Highlights

बिहार: संकल्प योजना के तहत टायर फिटर हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

सारण, 9 जुलाई (संवाददाता मो अशरफ): सारण जिले के गरखा में श्रम संसाधन विभाग, बिहार के अंतर्गत संचालित बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा संकल्प योजना के तहत रबर, केमिकल और पेट्रोकेमिकल कौशल विकास परिषद (आर.सी.पी.एस.डी.सी) द्वारा टायर फिटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ आर राजभवन, गरखा छपरा रोड, गरखा मुख्य बाजार, ऑटो स्टैंड के पास, गरखा, सारण, बिहार में हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ श्रम संसाधन विभाग के माननीय मंत्री श्री सुरेन्द्र राम के कमलों द्वारा विधिवत रूप से किया गया। उक्त अवसर पर विशिष्ट अतिथि, श्री राजीव रंजन, विशेष सचिव, श्रम संसाधन विभाग-सह-ए.सी.ई.ओ, बिहार कौशल विकास मिशन, श्री संजय कुमार, मिशन निदेशक, बिहार कौशल विकास मिशन और श्री सैफ मोहम्मद, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, आर.सी.पी.एस.डी.सी की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य अतिथियों द्वारा प्रशिक्षण रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना भी किया गया। उक्त अवसर पर माननीय मंत्री, श्री सुरेन्द्र राम ने अपने संबोधन में कहा कि टायर फिटर्स कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम, सड़क मार्ग और फुटपाथ पर कार्य करने वाले लोगों के उत्तरोत्तर विकास के लिए विभाग द्वारा आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम के शुभारम्भ के अवसर पर उपस्थित होकर अपने को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ। रबर, रसायन और पेट्रोकेमिकल कौशल विकास परिषद (आर.सी.पी.एस.डी.सी), राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एन.एस.डी.सी) के सहयोग से अखिल भारतीय रबर उद्योग संघ (ए.आई.आर.आई.ए) और ऑटोमोटिव टायर मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ए.टी.एम.ए) द्वारा रबर क्षेत्र के विकास के लिए सेक्टर कौशल परिषद की स्थापना की गई है। जो रबर और रसायन से सम्बंधित कार्यों हेतु कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एम.एस.डी.ई) के साथ देश भर में संबंधितों को प्रशिक्षण करवा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि श्रम संसाधन विभाग के अतर्गत कार्यरत बिहार कौशल विकास मिशन राज्य में कौशल विकास की नोडल एजेंसी के रूप में कार्यरत है, जिसके तहत राज्य के युवाओं को रोजगार से जोड़े जाने हेतु विभिन्न प्रकार का प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आप सभी आज अपने को निखारने, कौशल का विकास करने और आर्थिक उन्नति के साथ सामाजिक प्रतिष्ठा बढाने के लिए यहां उपस्थित हुए हैं, जो प्रदेश और देश की प्रगति में सहचर की भूमिका निभाएगा। माननीय मंत्री ने आधुनिक युग में श्रम के महत्व की व्याख्या करते हुए कहा कि टायर फिटर्स जैसे कठिन काम करने वाले कारीगरों को उनके कार्य के अनुरूप उपयुक्त मान्यता और सम्मान नहीं मिलता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए विभाग के द्वारा टायर फिटर के लिए RPL प्रशिक्षण की शुरुआत की गयी है, ताकि उन्हें उनके कार्य को और बेहतर करने के लिए आवश्यक ज्ञान और उन्नत कौशल प्राप्त हो सकें। हमारा ध्येय है कि उनको उच्चतम स्तर की प्रशिक्षण और तकनीकी ज्ञान दिया जाए जिससे वे अपने कार्य को स्वच्छता, सुरक्षा और सुचारू रूप से कर सकें। सरकार टायर फिटर बंधू के महत्वपूर्ण योगदान को जानती है और उनके विकास के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है। उक्त अवसर पर श्रम संसाधन विभाग, बिहार के विशेष सचिव, श्री राजीव रंजन ने कहा कि संकल्प योजना के अंतर्गत राज्य में स्किल ऑन व्हील्स कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन और रबर केमिकल एवं पेट्रोकेमिकल स्किल डेवलपमेंट काउंसिल के साथ एकरारनामा हस्ताक्षरित किया गया है। आर.पी.एल प्रशिक्षण अर्थात पूर्वार्जित ज्ञान प्रमाणन कार्यक्रम के माध्यम से टायर फिटर्स को महत्वपूर्ण और व्यापक प्रशिक्षण दिया जायेगा। इससे न केवल आप कार्य कुशल होंगे, साथ ही आपको बिहार कौशल विकास मिशन और सेक्टर स्किल काउंसिल के द्वारा मानक प्रमाणपत्र भी दिया जायेगा। जिसके आधार पर आप अपने भावी जीवन में स्वयं का स्वरोजगार भी स्थापित कर सकेंगे। इस प्रशिक्षण के माध्यम से आपको उन्नत टायर प्रौद्योगिकी से सम्बंधित प्रशिक्षण कराया जायेगा, जिसके उपरांत आप इतने कार्यकुशल होगें कि कम समय में अधिक से अधिक गुणवत्तापूर्ण कार्य कर सकेंगे। इस प्रशिक्षण से अनुचित टायर फिटिंग के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आयेगी और आपके आय में बढ़ोतरी भी होगी। उन्होंने बताया कि बिहार कौशल मिशन युवाओं को रोजगारपरक बनाने की दिशा में एक प्रभावी तंत्र के रूप में सहचर की भूमिका निभा रहा है और निरंतर नए परिवर्तनों के अनुरूप क्रियाशील है। सरकार के संकल्प योजना के अंतर्गत स्किल ऑन व्हील्स एक नूतन पहल है, जिसके अंतर्गत स्ट्रीट वेंडर, स्ट्रीट फूड वेंडर, टायर फिटर आदि जॉब रोल में आवश्यकता अनुसार प्रशिक्षण एवं प्रमाणीकरण किया जाएगा, ताकि उनका सामाजिक और आर्थिक स्तर बेहतर हो सके। वहीं, इस अवसर पर मिशन निदेशक, बिहार कौशल विकास मिशन, श्री संजय कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूप रेखा की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि 200 प्रशिक्षुओं को प्रति जिले के हिसाब से यथा: सारण, नालंदा, पूर्वी चंपारण एवं पटना में प्रशिक्षण दिया जायेगा। आज सारण जिले के गरखा प्रखंड में प्रशिक्षण का शुभारम्भ किया जा रहा है। यह कार्यक्रम इस प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत आपको प्रमाण पत्र दिया जायेगा साथ ही आपको टायर फिट करने हेतु टूल किट/औजार (सामग्री) भी दिया जायेगा और आपकी बीमा भी कराई जायेगी। प्रशिक्षण के दौरान आपको दैनिक कार्य के बदले भत्ता के रूप रूपये 500 का भुगतान आपके बैंक खाते में किया जायेगा। यह प्रशिक्षण दो दिनों है जिसकी समयावधि कुल 12 घंटे है, जिसमें आपको आपातकालीन स्थिति के बारे में जानकारी के साथ उससे बचने के उपाय के बारे में बताया जाएगा, साथ ही सही तरीके से औजार के प्रयोग, कम समय में गुणवत्तापूर्ण कार्य को करने, अपने और कार्यस्थल को स्वच्छ रखने के बारे में भी जानकारी दी जाएगी, जिससे ग्राहकों और आपके सगे संबंधियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े। दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता, श्री सैफ मोहम्मद, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, आर.सी.पी.एस.डी.सी. ने किया। उन्होंने अपने अध्यक्षीय अभिभाषण में कहा कि बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा संकल्प योजना के तहत मैनेजमेंट सेक्टर स्किल काउंसिल (आर.सी.पी.एस.डी.सी.) प्रदेश के 800 टायर फिटर को प्रशिक्षत करेगी। मौके पर संकल्प योजना हेतु कार्यरत संस्थान इन्डक्ट्स से श्री भास्कर नंदी, अभिषेक सिन्हा, समीर श्रीवास्तव, आर.सी.पी.एस.डी.सी के प्रसेनजित डे, विक्की कुमार समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

जदयू पार्टी जल्द ही बिहार के राजनैतिक नक्शे से हो जायेगा विलुप्त : उपेंद्र कुशवाहा

पूर्वी चंपारण, 08 जुलाई: राष्ट्रीय लोक जनता दल का जिला सम्मेलन शनिवार क़ो नगर भवन में आयोजित किया गया। जिसका उद्धघाटन रालोजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने किया। सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उन्होने कहा की पार्टी क़ो बूथ स्तर पर चट्टान की तरह मजबूत करना है, आने वाला समय रालोजद का है,जदयू पार्टी बिहार के राजनैतिक नक्शा से विलुप्त होने वाला है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जम कर हमला बोला कहा कि तेजस्वी यादव पर चार्जशीट दायर हुआ है,इसपर नीतीश कुमार मुँह नहीं खोल रहे है, नीतीश जी भ्रष्टाचार क़ो छिपाना चाहते है या तो वे तेजस्वी यादव का इस्तीफा लें या खुद इस्तीफा दे दें। उन्होंने कहा की महागठबंधन की सरकार बनने के बाद राज्य में अराजकता का माहौल है। उन्होंने कहा कि वह नीतीश पीएम मेटेरियल नहीं है,पलटी मार मार कर उन्होने अपना राजनैतिक कैरियर समाप्त कर लिया। श्री कुशवाहा ने कहा कि जदयू के अधिकांश एमपी और विधायक दूसरे दल के संपर्क में है,बहुत जल्दी ही जदयू खत्म होने वाली है। कार्यक्रम का अगुआई रालोजद चिकित्सा प्रकोष्ठ के बिहार के प्रदेश अध्यक्ष सह मोतिहारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी ड़ॉ. दीपक कुमार एवं अध्यक्षता रालोजद के जिलाध्यक्ष ई. रमेश पासवान ने किया। कार्यक्रम क़ो राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जीतेन्द्र नाथ, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव माधव आनंद, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह रमेश सिंह कुशवाहा, फज़ल इमाम मलिक, सुभाष सिंह कुशवाहा, रामपुकार सिन्हा, ठाकुर धर्मेंद्र सिंह, संत सिंह कुशवाहा, ई. स्मृति कुमुद, जिला प्रधान महासचिव सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने भी सम्बोधित किया।वही कार्यक्रम में दर्जनों नेता ने रालोजद की सदस्यता ग्रहण किया।

राहुल गांधी को अदालत से राहत नहीं मिलने पर बिहार कांग्रेस भड़की, धरने पर बैठे नेता

पटना, 07 जुलाई: गुजरात हाईकोर्ट ने आपराधिक मानहानि के एक मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी को दोषी ठहराए जाने और दो साल की जेल की सजा के निचली अदालत के फैसले पर रोक से शुक्रवार को इनकार कर दिया। इसके बाद बिहार कांग्रेस के नेता भड़के हुए हैं। अदालत के राहत देने से इनकार किए जाने के बाद कांग्रेस के नेता प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम और इनकम टैक्स गोलंबर के पास धरने पर बैठ गए। इस दौरान भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। इसमें विधायक दल के नेता शकील अहमद खान और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा भी उपस्थित रहे। कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने कहा कि राहुल गांधी जिस तरह से लोगों की आवाज उठा रहे हैं और संघर्ष कर रहे हैं, उनकी आवाज को दबाने की लगातार कोशिश भाजपा कर रही है। हम लोग कोर्ट के फैसले पर कुछ नहीं कर रहे। लेकिन, भाजपा की मानसिकता का विरोध जारी रहेगा। कांग्रेस पार्टी तब तक धरना-प्रदर्शन करती रहेगी, जब तक सरकार को जमीन पर ना उतार दे। उन्होंने मध्य प्रदेश की एक घटना की चर्चा करते हुए कहा कि देश के लोगों ने देखा कि किस तरह एक गरीब आदमी पर भारतीय जनता पार्टी का आदमी पेशाब कर रहा था। हम इस तरह की सरकारों के खिलाफ हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जनता को इस तरह के ट्रेंड के खिलाफ सड़क पर उतरने की बहुत जरूरत है।

भाजपा कुछ दिन और सत्ता में रही तो तानाशाही लागू हो जाएगा : ललन सिंह

पटना, 07 जुलाई: गुजरात हाईकोर्ट से राहुल गांधी को एक अपराधिक मामले में निचली अदालत के फैसले में राहत नहीं मिलने के बाद जदयू ने भी भाजपा पर सियासी हमला बोला है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा अगर कुछ दिन और सत्ता में रही तो देश में तानाशाही लागू हो जाएगा। पटना में पत्रकारों ने राहुल गांधी को गुजरात हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के संबंध में पूछा तो ललन सिंह ने कहा कि इसमें क्या है, हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की सरकार देश में लोकतंत्र को खत्म करना चाह रही है। कुछ दिन और अगर भाजपा रही तो देश में तानाशाही लागू हो जाएगा। गुजरात हाईकोर्ट ने आपराधिक मानहानि के एक मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी को दोषी ठहराये जाने और दो साल की जेल की सजा के निचली अदालत के फैसले पर रोक से शुक्रवार को इनकार कर दिया। इस सजा के कारण कांग्रेस नेता की सांसदी भी चली गई थी। जदयू अध्यक्ष ने शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर और विभागीय सचिव केके पाठक के बीच छिड़े विवाद के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि पूरे मामले को सरकार देख रही है। यह सरकार का मामला है। सरकार ही इस मामले को शॉर्ट आउट करेगी, इसमें पार्टी का कोई काम नहीं है।

बिहार में स्कूल में अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश

पटना, 06 जुलाई: बिहार शिक्षा विभाग के हालिया परिपत्रों को लेकर चल रहे विवाद के बीच पटना जिला प्रशासन ने राजधानी पटना के सरकारी स्कूलों में अनुपस्थित पाए गए 87 शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि बिहार के शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के के पाठक द्वारा 23 जून को लिखे गए एक पत्र के अनुसार एक जुलाई से सभी जिलाधिकारियों द्वारा अपने संबंधित क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों का सप्ताह में कम से कम दो बार लगातार निरीक्षण और निगरानी की जाएगी। इस बीच, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने भी पांच जुलाई को वरीय अधिकारियों द्वारा बुलायी गयी ऑनलाइन बैठकों में अनुपस्थित रहने के कारण पूर्णिया एवं दरभंगा जिला में तैनात व्याख्याताओं के एक दिन के वेतन में कटौती करने का आदेश दिया है। पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया, ”जिला प्रशासन ने जिले के सरकारी स्कूलों के 87 शिक्षकों के एक दिन के वेतन में कटौती या रोक लगाने का आदेश दिया है, क्योंकि वे एक जुलाई से चार बार किए गए निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए थे। अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी सिफारिश की गई है।” जिलाधिकारी ने कहा, ”राज्य शिक्षा विभाग के हालिया पत्र के बाद पटना जिले के सभी स्कूलों में सप्ताह में कम से कम दो बार निरीक्षण किया जा रहा है। पांच जुलाई को कुल 487 स्कूलों का निरीक्षण किया गया, इस दौरान 10 शिक्षक अनुपस्थित पाये गये। जिले में कुल 3486 सरकारी स्कूल हैं”। उन्होंने कहा कि यह सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए एक अभियान के रूप में जारी रहेगा।

मंत्री-अफसर की लड़ाई खुल कर सामने, तेजस्वी महीने-भर से विदेश में: सुशील मोदी

पटना, 06 जुलाई : बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि दो दिन की बरसात से शहरी इलाके में लोग जल-जमाव झेल रहे हैं, दरभंगा मेडिकल कालेज बंद कर दिया गया, मरीज नाव से अस्पताल पहुंच रहे हैं और उप मुख्यमंत्री तथा कई विभागों के मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव एक महीने से विदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तरह छुट्टियाँ मना रहे हैं। श्री मोदी ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि गरीबों के मसीहा होने का नाटक करने वालों को बिहार की गर्मी बर्दाश्त नहीं हो रही है। वे विदेश से ट्वीट कर रहे हैं और अब सीधे 10 जुलाई को विधान सभा सत्र के समय सदन में प्रकट होंगे। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव डीफैक्टो मुख्यमंत्री हैं, इसलिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार किसी भी महत्वपूर्ण मुद्दे पर निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। वे मंत्री-अफसर टकराव के मूकदर्शक बने हुए हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर और विभागीय अवर सचिव एक-दूसरे को औकात बताने पर तुले हैं। मंत्री के आप्त सचिव को शिक्षा विभाग में घुसने पर पाबंदी लगा दी गई और उनकी डाक्ट्रेट डिग्री पर सवाल उठा दिये गए। उन्होंने कहा कि इतने अपमान के बाद तो शिक्षा मंत्री को खुद इस्तीफा दे देना चाहिए। श्री मोदी ने कहा कि पथ निर्माण और स्वास्थ्य जैसे बड़े विभाग श्री तेजस्वी यादव से संभाल नहीं रहे हैं। उनकी एक मात्र योग्यता लालू-राबड़ी का पुत्र होना है।

बिहार: असम से शादी में शामिल होने आए एक युवक नाराव गांव से हुआ गायब

सारण, 06 जुलाई (संवाददाता- अशरफ): असम से सारण जिले के गरखा प्रखंड के अवतार नगर थाना क्षेत्र के नाराव गांव में शादी में शामिल होने आए एक युवक गायब हो गया। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद पता नहीं चला तो परिजनों ने अवतार नगर थाने में लिखित शिकायत किया है।जिसमें परिजनों ने कहाकि बीरेंद्र हरिराम के पुत्र 34 वर्षीय कृष्णा कुमार राम असम में काम करता था। और 8 जून को शादी में शामिल होने के लिए अपने गांव नाराव आया था। जहां से 17 जून को सुबह टहलने गया और गायब हो गया। काफी खोजबीन करने के बाद आज तक कोई पता नहीं चला है। जिसको लेकर परिजनों द्वारा अवतार नगर थाने में लिखित शिकायत की गई है। लेकिन आज तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। इस संबंध में आज गुरुवार को पूछे जाने पर अवतार नगर थाना अध्यक्ष मोहम्मद जाफरुद्दीन ने बताया कि परिजनों द्वारा लिखित शिकायत की गई है। जो युवक गायब हुआ है। वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है। वहीं परिजनों का कहना है कि अवतार नगर थाना अध्यक्ष द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा रही है जिसको लेकर सारण के एसपी डॉ गौरव मंगला से शिकायत की जाएगी।

लालू ने मोदी सरकार को ‘मुकदमा पर मुकदमा’ के लिए जिम्मेदार ठहराया

पटना, 05 जुलाई : नौकरी के बदले भूखंड घोटाले में सीबीआई द्वारा नया आरोपपत्र दाखिल किए जाने के दो दिन बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने बुधवार को केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर तीखा प्रहार किया। लालू प्रसाद पर रेल मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार करने का आरोप है। उन्होंने कहा कि उनके और उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के खिलाफ ”मुकदमा पर मुकदमा” दर्ज किए जा रहे हैं। राजद के गठन के 27 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक समारोह का उद्घाटन करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रसाद ने कहा, ”मुकदमा पर मुकदमा..।” अपनी मूल भोजपुरी भाषा में लालू प्रसाद ने कहा, ”जब आपके दिन खत्म हो जाएंगे तो आपका (मोदी) क्या होगा? कम से कम हमने सद्भावना तो अर्जित कर ली है कि हम अभी भी फूलों की पंखुड़ियों और मालाओं से नवाज़े जा रहे हैं।” राजद प्रमुख लालू प्रसाद (70 साल) स्वास्थ्य ठीक न होने की वजह से अपनी कुर्सी पर बैठे-बैठे, माइक पकड़ कर अपनी बात कह रहे थे। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विपक्षी एकता संबंधी प्रयासों की सराहना की और लोकसभा चुनाव में भाजपा को ”जड़ से उखाड़ फेंकने” का संकल्प जताया। उन्होंने महाराष्ट्र का परोक्ष संदर्भ देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर ”खरीद-फरोख्त” करने का आरोप लगाया और दक्षिणी राज्य कर्नाटक में भाजपा की हार का जिक्र करते हुए कहा, ”कर्नाटक एक झांकी था।” लालू प्रसाद ने कहा, ”बिहार में महागठबंधन विपक्षी एकता का एक शानदार उदाहरण रहा है। हमें सांप्रदायिकता और आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने के प्रयासों के खिलाफ अपनी लड़ाई में दृढ़ रहना चाहिए।”

तानाशाही भाजपा सरकार को बदलेंगे, शांतिप्रिय समाज का निर्माण करेंगे : तेजस्वी

पटना, 05 जुलाई : राजद ने बुधवार को अपना 27वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी पार्टी के कार्यकर्ताओं को शुभकामना देते हुए कहा कि तानाशाही भाजपा की सरकार को बदलेंगे और शांतिप्रिय समाज का निर्माण करेंगे। तेजस्वी यादव विदेश दौरे पर हैं। स्थापना दिवस के मौके पर उन्होंने ट्वीट कर राजद के कार्यकर्ताओं को शुभकामना दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा- निरंतर 26 वर्षों से मिल रहे आपके अपार सहयोग, अखंड विश्वास और अटूट प्रेम के हम सभी आभारी है। अंबेडकर, गांधी, लोहिया, कर्पूरी और लालू जी के समाजवादी विचारों पर चलते हुए कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास ने राजद को प्रदेश में लगातार नंबर वन पार्टी बनाया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए आगे लिखा कि इस स्थापना दिवस पर हम संकल्प लें कि देश की वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए एकजुट होकर 9 वर्षों से केंद्र में बैठी किसान, युवा, छात्र, महिला, कर्मचारी, व्यापारी और संविधान विरोधी तानाशाही बीजेपी सरकार को बदलेंगे। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भरोसा देते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की रहनुमाई में हम वंचितों, उपेक्षितों, गरीबों, किसानों, कर्मचारियों और युवाओं के हितों के लिए निरंतर संघर्ष कर एक विकसित, खुशहाल एवं शांतिप्रिय समाज का निर्माण करेंगे।

बिहार : राजद नेता का अनोखा अंदाज, स्थापना दिवस पर भैंस पर सवार होकर काटा केक

हाजीपुर, 05 जुलाई : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को अपना 27वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर पटना सहित राज्य के कई स्थानों पर कार्यक्रम, समारोह आयोजित किए गए। वैशाली जिला मुख्यालय में स्थापना दिवस मनाने का अनोखा अंदाज देखने को मिला। यहां राजद के एक नेता ने भैंस पर सवार होकर अपने कार्यकर्ताओं के साथ केक काटा और एक-दूसरे को केक खिलाकर स्थापना दिवस की बधाई दी। हाजीपुर के भगवानपुर में राजद नेता केदार प्रसाद यादव ने अपने समर्थकों के साथ भैंस पर चढ़कर केक काटकर स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर केदार प्रसाद यादव ने कहा कि केंद्र की सरकार जानबूझकर लालू प्रसाद और उनके परिवार को परेशान कर रही है। हमारे नेता डरने वाले नहीं हैं। हम कार्यकर्ता मरते दम तक लालू प्रसाद के साथ हैं। कार्यकर्ताओं ने 2024 में भाजपा को केंद्र की सत्ता से हटाने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि राजद के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर स्थापना दिवस को गौरवशाली दिवस के रूप में मनाया।