) पार्टी के संस्थापक जीतन राम मांझी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को लाभ पहुंचाने के लिये ‘महागठबंधन के सहयोगियों की जासूसी’ करने का आरोप लगाया और दावा किया कि महागठबंधन से उनका बाहर निकलना अच्छी बात है। नीतीश कुमार ने स्वीकार किया कि पूर्व मुख्यमंत्री मांझी 23 जून को होने वाली विपक्षी दलों की बैठक का हिस्सा बनना चाहते थे, लेकिन उन्हें (नीतीश को) डर था कि उनके (मांझी) द्वारा बैठक का विवरण भाजपा को लीक किया जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘वह (मांझी) भाजपा नेताओं के लगातार संपर्क में थे। उन्होंने हाल ही में कई भाजपा नेताओं से मुलाकात की थी। वह 23 जून को विपक्षी नेताओं की बैठक का हिस्सा बनना चाहते थे, लेकिन मुझे आशंका थी कि वह उन मुद्दों/मामलों को लीक कर सकते हैं जिन पर 23 जून को चर्चा की जाएगी।’ सोनबरसा विधानसभा सीट से जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक रत्नेश सदा के राज्य मंत्रिमंडल में शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘इसलिए, मैंने उनसे हम (सेक्यूलर) का जद (यूनाइटेड) में विलय करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं कर सकते, इस पर, मैंने उनसे महागठबंधन छोड़ने के लिए कहा। यह अच्छा है कि वह महागठबंधन छोड़कर चले गए।’ सोनबरसा विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रहे रत्नेश सदा ‘मुसहर’ जाति से हैं, उन्हें राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई। जीतन राम मांझी के पुत्र संतोष मांझी ने हाल ही में राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा देते हुए कहा था, ‘नीतीश कुमार की जद (यू) द्वारा हम (सेक्यूलर) का उसके जद (यू) में विलय करने का प्रस्ताव देने के बाद मैंने पार्टी को बचाने के लिये मंत्री पद छोड़ दिया।’ कुमार ने कहा, ‘हमारी पार्टी ने मांझी को बहुत कुछ दिया है। उनकी पार्टी को जद (यू) के कोटे से राज्य मंत्रिमंडल में मंत्री पद दिया गया था। इन सबके बावजूद… वह भाजपा नेताओं के संपर्क में थे।’ मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव समय से पहले होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, ‘इस बात की प्रबल संभावना है कि आम चुनाव अगले साल ना हों । ये पहले भी हो सकते हैं। इसलिए सभी विपक्षी दलों को आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा को हराने के लिए एक साथ आना चाहिए। हमें 23 जून की बैठक के बाद तैयारी शुरू करनी चाहिए।’

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में चूक, सुरक्षा घेरे में घुसे लहरिया कट बाइकर्स

पटना, 15 जून : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में एक बार फिर बड़ी चूक हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सात सर्कुलर रोड पर गुरुवार को मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इस दौरान उनके सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए लहरिया कट बाइकर्स अंदर घुस गये और मुख्यमंत्री के करीब से अपनी बाइक निकाली। बाइकर्स उनके इतने करीब से निकले कि उनसे बचने के लिए मुख्यमंत्री को फुटपाथ की तरफ जाना पड़ा। यह सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि वहां सीएम की सिक्योरिटी में मौजूद सुरक्षाकर्मी भी हक्के-बक्के रह गये। घटना के बाद सुरक्षाकर्मी सक्रिय हुए और बाइकर्स को हिरासत में ले लिया। सूचना के बाद पटना एसएसपी राजीव मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल दो बाइकर्स को पूछताछ के लिए सचिवालय थाना लाया गया है। पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर सात सर्कुलर रोड को बंद कर चेकिंग भी की है।

बिहार के खगड़िया में पत्नी और तीन बेटियों की हत्याकर फांसी लगाकर जान दी

पटना, 14 जून: बिहार में खगड़िया जिले के एकनियां में एक व्यक्ति ने मंगलवार आधीरात बाद डेढ़ बजे अपनी पत्नी पूजा देवी (32) तीन बेटियों सुमन कुमारी (18), आंचल कुमारी (16), रोशनी कुमारी (15) की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित मुन्ना यादव ने अपने दो बेटों की भी हत्या करने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह छुपकर अपनी जान बचा सके। बाद में मुन्ना ने पेड़ पर चढ़कर फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर एकनियां पहुंचे खगड़िया एसपी ने बताया कि मुन्ना यादव पर 2022 में एक जमींदार की हत्या का भी आरोप है। जमींदार की हत्या में मुन्ना यादव का भाई विमल यादव भी शामिल था। विमल यादव अभी जेल में हैं। मुन्ना यादव पुलिस रिकॉर्ड में फरार था। उन्होंने बताया कि पुलिस सामूहिक हत्याकांड की जांच कर रही है। बताया गया है कि मुन्ना यादव पर पत्नी थाने में सरेंडर करने का दबाव बनाती थी। वह बेटी की शादी करने की दुहाई देती थी। इस बात पर अक्सर पति-पत्नी में लड़ाई होती थी। मंगलवार को भी पत्नी से इस बात पर लड़ाई हुई थी।

पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के पुत्र संतोष सुमन ने नीतीश मंत्रिमंडल से दिया इस्तीफा

पटना, 13 जून: हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के पुत्र डॉ. संतोष सुमन ने आज नीतीश मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। डॉ.सुमन ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अपनी पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा का अस्तित्व बचाए रखने के लिए उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दिया है और अपना त्यागपत्र मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भेज दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में विलय करने का प्रस्ताव दिया गया था, जिसे हम लोगों ने नामंजूर कर दिया है और नीतीश मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के विकल्प को चुना है। हम नेता ने कहा कि उनकी पार्टी अभी भी महागठबंधन का हिस्सा है लेकिन आगे का फैसला लालू-नीतीश करेंगे। गौरतलब है कि डॉ. सुमन नीतीश मंत्रिमंडल में अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण मंत्री थे।

पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल रन पटना से हुआ शुरू

पटना, 12 जून: पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ट्रायल रन सोमवार को पटना से शुरू हो गया। पटना रेलवे स्टेशन से यह ट्रेन तय कार्यक्रम के मुताबिक सोमवार सुबह 6 बजकर 55 मिनट पर रवाना हुई और इसके रांची पहुंचने का समय दोपहर एक बजे है। वापसी में यह दोपहर 2.20 बजे रांची से निकलेगी और रात 8.25 बजे पटना पहुंचेगी। पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर), हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) बीरेंद्र कुमार ने बताया, “पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल शुरू हो गया है और ट्रेन सुबह 6.55 बजे पटना से रवाना हुई। यह आज दोपहर एक बजे रांची पहुंचेगी।” यह ट्रेन सिधवार (रामगढ़) और सांकी (रांची) के बीच सुरंगों और ऊंचे रेलवे पुलों से गुजरेगी। ट्रेन गया और बरकाकाना स्टेशनों पर रुकेगी। सिधवार और सांकी के बीच 27 किलोमीटर का हिस्सा चार सुरंगों से होकर गुजरता है, जिनमें से सबसे लंबी सुरंग 1.7 किलोमीटर लंबी है, जबकि तीन अन्य सुरंग लगभग 600 मीटर लंबी हैं। इससे पहले, ट्रायल रन 11 जून के लिए निर्धारित किया गया था, लेकिन झारखंड में एक छात्र समूह द्वारा बुलाए गए दो दिवसीय राज्यव्यापी बंद के कारण इसे सोमवार के लिए पुनर्निर्धारित किया गया। ट्रायल रन के दौरान इस ट्रेन का परिचालन तीव्र गति से किया जाएगा। रेल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक से उचित दूरी बनाकर रखें, साथ ही मवेशियों को भी पटरियों से दूर रखें।

बिहार: दो पक्षों ने जमकर मारपीट और गोलीबारी, 8 लोग हुए घायल,5 पीएमसीएच रेफर

बिहार/सारण, 11 जून (संवाददाता -मो अशरफ): गड़खा थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में आपसी विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई मारपीट में दोनों पक्ष से 8 लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान गोलीबारी में हुई जिसमें 2 लोगों को गोली लगी। गंभीर स्थिति को देखते हुए 5 लोगों को पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है। घायलों में प्रथम पक्ष के नारायणपुर निवासी मनोज राम विधान कुमार और कामेश्वर राम शामिल है।वहीं दूसरे पक्ष के टाउन थाना क्षेत्र के बीचला तेलपा निवासी हरिहर दास ओम नाथ दास गणपत दास गड़खा थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी संजय उनकी पत्नी गीता देवी शामिल है। मनोज राम और विधान कुमार को मारपीट के दौरान गोली लग गई। घायल अवस्था में सभी को गड़खा समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मनोज राम विधान कुमार गीता देवी हरिहर दासओम प्रकाश दास को पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। समाचार प्रेषण तक थाना में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर करवाई में जुट गई है।

छपरा: झुग्गी बस्ती में मनाया गया, लालू यादव की ७६वां जन्मदिन

बिहार/छपरा, 11 जून (संवाददाता – हिमालय राज) गरीबों के मसीहा गुदरी के लाल श्री लालू प्रसाद यादव जी का ७६ वा जन्म दिवस छपरा में राजेंद्र स्टेडियम के समीप गरीबों की झुग्गी बस्ती में राजद कार्यकर्ताओं द्वारा महासचिव सागर नौशेरवां के नेतृत्व में आज मनाया गया।उक्त अवसर पर सभी ने उनको शुभकामना दी एवम उनके दीर्घायु एवम स्वास्थ्य के लिए कामना की। महासचिव सागर नौशेरवां एवम जिला अध्यक्ष सुनील राय ने संयुक्त रूप से बताया की अभी देश के संविधान पर जो खतरा मंडरा रहा है तथा भाजपा द्वारा देश को जो बांटने की साजिश चल रही है ऐसे समय में देश को लालू जी जैसे नेता के मार्गदर्शन की सख्त जरूरत है जो भाजपा जैसे घिनौनी पार्टी को धूल चटा सके, समूचा देश लालू जी की ओर टिकटिकी भरी निगाहों से देख रहा है। उक्त अवसर पर सैकड़ों की संख्या में गरीब बच्चे के अतिरिक्त तरैया के पूर्व विधायक मुद्रिका प्रसाद राय,जिलानी मोबीन,श्याम जी प्रसाद,अनिल यादव,उर्मिला यादव,बलिराम राय ,सुपेंद्र चौधरी,विजय मिश्र,गौतम यादव,गुड्डू सिंह,उमेश राय, बड़ा बाबू,डॉक्टर रमेश प्रसाद,उपेंद्र राय,सोनू राय,मनोहर यादव,राजू राय, इत्यादि मौजूद थे।

बिहार नगर निगम चुनाव : 805 पदों के लिए मतगणना जारी

पटना, 11 जून : बिहार में 31 नगर निकायों के लिए रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वार्ड पार्षदों, महापौरों और उप महापौरों के 805 पदों के लिए सुबह आठ बजे जिन 58 केंद्रों पर मतगणना शुरू हुई, वहां शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतगणना प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सशस्त्र पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। बिहार में 31 नगर निकायों के लिए नौ जून को चुनाव हुए थे। बिहार नगर निकाय चुनाव में इस बार कुल 4431 (पुरुष- 2197 और महिला- 2234) उम्मीदवार मैदान में हैं। नौ उम्मीदवारों को पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका है। बिहार राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने कहा कि पटना, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, वैशाली, नालंदा, नवादा, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, किशनगंज, मुंगेर, लखीसराय, सहरसा, जमुई और बांका जिलों में मतदान हुआ। पहली बार एसईसी ने मतदाताओं की पहचान की पुष्टि के लिए चेहरे की पहचान प्रणाली (एफआरएस) का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने कहा कि 31 शहरी स्थानीय निकायों में 24 ऐसे निकाय शामिल हैं जहां दिसंबर में पिछले शहरी चुनावों में चुनाव नहीं हुए थे। अन्य सात नगर निकायों के बोर्ड का पांच साल का कार्यकाल जून में खत्म हो जाएगा। इसमें सहरसा और मधुबनी नगर निगम शामिल हैं। इसके अलावा, शहरी स्थानीय निकायों के उन सात वार्ड में उपचुनाव हुए थे, जहां निर्वाचित प्रतिनिधियों ने दिसंबर के शहरी चुनावों के बाद पिछले कुछ महीनों में इस्तीफा दे दिया था।

पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने परिवार के साथ केक काटकर मनाया,अपना 76वां जन्मदिन

पटना, 11 जून: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद ने रविवार को पटना में परिवार की मौजूदगी में केक काटकर अपना 76वां जन्मदिन मनाया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को राजद सुप्रीमो को जन्मदिन की बधाई दी और उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की। लालू ने शनिवार और रविवार की रात पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और अपनी पत्नी राबड़ी देवी के आधिकारिक आवास में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद समेत परिवार के सभी सदस्यों की मौजूदगी में केक काटकर जन्मदिन मनाया। राजद सुप्रीमो का जन्मदिन मनाने के लिए उनकी बेटी रोहिणी आचार्य भी पटना पहुंची हैं। रोहिणी ने राजद प्रमुख को गुर्दा दान कर उनकी जान बचाई थी। राजद के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा, ”पिछले साल दिसंबर में सिंगापुर में सफल गुर्दा प्रत्यारोपण के बाद पार्टी सुप्रीमो का जन्मदिन पटना में मनाया जा रहा है। राजद पूरे बिहार में पंचायत, प्रखंड और अनुमंडल स्तर पर भी इसी तरह का समारोह आयोजित कर रहा है।” गगन ने कहा, ”अन्य राज्यों में जहां राजद के सदस्य हैं, वहां सामूहिक दावतें आयोजित की जा रही हैं। पार्टी के लोग अस्पतालों में गरीब मरीजों के बीच फल, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के बीच स्टेशनरी (पढ़ाई से संबंधित वस्तुएं) बांट रहे हैं। इसके अलावा, वे इस अवसर पर कपड़े और रक्त दान करेंगे।” राजद के संरक्षक लालू प्रसाद के राज्य में आने वाले संसदीय और विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि लालू की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विरोधी नेताओं के साथ नेटवर्क बनाने की क्षमता अद्वितीय है। राजद बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार में सबसे बड़ी सहयोगी है। नीतीश अगले लोकसभा चुनाव से पहले सभी विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए पहले से ही काम कर रहे हैं। बिहार में महागठबंधन में सात दल जनता दल (यूनाइटेड) (जद-यू), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) शामिल हैं, जिनके पास 243-विधानसभा में 160 से अधिक विधायक हैं। उल्लेखनीय है कि नीतीश और लालू ने पिछले साल सितंबर में 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकता की रूपरेखा पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी।