आदिवासियों ने ‘राजकुमार राम’ को ‘भगवान राम’ बनाया : मोदी

जमुई, 15 नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासी समाज को ‘राजकुमार राम’ को ‘भगवान राम’ बनाने का श्रेय दिया वहीं देश की पूर्ववर्ती सरकारों पर आदिवासियों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि जिनको किसी ने नहीं पूछा उनको मोदी पूजता है। श्री मोदी ने शुक्रवार को यहां बल्लोपुर गांव में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में आदिवासियों के लिए 6640 करोड़ रुपये की अलग-अलग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद अपने संबोधन में कहा, “आदिवासी समाज वह है, जिसने राजकुमार राम को भगवान राम बनाया। आदिवासी समाज ने भारत की संस्कृति और आजादी की रक्षा के लिए, सैकड़ों सालों की लड़ाई को नेतृत्व दिया। आजादी के बाद के दशकों में आदिवासी इतिहास के योगदान को मिटाने के लिए कोशिश की गई। इसके पीछे भी स्वार्थ भरी राजनीति थी। राजनीति यह कि भारत की आजादी के लिए केवल एक ही दल को श्रेय दिया जाए।” प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने आदिवासी समाज की मुश्किलें कम करने के लिए पीएम जन-मन योजना शुरू की। इसके तहत देश की सबसे पिछड़ी जनजातीय आबादी का विकास हो रहा है। अति पिछड़ी जनजातियों को हजारों पक्के घर दिए हैं। आदिवासी बस्तियों को जोड़ने के लिए पक्की सड़कें बनाई जा रही हैं। सैकड़ों गांवों में हर घर नल से जल पहुंचा है। उन्होंने कहा, “जिनको किसी ने नहीं पूछा, मोदी उनको पूजता है।”

सोनपुर:कालीघाट पर जल, शौचालय , सफाई और ला इट की व्यवस्था नहीं होने के कारण आक्रोशित संत महात्माओं ने किया विरोध प्रदर्शन

भंडारे और अष्ट्याम में हो रही परेशानी सारण, 14 नवंबर (संवाददाता – अशरफ): विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारा एवं अखंड अष्टयाम के लिए आए हुए संत महात्माओं ने गुरुवार को जल शौचालय ,सफाई एवं लाइट की कमी होने के कारण विरोध प्रदर्शन किया। श्रीधर बाबा के शिष्य मुरारी स्वामी, डॉ दामोदर दास, कन्हैया दास, चंद्रिका दास ,रामबचन दास जी, राम विपिन दास , रामविलास दास, संत मेघनाथ प्रसाद, डॉ उमाशंकर सिंह, रामविलास सिंह, राजेश सिंह, उपेंद्र प्रसाद समाजसेवी संत भक्ति लालबाबू पटेल आदि संत महात्माओं ने आरोप लगाया कि कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालु माताएं बाबा हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए आएंगे। घाट को बैरिकेडिंग छोटा कर दिया गया है। जितने भी संत महात्मा और श्रद्धालु आए हैं सरकारी शौचालय की व्यवस्था नहीं है और शौचालय वाला पैसा मांग रहे हैं।वही पीने का पानी नहीं है।जिसमें मजबूरी में लोग गंडकी नदी के पानी पीकर के बीमार पड़ रहे हैं। भंडारे और भोजन बनाने में भी काफी परेशानी हो रही है।वही समुचित लाइट नहीं होने जमीन समतल और सफाई नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। संत महात्माओं ने कहा कि अगर सरकार तथा प्रशासन इस पर व्यवस्था नहीं करेगी तो हम लोग चरणबद्ध तरीके से लगातार आंदोलन करते रहेंगे।

अभिनेत्री अक्षरा सिंह को फोन पर धमकी मामला, पुलिस हिरासत में आरोपी

दानापुर, 14 नवंबर: मशहूर भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह को फोन पर धमकी देने और रंगदारी मांगने वाले मामले में पुलिस ने आरोपी को बिहार के दानापुर से हिरासत में लिया है। आरोपी का नाम कुंदन कुमार सिंह बताया जा रहा है। उस पर पहले से दो और मामले दर्ज हैं। हालांकि उसके द्वारा अभिनेत्री से रंगदारी मांगने की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। एसडीपीओ दानापुर भानु प्रताप सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, “अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने दानापुर थाना में एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने बताया कि एक अज्ञात कॉल के जरिए उनसे रंगदारी मांगी गई और धमकाया भी गया। इस शिकायत पर दानापुर थाना ने तुरंत एफआईआर दर्ज की, जो 13 नवंबर 2024 को की गई। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की पहचान कुंदन कुमार सिंह के रूप में हुई। जो भोजपुर जिले के आरा का रहने वाला है। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर पता चला कि इस व्यक्ति पर पहले भी दो मामले दर्ज हैं। पहला मामला 2019 में खगौल थाना क्षेत्र में दर्ज हुआ था, जिसमें आरोपी शराब पीकर जेल गया था। दूसरा मामला नवादा थाना क्षेत्र, भोजपुर में दर्ज हुआ था, जिसमें वह पहले भी जेल जा चुका था।” उन्होंने आगे कहा, “जब पुलिस ने आरोपी से और पूछताछ की, तो उसके मुंह से शराब की तेज बदबू आ रही थी। इसके बाद पुलिस ने शराब की जांच के लिए एनालाइजर का इस्तेमाल किया, और पुष्टि हुई कि आरोपी ने शराब पी रखी थी। जांच में फिलहाल अभिनेत्री से रंगदारी मांगने की पुष्टि नहीं हो पाई है। हालांकि इस बात की पुष्टि हो गई है कि इस व्यक्ति ने ही अक्षरा सिंह को फोन किया था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

बिहार: जमुई में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सफाई कर्मियों के धुले पैर

जमुई, 14 नवंबर: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने गुरुवार को जमुई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मचारियों के पैर धुल कर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने जमुई में स्वच्छता अभियान के तहत बुजुर्ग सफाई कर्मियों के पैर धोकर उनको सम्मान दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जमुई आगमन से पहले शहर स्थित श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में स्वच्छता अभियान का एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके उपरांत दोनों ने कचहरी चौक स्थित अंबेडकर प्रतिमा को भी जल से धोकर फूल-माला चढ़ाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। मौके पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता हमारे जिंदगी की वह अनमोल धरोहर है, जिससे हम स्वस्थ रहते हैं, समृद्ध होते हैं और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता के संकल्प को साकार करते हैं। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पत्रकारों से कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन की वो अमूल्य धरोहर है, जिससे हम स्वच्छ रहते हैं, समृद्ध होते हैं और पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का काम करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि महात्मा गांधी ने भी इस अभियान को बहुत गंभीरता से लिया था, वहीं अब पीएम मोदी यह अभियान लोगों के मन मस्तिष्क में बैठाना चाहते हैं। संविधान के निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर ने कहा था कि मन के विकारों से मुक्त होना है। मन, तन और समाज के अंदर व्याप्त गंदगी से मुक्त होकर राष्ट्र को समृद्ध और सभ्य बनाना है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री आ रहे हैं, ऐसे में उनके संकल्प को साकार करने में पिछले 3-4 दिनों से अभियान चल रहा था। लोगों के उत्साह को देखते हुए भूमि राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल और मैंने मिलकर एक बेहतर जन जागरण अभियान की शुरुआत की। वहीं, दिलीप जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प में अपनी भूमिका निभाते हुए आज श्रीकृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम, जमुई में जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ भारत मिशन शहरी एवं ग्रामीण के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में माननीय उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के साथ सम्मिलित होकर बुजुर्ग स्वच्छता कर्मी के पैर धोकर उन्हें सम्मानित किया एवं लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘पीएम मोदी के कार्यक्रम से पूर्व जमुई शहर में पैदल भ्रमण कर स्वच्छता का संदेश दिया एवं ‘भारत रत्न’ बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को जल से धोकर, पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।’

सारण में अवैध मिनीगन फैक्ट्री का पुलिस ने किया उद्भेदन

एक अभियुक्त को भारी मात्रा में पूर्ण निर्मित एवं अर्द्ध निर्मित हथियार एवं अन्य सामग्रियों के साथ किया गया गिरफ्तार सारण, 14 नवम्बर (संवाददाता – अशरफ): सारण पुलिस कप्तान डॉ. कुमार आशीष ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 13 नम्बर 2024 को जिले के दरियापुर थानाध्यक्ष को सुचना प्राप्त हुई कि दरियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम- नाथा छपरा निवासी सुजीत शर्मा, पिता स्व० राम श्रृंगार शर्मा द्वारा अपने घर में मिनीगन फैक्ट्री का संचालन कर अवैध रूप से आग्नेयास्त्र का निर्माण कर तस्करी किया जा रहा है। उक्त सुचना पर एस०टी०एफ०, मुजफ्फरपुर एवं जिला आसूचना इकाई, सारण तथा थानाध्यक्ष, दरियापुर थाना एवं टीम के द्वारा संयुक्त अभियान चला कर ग्राम नाथा छपरा में सुजीत शर्मा के घर छापामारी किया गया। छापामारी के क्रम में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उभेदन कर अवैध आग्नेयास्त्र के निर्माण में संलिप्त सुजीत शर्मा को भारी मात्रा में पूर्ण निर्मित एवं अर्द्ध निर्मित हथियार एवं अन्य सामग्रियों के साथ गिरफ्तार किया गया। इस सन्दर्भ में दरियापुर थाना कांड संख्या- 646/24, दि०- 13.11.24 धारा-25(1-A)/25 (1-AA)/25(1-B)a/26 Amrs Act. दर्ज कर कांड में संलिप्तों के विरुद्ध अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम एवं पता:- 1. सुजीत शर्मा, पिता- स्व० राम श्रृंगार शर्मा, सा०- नाथा छपरा, थाना दरियापुर, जिला- सारण | सुजीत शर्मा का अबतक का ज्ञात अपराधिक इतिहास:- . दरियापुर थाना कांड संख्या-132/2009, दिनांक-08-11-2009 धारा-7/25 (1-b)a/26/35 Amrs Act. बरामद सामान –  1. देशी कट्टा-01, 02. बैरल 10, 03. देशी कटटा का अद्धनिर्मित घोड़ा 9, 04. देशी कट्टा का अद्धनिर्मित इंजेक्टर-12, 05. देशी कट्टा का अद्धनिर्मित बौटम-10, 06. बैरल पाईप 10, 07. देशी कट्टा का अद्धनिर्मित फायरिंग पिन-9, 08. देशी कट्टा का अद्धनिर्मित बॉडी प्लेट- 12, 09. लकड़ी एवं लोहे का बेंच वाइस मशीन 01, 10. एक बड़ा साईज का लकड़ी एवं लोहे का हथौड़ा, 11. रेती (फाईल)- 10, 12. लोहे का निहाई- 01, 13. लोहे का 53 पीस का छोटा साईज का सुमा (छेनी), 14 लोहे एवं लकड़ी का बसुला-01, 15. लोहे का डाई-01, 16. लोहा एवं प्लास्टिक कवर लगा पिलास 1, 17. लोहे का सरसी-01, 18. लोहे का छोटा साईज का रिच- 4, 19. लोहे का हेक्सा ब्लेड- 01, 20. लोहे का छोटा पती- 4, 21. लोहा एवं लकड़ी का बटाली- 1, 22. लोहे का अकुरा-01, 23. लोहा का छोटा साईज का स्त्रींग-02 छापामारी दल में शामिल सदस्य:- 1. पु०नि० कामेश्वर प्रसाद, थानाध्यक्ष, दरियापुर थाना, प्र०पु०अ०नि० अक्षय कुमार चौबे, प्र०पु०अ०नि० सिजय कुमार, प्र०पु०अ०नि० आकाश दीप, पी०टी०सी० गीता कुमारी, गृहरक्षक 201927 अमर कुमार सिंह, गृहरक्षक 3006 केदार नाथ सिंह, दरियापुर थाना एवं थाना के अन्य कर्मी 2. पु०अ०नि० सुजीत कुमार-2, पु०अ०नि० साकेत बिहारी, जिला आसूचना इकाई, सारण 3. पु०नि० आशुतोष कुमार, एस०टी०एफ०, मुजफ्फरपुर एवं टीम।

पीएम मोदी ने बिहार को 12,100 करोड़ रुपये की योजनाओं का दिया उपहार, दरभंगा एम्स का किया शिलान्यास

दरभंगा, 13 नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धों के लिए मुफ्त इलाज की सुविधा शुरू कर उन्होंने अपनी एक ‘गारंटी’ पूरी कर दी है। श्री मोदी ने बुधवार को यहां शोभन में बिहार के दूसरे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की आधाराशिला रखने के साथ ही 12 हजार करोड़ रुपये की अलग-अलग योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा, “मैंने अपनी एक गारंटी पूरी कर दी है। सत्तर साल से ऊपर के जितने भी बुजुर्ग हों, उनके मुफ्त इलाज की सुविधा शुरू हो गई है। जल्द ही सभी वृद्धों के पास आयुष्मान वंदन कार्ड होगा। छोटे शहरों में भी इलाज की बेहतरीन सुविधा पहुंचाने के लक्ष्य की ओर हम काम कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि कोई परिवार नहीं चाहता कि उसके घर में कोई बीमारी पड़े। शरीर स्वस्थ रहे, इसके लिए योग, आयुर्वेद और पोषक खान-पान का महत्व बताया जा रहा है। फिट इंडिया मूवमेंट चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीमारियों की आम वजह गंदगी, दूषित खानपान और खराब जीवनशैली होती है। इसलिए, स्वच्छ भारत अभियान, हर घर शौचालय और नल से जल जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे आयोजनों से शहर तो स्वच्छ बनता ही है, बीमारियां फैलने की गुंजाइश भी कम हो जाती है। उन्होंने बिहार सरकार को दरभंगा में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाए जाने पर आभार जताया और आगे भी इसे जारी रखने की अपील की। श्री मोदी ने कहा कि देश में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को सबसे ज्यादा बीमारियां प्रभावित करती हैं। घर में कोई गंभीर रूप से बीमार पड़ जाए तो पूरा परिवार संकट में आ जाता है। हम इस चिंता को समझते हैं। पहले के दौर में अस्पताल बहुत कम थे, चिकित्सकों की संख्या बहुत कम थी, दवाइयां बहुत महंगी थी, जांच का कोई ठिकाना नहीं था। उन्होंने कहा कि उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर का सपना पूरा किया है। अब कोई भी अपनी मातृभाषा में मेडिकल की पढ़ाई करके डॉक्टर बन सकता है। हिन्दी और दूसरी भारतीय भाषाओं में भी मेडिकल की पढ़ाई का विकल्प दिया जा रहा है। इससे गरीब, आदिवासी और दलित परिवारों के बच्चे भी डॉक्टर बन सकते हैं। प्रधानमंत्री ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य की पूर्व की सरकारें सिर्फ वादों और दावों में उलझी रही थी। बिहार में जब तक श्री नीतीश कुमार सरकार में नहीं आए तब तक गरीबों की चिंता को लेकर कोई गंभीरता नहीं थी। गरीब लोगों के पास चुपचाप बीमारी सहने के अलावा कोई चारा नहीं था। ऐसी स्थिति में हमारा देश कैसे आगे बढ़ता। इसलिए पुरानी सोच और अप्रोच, दोनों को बदला गया। उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार का सुशासन मॉडल अद्भुत है। बिहार को जंगलराज से बाहर निकालने में उन्होंने बड़ी भूमिका निभाई। श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने छोटे किसानों और छोटे उद्योगों को महत्व देकर विकास की धारा बहाई है। हवाईअड्डे और एक्सप्रेसवे से विकास हो रहा है। दरभंगा में हवाईअड्डा चालू होने से दिल्ली, मुंबई के लिए सीधी उड़ान है। उन्होंने कहा कि दरभंगा से रांची के लिए भी विमान सेवा शुरू होगी। आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे पर भी काम चल रहा है। प्रधानमंत्री ने ‘बिहार कोकिला’ शारदा सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मिथिला की बेटी शारदा सिन्हा जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने भोजपुरी और मैथिली संगीत की जो सेवा की है वह अतुल्य है खास तौर पर छठ की महिमा को जिस तरह उन्होंने अपनी गीतों से पूरी दुनिया में पहुंचाया वह अद्भुत है। श्री मोदी ने कहा कि आज बिहार समेत पूरा देश विकास के बड़े-बड़े लक्ष्य को पूरा होते देख रहा है। जिन सुविधाओं परियोजनाओं की चर्चा होती थी आज वह वास्तविकता बनकर जमीन पर उतर रही है। उन्होंने कहा कि हम विकसित भारत की तरफ तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं। हमारी पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि हम इसके साक्षी बना रहे हैं और इसे पूरा करने में अपना योगदान भी दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार बेटी सेवा के लिए, लोगों के कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है। सेवा की इसी भावना से जहां विकास से जुड़े 12000 करोड रुपये की अलग-अलग परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है और सबसे बड़ी बात दरभंगा में एम्स का सपना साकार होने का बड़ा कदम उठाया गया है। दरभंगा एम्स के निर्माण से बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में बहुत बड़ा परिवर्तन आएगा। इससे मिथिला और तिरहुत क्षेत्र के अलावा पश्चिम बंगाल और आसपास के कई क्षेत्र के लोगों के लिए सुविधा हुई। नेपाल से आने वाले मरीज भी इस एम्स में इलाज कर सकेंगे। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। श्री मोदी ने कहा, “दरभंगा में कहावत है ‘पग-पग पोखरी, माछ-मखान, मधुर बोल, मुसकी मुख पान।’ हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि यहां के मछली पालकों और किसानों का हित करना है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत बिहार के किसानों को 25 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा दिए गए हैं। मिथिला के किसानों को भी इस योजना का फायदा मिला है। एक जिला एक उत्पाद योजना से यहां के मखाना समेत अन्य उत्पादों को देश भर के बाजारों में बेचा जा रहा है। मखाना को जीआई टैग भी मिला है। मत्स्य संपदा योजना के तहत मछलीपालकों को हर कदम पर मदद की जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार भारत की विरासत का बड़ा केंद्र है। इसे संजोना सभी की जिम्मेदारी है। राजग सरकार विकास और विरासत के मंत्र पर चल रही है। नालंदा विश्वविद्यालय फिर से अपना गौरव पाने की तरफ बढ़ रहा है। अलग-अलग भाषाएं हमारी अनमोल विरासत है। इन्हें बोलना और बचाना भी जरूरी है। हाल ही में हमने पाली भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिया। इस भाषा में भगवान बुद्ध के संदेश और बिहार की संस्कृति निहित है। श्री मोदी ने दरभंगा स्टेट के महाराजा रहे कामेश्वर सिंह को याद करते हुए कहा कि आजादी के पहले और बाद में भारत के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। काशी में भी उनके कार्यों की बहुत चर्चा होती है। उन्होंने कहा, “कामेश्वर सिंह के सामाजिक कार्य दरभंगा

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की 13 नवंबर से शुरुआत

पटना, 12 नवंबर: ऐतिहासिक और पौराणिक विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की तैयारी अंतिम चरण में है। एक महीने तक चलने वाले इस मेले का उद्घाटन बुधवार को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा करेंगे। बिहार के पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि सोनपुर मेला को भव्य बनाने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा कई सारी तैयारियां की गई है। मेला क्षेत्र में सांस्कृतिक पंडाल और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज का निर्माण कराया गया है। मेला क्षेत्र के सांस्कृतिक पंडाल में अस्थायी पर्यटक सूचना केंद्र का भी निर्माण किया गया है, जहां पर्यटक गाइडों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया कि उद्घाटन के दिन बॉलीवुड पार्श्व गायक-गायिका एश्वर्य निगम और दिपाली सहाय की टीम सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। पर्यटन मंत्री ने बताया कि इसके साथ ही 16 नवंबर को प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर की भी प्रस्तुति होगी। संपूर्ण मेला अवधि में पर्यटन विभाग, कला-संस्कृति एवं युवा विभाग और जिला प्रशासन के द्वारा प्रतिदिन सांस्कृतिक पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा पर्यटन ग्राम में अत्याधुनिक सुविधायुक्त छह स्विस कॉटेज का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही पटना से सोनपुर जाने के लिए स्पेशल टूर पैकेज भी उपलब्ध कराया गया है। स्विस कॉटेज की दर न्यूनतम रखी गई है, जिससे अधिक-से-अधिक पर्यटक इसमें ठहर कर मेले का आनंद उठा सकें। इन कॉटेजों में फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पर्यटकों के लिए फैमिली टूर पैकेज (एक रात व दो दिन) तैयार किया गया है। इसके लिए 6,000 रुपये (दो व्यक्ति तथा दो बच्चे) देने होंगे, इसके तहत इटियोस एसी वाहन मुहैया कराया जायेगा। इसके अलावा टूरिस्ट गाइड, ठहरने, ब्रेकफास्ट, लंच, डिनर, स्नैक्स और पानी के साथ पर्यटक ग्राम में रात्रि विश्राम की सुविधा दी जाएगी। इस पैकेज में पर्यटन निगम कार्यालय से दोपहर 12 बजे वाहन सोनपुर के लिए प्रस्थान करेगा। पहले दिन हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन व पर्यटक ग्राम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया जा सकेगा। एकदिवसीय स्पेशल टूर पैकेज आम पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। यह पैकेज दोपहर 12 बजे से संध्या सात बजे तक का होगा।

दिलीप जायसवाल बोले, ‘तेजस्वी यादव बाप के बेटे जरूर हैं लेकिन नेता नहीं हैं, प्रशांत किशोर पर भी किया कटाक्ष

गया, 11 नवंबर: बिहार विधानसभा की चार सीटों तरारी, रामगढ़, इमामगंज और बेलागंज में उपचुनाव का आज अंतिम दिन है। इसी को लेकर राजनीतिक दल एनडीए और महागठबंधन के दलों के नेताओं ने अपने-अपने उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इमामगंज विधानसभा क्षेत्र के इमामगंज और रानीगंज मुख्य बाजार में एनडीए उम्मीदवार दीपा मांझी की जीत के लिए रोड शो किया। रोड शो के दौरान दिलीप जायसवाल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव पर निशाना साधा और एनडीए उम्मीदवार दीपा मांझी की जीत का दावा किया। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि दीपा मांझी चुनाव जीत रही हैं, उनकी टक्कर में कोई नहीं है। आज इमामगंज में रोड शो किया जा रहा है, दीपा मांझी भारी मतों से चुनाव जीत रही हैं। सीएम नीतीश कुमार और पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार की चारों सीट पर एनडीए की जीत होगी। तेजस्वी यादव भी आज चुनाव प्रचार करने आए थे। उस पर कटाक्ष करते हुए जायसवाल ने कहा कि तेजस्वी यादव किस बात के नेता हैं, वो बाप के बेटे जरूर हैं लेकिन नेता नहीं हैं। किसी का बेटा हो गया तो क्या नेता हो जाएगा? तेजस्वी यादव 9वीं फेल हैं। उन्हें पहले पढ़ने लिखने की जरूरत है। दिलीप जायसवाल ने प्रशांत किशोर को राजनीतिक दुकानदार बताया। उन्होंने पत्रकार के एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रशांत किशोर राजनीतिक दुकानदार हैं। दो नंबर का पैसा कमा के आएं हैं।

विधानसभा उपचुनाव राजग और महागठबंधन के लिये 2025 के चुनाव का सेमीफाइनल

पटना, 11 नवंबर: बिहार विधानसभा की चार विधानसभा सीट तरारी, रामगढ़, बेलागंज और इमामगंज (सु) सीट पर 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और महागठबंधन दोनों के प्रत्याशी इस चुनाव को 2025 में होने वाले विधानसभा का सेमीफाइनल मानकर एक-दूसरे को चुनौती देते नजर आयेंगे। बिहार के चार विधानसभा क्षेत्र तरारी, रामगढ़, बेलागंज और इमामगंज (सु) में 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे। इनमें से तीन सीट तरारी, रामगढ़ और बेलागंज में महागठबंधन जबकि एकमात्र सीट इमामगंज (सु) पर राजग का कब्जा है। तरारी में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी( भाकपा-माले) जबकि रामगढ़ और बेलागंज में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का कब्जा है। इमामगंज सीट हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के पास है। राजग और महागठबंधन दोनों दलों के दिग्गज नेताओ ने चुनाव प्रचार में ताकत झोंक दी है। राजग और महागठबंधन दोनों दल के प्रत्याशी इस उपचुनाव को अगले वर्ष 2025 में होने वाले विधानसभा का सेमीफाइनल मानकर चुनावी दंगल में एक-दूसरे को चुनौती देते नजर आयेंगे। इन सभी चार सीटों पर उपचुनाव को लेकर 38 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं,जिसमें तरारी में 10, रामगढ़ में 05, इमामगंज में 09 और बेलगंज में 14 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। उपचुनाव की जंग राजग और महागठबंधन के बीच मानी जा रही है। हालांकि इस बार चारों सीटों पर प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार उतारे हैं। तरारी बिहार विधानसभा उपचुनाव में जहां महागठबंधन में शामिल भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) हैट्रिक लगाने की फिराक में है, वहीं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर पूर्व बाहुबली विधायक नरेंद्र कुमार पाण्डेय उर्फ सुनील पांडे के पुत्र विशाल प्रशांत अपनी सियासी पारी का आगाज कर रहे हैं। तरारी विधानसभा सीट पर लगातार दो बार 2015 और 2020 के चुनाव में भाकपा माले के सुदामा प्रसाद ने जीत का परचम लहराया है। भाकपा माले प्रत्याशी राजू यादव के कंधे पर तरारी सीट को जीतने की चुनौती है।तरारी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा, भाकपा माले , बहुजन समाज पार्टी (बसपा), जनसुराज पार्टी ,चार निर्दलीय समेत 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा और भाकपा माले के बीच मानाा जा रहा है।इस मुकाबले को प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज दिलचस्प बना सकती है। जनसुराज ने किरण सिंह को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। बेलागंज विधानसभा क्षेत्र से जहां दिग्गज नेता सुरेन्द्र प्रसाद यादव लगातार आठ बार निर्वाचित हुये वहीं उनके पुत्र राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रत्याशी विश्वनाथ कुमार सिंह अपनी सियासी पारी का आगाज कर रहे हैं।बेलागंज क्षेत्र में राजद, जनता दल यूनाईटेड (जदयू),जनसुराज पार्टी ,ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम), छह निर्दलीय समेत 14 प्रत्याशी हैं। यहां से राजद के विश्वनाथ कुमार सिंह, जदयू से पूर्व विधान पार्षद मनोरमा देवी, जनसुराज पार्टी से मोहम्मद अमजद और एआईएमआईएम से मोहम्मद जामिद अली हसन चुनाव मैदान में हैं।बेलागंज सीट राजद का सबसे मजबूत किला माना जाता है, लेकिन इस बार उसे लड़ाई दो मोर्चो पर लड़नी है।एक ओर जहां उन्हें यादव वोटो को इंटैक्ट रखना है तो दूसरी तरफ प्रशांत किशोर के अल्पसंख्यक उम्मीदवार भी उनके लिए चुनौती हैं। जनसुराज और एआईएमआईएम जहां अल्पसंख्यक वोटों को डिस्टर्ब करेगी, वहीं जदयू यादव वोट में सेंधमारी करने की कोशिश करेगी। ऐसे में मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में करीब चार दशक से पूर्व सांसद और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और उनके परिवार के सदस्यों का दबदबा रहा है। इस सीट पर श्री सिंह के छोटे पुत्र अजीत कुमार सिंह यहीं से अपनी राजनीति की शुरूआत कर रहे हैं। रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर है। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में राजद,भाजपा, जनसुराज ,बसपा समेत पांच प्रत्याशी मैदान में हैं।इस मुकाबले में भारतीय जनताा पार्टी (भाजपा) की ओर से पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह मैदान में हैं, तो प्रशांत किशोर ने सुशील कुमार सिंह को मैदान में उतार दिया।बहुजन समाज पार्टी ने पूर्व विधायक अंबिका सिंह के भतीजे सतीश कुमार सिंह यादव उर्फ पिंटू यादव ,यादव उम्मीदवार को मैदान में उतारकर मुकाबले को चतुष्कोणीय बना दिया है।जातिगत समीकरण के हिसाब से रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में राजपूत जाति के सर्वाधिक मतदाता है। दूसरे नंबर पर मुस्लिम मतदाता हैं।तीसरे नंबर पर यादव वोटर हैं। राजद उम्मीदवार अजीत सिंह और भाजपा उम्मीदवार अशोक सिंह की दावेदारी राजपूत वोटों पर है।बसपा के उम्मीदवार पिंटू यादव और जन सुराज के उम्मीदवार सुशील कुमार सिंह दोनों ही मुस्लिम यादव (माई) समीकरण में सेंध मारी कर सकते हैं। राजद यहां एमवाई समीकरण को दुरुस्त करने में लगा है। इस समीकरण का बिखराव राजद उम्मीदवार को नुकसान पहुंचा सकता है। बिहार विधानसभा उपचुनाव में हाइप्रोफाइल इमामगंज (सुरक्षित) सीट पर जहां हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) एक बार फिर से कब्जा बरकरार रखने की कोशिश में है वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पार्टी की ‘लालटेन’ को रोशन करने की जद्दोजहद में है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संस्थापक जीतन राम मांझी ने वर्ष 2015 और वर्ष 2020 लगातार दो बार इमामगंज सीट पर जीत हासिल की थी। इमामगंज (सु) सीट से केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपनी बहू और राज्य सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन की पत्नी दीपा मांझी को (हम) का उम्मीदवार बनाया है। वहीं महागठबंधन के घटक दल राजद ने इमामगंज (सु) सीट से रौशन कुमार को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। वर्ष 1990 में इस सीट पर हुये चुनाव में लालू प्रसाद यादव की पूर्ववर्ती पार्टी जनता दल के टिकट पर उदय नारायण चौधरी ने जीत हासिल की थी। इसके बाद से अबतक हुये इस सीट पर हुये चुनाव में लालू यादव की पार्टी जनता दल, या राष्ट्रीय जनता दल किसी ने जीत हासिल नहीं की है।इस तरह राजद के रौशन कुमार यहां पार्टी की ‘लालटेन’ रौशन करने के प्रयास में लगे हैं। इमामगंज (सु) सीट पर उपचुनाव में हम, राजद,जनसुराज,पार्टी ,ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम), दो निर्दलीय समेत 09 प्रत्याशी हैं। यहां से हम से दीपा मांझी, राजद से रौशन कुमार, जनसुराज पार्टी से जीतेन्द्र पासवान और एआईएमआईएम से कंचन पासवान मैदान में हैं। इस उपचुनाव में राजग विपक्ष की तीन सीटों तरारी, रामगढ़ एवं बेलागंज को झटकने की कोशिश में जुटा है। वहीं, महागठबंधन अपनी जीती हुई सीटों

मोतिहारी : पुलिस पर हमला करने वाले 12 लोग गिरफ्तार

मोतिहारी, 10 नवंबर: बिहार के मोतिहारी में पुलिस पर हमला करने वाले 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। वहीं, इस घटना की जांच के लिए एसआईटी का भी गठन किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों से इस मामले के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के बाद जो जानकारी प्रकाश में आएगी, उसके आधार पर आगे की जांच की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि इस तरह के कृत्य में शामिल आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कार्रवाई करने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। बता दें कि शनिवार (9 नवंबर) को बिहार के मोतिहारी जिले में कुछ लोगों ने दरोगा और पुलिसकर्मियों को घेर कर लिया था। बचाव में भीड़ से घिरे दरोगा ने हवाई फायरिंग की थी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। यह घटना मोतिहारी के डुमरिया घाट थाने क्षेत्र में स्थित रामपुरवा गांव की है। दरअसल, एक हादसे में गांव के तीन लोग घायल हो गए थे। इसके बाद गुस्से में ग्रामीणों ने ड्राइवर और उसके पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया था। सूचना मिलने पर बंधक को मुक्त कराने के लिए स्थानीय थाने की पुलिस टीम रामपुरवा गांव पहुंची। इसी दौरान लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, भीड़ ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और उसे पलटने की कोशिश की। इस दौरान, पुलिस जैसे-तैसे अपनी गाड़ी लेकर वहां से रवाना हो गई। लेकिन, दरोगा और दो अन्य पुलिसकर्मियों को लोगों ने घेर लिया। इस घटना पर एसपी ने दो टूक कहा था कि इस प्रकरण में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था का मजाक बनाने की हिम्मत न जुटा सके।