पटना, 05 जुलाई : राजद ने बुधवार को अपना 27वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी पार्टी के कार्यकर्ताओं को शुभकामना देते हुए कहा कि तानाशाही भाजपा की सरकार को बदलेंगे और शांतिप्रिय समाज का निर्माण करेंगे। तेजस्वी यादव विदेश दौरे पर हैं। स्थापना दिवस के मौके पर उन्होंने ट्वीट कर राजद के कार्यकर्ताओं को शुभकामना दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा- निरंतर 26 वर्षों से मिल रहे आपके अपार सहयोग, अखंड विश्वास और अटूट प्रेम के हम सभी आभारी है। अंबेडकर, गांधी, लोहिया, कर्पूरी और लालू जी के समाजवादी विचारों पर चलते हुए कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास ने राजद को प्रदेश में लगातार नंबर वन पार्टी बनाया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए आगे लिखा कि इस स्थापना दिवस पर हम संकल्प लें कि देश की वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए एकजुट होकर 9 वर्षों से केंद्र में बैठी किसान, युवा, छात्र, महिला, कर्मचारी, व्यापारी और संविधान विरोधी तानाशाही बीजेपी सरकार को बदलेंगे। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भरोसा देते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की रहनुमाई में हम वंचितों, उपेक्षितों, गरीबों, किसानों, कर्मचारियों और युवाओं के हितों के लिए निरंतर संघर्ष कर एक विकसित, खुशहाल एवं शांतिप्रिय समाज का निर्माण करेंगे।
बिहार : राजद नेता का अनोखा अंदाज, स्थापना दिवस पर भैंस पर सवार होकर काटा केक
हाजीपुर, 05 जुलाई : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को अपना 27वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर पटना सहित राज्य के कई स्थानों पर कार्यक्रम, समारोह आयोजित किए गए। वैशाली जिला मुख्यालय में स्थापना दिवस मनाने का अनोखा अंदाज देखने को मिला। यहां राजद के एक नेता ने भैंस पर सवार होकर अपने कार्यकर्ताओं के साथ केक काटा और एक-दूसरे को केक खिलाकर स्थापना दिवस की बधाई दी। हाजीपुर के भगवानपुर में राजद नेता केदार प्रसाद यादव ने अपने समर्थकों के साथ भैंस पर चढ़कर केक काटकर स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर केदार प्रसाद यादव ने कहा कि केंद्र की सरकार जानबूझकर लालू प्रसाद और उनके परिवार को परेशान कर रही है। हमारे नेता डरने वाले नहीं हैं। हम कार्यकर्ता मरते दम तक लालू प्रसाद के साथ हैं। कार्यकर्ताओं ने 2024 में भाजपा को केंद्र की सत्ता से हटाने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि राजद के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर स्थापना दिवस को गौरवशाली दिवस के रूप में मनाया।
प्रशांत किशोर ने कहा- देश ही नहीं बिहार की राजनीति में भी परिवारवाद हावी है
समस्तीपुर, 03 जुलाई: जाने-माने चुनावी रणनीतिकार एवं जन सुराज पदयात्रा के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने आज कहा कि देश ही नहीं बिहार की राजनीति में भी परिवारवाद हावी है। किशोर ने सोमवार को समस्तीपुर जिले के पटोरी में पदयात्रा के क्रम में यूथ क्लब के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी दल हो परिवारवाद से अछूता नहीं है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के परिवारवाद का उदाहरण देते हुए कहा कि अभी देख लीजिए बिहार भाजपा के जो अध्यक्ष बने हैं उनके पिताजी पहले कांग्रेस के विधायक हुआ करते थे। फिर राजद के विधायक बने और फिर जनता दल यूनाईटेड ( जदयू) में विधायक हो गए। नेता ने कहा कि परिवारवाद के इस चक्र को तोड़ना है तो आज नीचे से नए युवाओं को खड़ा करना होगा वरना बिहार में जितना भी चाहें कुछ कर लीजिए परिवारवाद आप समाप्त नहीं कर सकते। क्योंकि कभी लालू प्रसाद यादव पर गुस्सा करके भाजपा को जीता दीजिएगा कभी अन्य दलों को। उन्होंने कहा कि जन सुराज इसी परिवारवाद को तोड़ने के प्रयास में लगी है और इसी उद्वेश्य से पूरे प्रदेश मे जन सुराज द्वारा पदयात्रा चलाई जा रही है। कांग्रेस, राजद, जदयू और भाजपा समेत अन्य दलों की सूची बनाई जाए तो आपको पता चल जायेगा कि इन दलों मे साढ़े बारह सौ परिवार के सदस्य ही सांसद एवं विधायक बनते हैं।
लालू यादव का प्रधानमंत्री पर तीखा हमला कहा, मोदी पूरे देश में कर रहे है डकैती
पटना, 03 जुलाई : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने सोमवार को आरोप लगाया कि अजित पवार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का धड़ा ऐसे समय महाराष्ट्र की भारतीय जनता पार्टी-शिवसेना गठबंधन सरकार में शामिल हुआ जब विपक्षी नेता लोकतंत्र पर हो रहे ‘हमले’ के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए लालू प्रसाद यादव ने कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र में ‘डकैती’ की है। राजद अध्यक्ष कभी धुर विरोधी रहे और अब हाथ मिला चुके बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर लिखी किताब के लोकार्पण के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा, ”यह कार्यक्रम ऐसे समय पर हो रहा है जब नीतीश, मैं और विभिन्न दलों के नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नीत सरकार द्वारा लोकतंत्र पर किए जा रहे हमले का मुकाबला करने के लिए एक साथ आए हैं।” राजद प्रमुख ने राकांपा प्रमुख शरद यादव का नाम लिए बिना कहा,”मोदी पूरे देश में डकैती कर रहे हैं। आपने महाराष्ट्र को देखा होगा जहां से देश के सबसे वरिष्ठ नेता हमारी बैठक में शामिल होने आए थे।”
बिहार : हाजीपुर रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म से कई अर्धनिर्मित हथियार बरामद, 2 गिरफ्तार
हाजीपुर, 03 जुलाई : बिहार के हाजीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से पुलिस ने बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर हाजीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 के दक्षिणी ऊपरगामी पैदल पुल के पास से एक व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसके बैग से 21 पीस अर्धनिर्मित लोहे की पिस्टल बॉडी एवं 21 पीस लोहे की बैरल बरामद किया गया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मुंगेर के कासिम बाजार निवासी सोनू अग्रवाल के रूप में की गई। अधिकारी ने बताया कि सोनू ने पूछताछ के क्रम में कई बातें बताई। पुलिस की दो टीमें बनाई गई, जिसे छापेमारी के लिए गोरखपुर और मुंगेर भेजी गई। उत्तर प्रदेश के गोरखनाथ इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर मोहम्मद आरिफ उर्फ गोलू अशरफ को गिरफ्तार कर लिया। मुजफ्फरपुर (रेल ) पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार लोगों के अपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है तथा छापेमारी भी की जा रही है।
बिहार में नाबालिग से रेप, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की जीरो एफआईआर
नई दिल्ली, 02 जुलाई: दिल्ली पुलिस ने रविवार को कहा कि एक नाबालिग लड़की द्वारा बलात्कार का मामला दर्ज कराने के बाद उसने जीरो एफआईआर दर्ज की है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़िता उत्तरी दिल्ली के रूप नगर में रहती है, लेकिन मूल रूप से बिहार की रहने वाली है, जहां यह घटना हुई थी। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसके पिता और मां मेड के रूप में काम करते हैं और होली से पहले वे बिहार के मधुबनी में अपने घर गए थे, जहां उसके एक दोस्त के भाई की शादी थी। उसकी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से हुई जिसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में वह अपने परिवार के साथ दिल्ली आ गई। पुलिस ने कहा, 29 जून को वह बीमार पड़ गई और जांच करने पर पता चला कि वह गर्भवती है। इसलिए मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने कहा कि चूंकि घटना मधुबनी में हुई, इसलिए जीरो एफआईआर दर्ज की गई और संबंधित पुलिस स्टेशन को सूचित कर दिया गया है।
बिहार में वज्रपात की चपेट में आने से तीन की मौत
पटना, 02 जुलाई: बिहार में अलग-अलग स्थानों पर वज्रपात की चपेट में आने से एक बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के अरवल जिले में दो लोगों और औरंगाबाद जिले में एक बच्ची की वज्रपात की चपेट में आने से मौत होने पर उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि आपदा की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय से रविवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कुमार ने मृतकों के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान के तौर पर दिए जाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की, “सभी लोग खराब मौसम के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। खराब मौसम होने पर वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किए गए सुझावों का अनुपालन करें। खराब मौसम होने पर घरों में रहें और सुरक्षित रहें।”
एनआईए की पटना और दरभंगा में पीएलएफआई के ठिकानों पर दबिश
पटना, 02 जुलाई: बिहार में एक बार फिर एनआईए ने दबिश दी है। राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ और दरभंगा जिले के बहेरा में एनआईए ने तड़के पीएलएफआई के ठिकाने पर छापा मारा है। इस कार्रवाई में आतंक विरोधी दस्ता (एटीएस) की टीम भी शामिल है। पटना में यह कार्रवाई फुलवारी शरीफ स्थित इमारत सरिया के कार्यालय के पास बने मकान में चल रही है। दरभंगा में बहेरा थाना क्षेत्र के छोटकी बाजार से एक संदिग्ध युवक को एनआईए ने गिरफ्तार किया है। वह पटना में पढ़ाई करता था। दरभंगा के एसएसपी अवकाश कुमार ने इसकी पुष्टि की है। एनआईए और एटीएस की कार्रवाई फुलवारी पटना थाना में दर्ज मुकदमा संख्या 827 में वांछित अभियुक्त मुमताज अंसारी से जुड़ी जानकारी के आधार पर हो रही है। कहा जा रहा है कि यह छापा रात दो बजे मारा गया। एनआईए ने मई में कटिहार में भी छापा मारा था। इससे पहले मोतिहारी, दरभंगा, मधुबनी और पटना में भी छापा मारा जा चुका है।
चिकित्सक दिवस के अवसर पर युवा क्रांति रोटी बैंक ने किया पौधा रोपण, भोजन वितरण
बिहार, 2 जुलाई: छपरा शहर की समाज सेवी संस्था युवा क्रान्ति रोटी बैंक चिकित्सक दिवस पर भोजन बांटने के साथ साथ पौधा रोपण कर चिकित्सक दिवस मनाया. युवा क्रांति रोटी बैंक संस्थापक ई० विजय राज ने कहा डॉक्टर अनवरत अपना बहुमूल्य समय समाजसेवा के लिए अहम योगदान देते है।धरती पर भगवान का रूप डॉक्टर को माना जाता है जो हमेशा इंसान के स्वास्थ के साथ साथ समाज में कुछ अलग अच्छा करने का प्रयास करते है। डॉ.नताशा सिंह ने कहा कि आज के दिन महान चिकित्सक डॉ. बिधानचंद रॉय का जन्मदिन चिकित्सक दिवस के रूप में मनाया जाता है जो पश्चिम बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री रहे। डॉ.नताशा ने कहा वृक्षारोपण, भोजन वितरण किया कर महान चिकित्सक के विभूतियों को याद किए। डॉ. सुनील कुमार शर्मा, शर्मा होमियो रिसर्च सेंटर, छपरा चिकित्सक दिवस के शुभ अवसर पर ज़रूरतमंद लोगो के बीच भोजन वितरण किए । युवा क्रान्ति रोटी बैंक अध्यक्षा नीतू गुप्ता ने सभी इस नेक कार्य में साथ देने के लिए डॉ०अक्षिता श्रीवास्तव,डॉ.राजीव रंजन, डॉ.सुरेंद्र प्रसाद,डॉ. नताशा सिंह, डॉ०अपूर्व आनंद,डॉ. अमित राज, डॉ. प्रियंका शाही, डॉ. सुनिल शर्मा, डॉ. पूजा सिंह, डॉ.अविनाश सिंह और सभी गणमान्य डॉक्टर्स को शुभकामनाएं दी।सदस्य बवाली सिंह, अर्जून सिंह, रामबाबू,निशांत गुप्ता, राशिद रिजवी, विवेक गोलू, प्रिंस, अभिषेक नर्सरी, बबलू कुमार, पिंटू, प्रतीक, अभिषेक देव उपस्थित रहे।
बिहार: संगीत शिक्षक बहाली संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री का किया पुतला दहन
छपरा, 01 जुलाई (संवाददाता-हिमालय राज): संगीत शिक्षक बहाली संघर्ष समिति छपरा सारण इकाई के द्वारा नगरपालिका चौक पर लगातार संगीत अभ्यर्थी के साथ हो रहे अन्याय व अनदेखी के खिलाफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और शिक्षा मंत्री प्रोफेसर चंद्रशेखर का पुतला दहन करके आक्रोश जताया । ज्ञात हो कि विगत दिन में संगीत शिक्षक की 2043 बहाली सरकार के द्वारा लायी गयी थी मगर उस्मान काफी अनियमितता व विसंगतियां देखी गयी । बहाली में सरकारी के अधिसूचना के आधार पर TGT वालों के लिए स्नातक में 50% अंक अनिवार्य था तथा PGT वाले अभ्यर्थी के लिए स्नातकोत्तर में 50% अंक अनिवार्य किया गया था मगर दूसरी अधिसूचना में TGT बहाली को हटा दिया गया एवं दूसरी ओर PGT की योग्यता में पात्रता परीक्षा की मांग की गई जबकि इस बात से सभी अवगत हैं कि विगत 11 वर्षों से बिहार सरकार के द्वारा संगीत विषय की पात्रता परीक्षा नही हुई है । इन्ही सभी विषयों से अत्यधित आक्रोशित होकर संगीत शिक्षक अभ्यर्थी ने पुतला दहन करके आक्रोश जताया । पुतला दहन कार्यक्रम किया गया जिला इकाई के संयोजक प्रदीप सौरभ व प्रणव सिंह ने संयुक्त रूप से किया तथा वहां मनोज कुमार महतो ,आशीष कुमार, प्रिंस पवन ,रिशु पांडेय ,सनी कुमार ,अतुल कुमार सिंह ,कुंदन कुमार,विवेक समदर्शी ,राजश्री कुमारी ,शेखर सुमन एवं कई अन्य संगीत अभ्यर्थी उपस्थित थे ।