पटना, 16 दिसंबर: बिहार में प्रश्नपत्र लीक होने के कई मामले सामने आने के बाद सरकार अब एक्शन में नजर आ रही है। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) को और सक्षम बनाया जा रहा। इसके तहत अब अभियुक्तों की संपत्ति भी जब्त की जाएगी। अपर पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन ने यहां पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में बताया कि 2012 से अब तक 10 परीक्षाओं के मामले में ईओयू ने जांच की है। इसमें अब तक 545 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई और 249 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने इन मामलों को लेकर मॉडल एक्ट लागू किया है जिसके तहत राज्य में बिहार लोक परीक्षा अनुसूचित संधारण अधिनियम निवारण कानून लागू है। हाल ही में सीएचओ परीक्षा लीक मामले में यह कानून लागू किया गया है। ईओयू को और सुदृढ़ किया जा रहा है। ईओयू परीक्षा लेने वाले विभागों को सलाह भी दे रही है। कुंदन कृष्णन ने बताया कि एक डाटा बैंक बनाया जा रहा है जिसमें सभी संगठित गिरोहों की पूरी जानकारी होगी। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि जो भी संगठित गिरोह परीक्षा के माध्यम से संपत्ति अर्जित करेंगे उनकी संपत्ति भी जब्त की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी परीक्षा में अनियमितता या किसी प्रकार की प्रश्न पत्र लीक की सूचना उपलब्ध कराने की अपील की। भ्रामक समाचारों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि बिहार लोकसेवा आयोग का परीक्षा में कोई प्रश्न पत्र लीक नहीं हुआ है। जिन केंद्रों पर हुड़दंग की घटना हुई है, उसमें जिला प्रशासन और पुलिस कारवाई करने को लेकर सक्षम है। उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि ऐसे मामलों को रोकने के लिए ईआईयू कारवाई कर रही है। इधर, बताया गया कि बिहार लोक सेवा आयोग की हाल ही में हुई परीक्षा में हंगामे के पीछे तीन प्रमुख कोचिंग संस्थानों की भूमिका सामने आई है। इन कोचिंग संस्थानों ने अपना स्वार्थ साधने के लिए छात्रों को गुमराह किया और उन्हें हंगामा करने के लिए उकसाया। यह हंगामा बीपीएससी की छवि को धूमिल करने और परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल खड़े करने की साजिश का हिस्सा था।
तेजस्वी के ‘कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम’ के तीसरे चरण की अगली कड़ी 15 दिसंबर से
पटना, 14 दिसंबर: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के ‘कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम’ के तीसरे चरण की अगली कड़ी कल 15 दिसम्बर को सुपौल से शुरू होगी। श्री गगन ने बताया कि तीसरे चरण की पहली कड़ी 4 से 7 दिसम्बर के बीच मुंगेर, खगड़िया, बेगुसराय, लखीसराय और शेखपुरा जिले के 17 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद हो चुका है। झारखंड विधानसभा चुनाव के पूर्व यात्रा के पहले और दूसरे चरण में तेजस्वी समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, बांका, जमुई सहित छह जिलों के कुल 48 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुके थे। अबतक वे 11 जिलों के कुल 65 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित कर चुके हैं। राजद प्रवक्ता ने बताया कि श्री तेजस्वी यादव कल 15 दिसम्बर को सुपौल, 16 दिसम्बर को सहरसा, 17 दिसम्बर को मधेपुरा, 18 दिसम्बर को अररिया, 19 दिसम्बर को किशनगंज, 20 दिसम्बर को पूर्णियां, 21 दिसम्बर को कटिहार एवं 22 दिसम्बर को भागलपुर में आयोजित ‘कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम’ के माध्यम से कुल 44 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करेंगे। अस्वस्थ रहने के बावजूद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने आज सभी जिलाध्यक्षों से दूरभाष पर सम्पर्क कर तैयारी की समीक्षा की है, साथ हीं सभी जिला प्रभारियों को अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में जाकर कैम्प करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि यात्रा के अगले चरण की घोषणा भी जल्द ही कर दी जाएगी।
बिहार के छपरा में ट्रक से भिड़ी कार, 2 की मौत 2 घायल
छपरा, 13 दिसंबर: बिहार में छपरा के एनएच-531 पर ट्रक और कार की बीच जबरदस्त भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक की पहचान आरा के बीएमपी जवान कौशल प्रसाद के रूप में हुई है। वह सिवान में कार्यरत थे। वहीं दूसरे व्यक्ति की पहचान सारण जिला निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है। घायलों की पहचान आंदर के पूर्व चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अमितेश और उनके सहयोगी गुड्डू कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, आंदर स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमितेश, दो पुलिसकर्मियों और चालक के साथ सोनपुर मेला से अपनी होंडा सिटी कार में लौट रहे थे। इसी दौरान छपरा-सीवान मुख्य मार्ग पर दाउदपुर थाना क्षेत्र के बेलदारी गांव के पास एक होटल के पास कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सभी कार सवार घायल हो गए। घटना की सूचना के बाद दाउदपुर थानाध्यक्ष नवलेश, एएसआई रंजीत कुमार और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए एकमा स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया। घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए हैं। ट्रक चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर ट्रक से जा भिड़ी।
पटना : परीक्षा केंद्र के बाहर प्रदर्शन कर रहे बीपीएससी अभ्यर्थी को डीएम ने जड़ा थप्पड़
पटना, 13 दिसंबर: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा में जमकर हंगामा देखने को मिला। परीक्षा समाप्त होने के बाद पटना के कुम्हरार में बापू परीक्षा परिसर पर छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा कर रहे परीक्षार्थियों में से एक को पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने थप्पड़ जड़ दिया। बीपीएससी परीक्षार्थियों के हंगामे को संभालने के लिए जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह पटना एसएसपी राजीव मिश्रा के साथ मौके पर पहुंचे थे। अधिकारी छात्रों को समझा रहे थे, तभी पटना के डीएम ने आपा खोते हुए हंगामा कर रहे परीक्षार्थियों में से एक छात्र को थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ कांड के बाद वहां खड़े पुलिसकर्मी उस छात्र को पकड़कर अपने साथ ले गए। गौरतलब है कि बीपीएससी परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थी हंगामा कर रहे थे। उनका आरोप था कि उन्हें प्रश्नपत्र देरी से दिया गया था। अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट लेकर बाहर आ गए। उन्होंने प्रश्न पत्र भी फाड़ दिए। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा आयोजित 70वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन शुक्रवार को बिहार के 912 केंद्रों पर किया गया। राजधानी पटना में 60 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन हुआ। इस परीक्षा के लिए चार लाख 83 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा एक ही शिफ्ट में दोपहर 12 बजे से दो बजे तक हुई। बिहार के कैमूर जिले के निवासी परीक्षार्थी बरसीदा राशिद ने कहा कि पेपर बहुत अच्छा था और हिस्ट्री सेक्शन विशेष रूप से मददगार रहा। बीपीएससी की तैयारियां बहुत अच्छी थीं। एक अन्य छात्र अनुराग केसरी ने बताया कि यह मेरा दूसरा प्रयास था। पेपर में करंट अफेयर्स के सवाल अच्छे थे। अगर कोई दो महीने भी अच्छी तरह से तैयारी करता तो अच्छे अंक ला सकता था। बीपीएससी की तैयारी तो ठीक थी, लेकिन अंदर की व्यवस्थाओं के बारे में आयोग ही जानता है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना कलेक्ट्रेट के नए भवन का उद्घाटन किया
पटना, 10 दिसंबर : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवनिर्मित ‘पटना कलेक्ट्रेट’ (जिला समाहरणालय) के बहुमंजिला आधुनिक भवन का मंगलवार को उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के बाद इस बहुमंजिला आधुनिक भवन का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। इस विषय से परिचित लोगों ने बताया कि पुराने ‘कलेक्ट्रेट’ के अब ध्वस्त हो चुके डचकालीन रिकॉर्ड रूम के अग्रभाग को सुशोभित करने वाले आठ स्तंभों को संरक्षित किया गया है और नए परिसर में एक प्लाजा में प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। नये परिसर में तीन ऊंची इमारतें हैं, जिनमें भूतल और ‘बेसमेंट पार्किंग’ की सुविधा है। इसे डच और ब्रिटिश काल की विरासत वाली इमारतों को ध्वस्त कर पुनर्विकास परियोजना के तहत बनाया गया है। यहां पुराने कलेक्ट्रेट था। नए परिसर में एक ही छत के नीचे 39 प्रशासनिक विभागों के कार्यालय होंगे। सूत्र ने कहा, ‘उद्घाटन के बाद विभिन्न कार्यालय अपने अस्थायी स्थलों से स्थानांतरित किये जाने लगेंगे।’ दस एकड़ में फैला यह विशाल परिसर शहर के बीचों-बीच गंगा के किनारे स्थित है और ऐतिहासिक एवं इसी नाम से प्रसिद्ध कलेक्ट्रेट घाट के सामने है। इस परिसर के मुख्य खंड के पूर्वी और पश्चिमी किनारों पर दो खंड हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पूर्वी खंड में जिला बोर्ड, पटना का कार्यालय होगा, जबकि पश्चिमी खंड में एसडीओ और उपविकास आयुक्त के कार्यालय होंगे। पुरानी इमारत को ध्वस्त किये जाने से पहले, राजस्व रिकॉर्ड डचकालीन रिकॉर्ड रूम में रखे गए थे और बाद में उन्हें गांधी मैदान के पास एक पुरानी इमारत में स्थानांतरित कर दिया गया था। रजिस्ट्री विभाग से जुड़े अभिलेख विभाग के लिए अलग से समर्पित भवन में रखे गए थे। पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने 14 अक्टूबर और 19 अक्टूबर को निर्माण स्थल का निरीक्षण किया था और संबंधित अधिकारियों को अक्टूबर के अंत तक काम पूरा करने का निर्देश दिया था। नीतीश कुमार सरकार द्वारा इस नए परिसर के लिए पटना कलेक्ट्रेट को ध्वस्त करने का प्रस्ताव 2016 में रखे जाने पर भारत में तत्कालीन डच राजदूत अल्फोंसस स्टोलिंगा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उनसे ऐतिहासिक पटना कलेक्ट्रेट को ‘साझा विरासत’ के रूप में संरक्षित करने और इसे राज्य पुरातत्व विभाग के तहत सूचीबद्ध करने की अपील की थी। विरासत निकाय ‘इनटेक’ ने 2019 में इस मामले को पटना उच्च न्यायालय और अंततः 2020 में सर्वोच्च न्यायालय में ले जाकर अधिकारियों को एक अलग स्थान पर नया कलेक्ट्रेट बनाने का सुझाव दिया था। इनटेक की याचिका पर शीर्ष अदालत ने 18 सितंबर, 2020 को पुराने कलेक्ट्रेट के विध्वंस पर रोक लगाने का आदेश दिया था, जिससे विरासत प्रेमियों को कुछ राहत मिली थी। हालांकि, उनकी यह खुशी ज़्यादा दिन नहीं टिकी क्योंकि 13 मई, 2022 को शीर्ष अदालत की एक खंडपीठ ने संरक्षण की याचिका को खारिज कर दिया, जिससे इसके विध्वंस का रास्ता साफ हो गया और 1938 में बनी जिला बोर्ड, पटना की इमारत को ध्वस्त करने की शुरुआत हो गई। रिचर्ड एटनबरो द्वारा निर्देशित ऑस्कर विजेता फिल्म ‘गांधी’ (1982) के कुछ प्रमुख दृश्य पुराने पटना कलेक्ट्रेट परिसर में फिल्माए गए थे, जिसमें रिकॉर्ड रूम और ब्रिटिश काल की ‘डीएम ऑफिस बिल्डिंग’ दिखाई गई थी।
बिहार के रामगढ़ विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी ने स्वीकारी हार
पटना, 23 नवंबर: बिहार के रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बीच राजद के प्रत्याशी अजीत सिंह ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी का जो एजेंडा यहां था, उसी के छलावे में लोग आ गए। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकसभा चुनाव में हम लोगों ने 65 हजार वोट पाए थे, इस चुनाव में उलटफेर हुआ है। यह उप चुनाव है, जब मुख्य चुनाव होगा तो फिर उलटफेर होगा। रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में राजद उम्मीदवार अजीत सिंह ने मतगणना हॉल से बाहर निकलने के बाद कहा, “पिछले लोकसभा चुनाव में हम 65,000 पर थे, इस बार हम पीछे हटे हैं तो स्वाभाविक है कि इस तीन-चार महीने में यह उलटफेर हुआ है। अगला जो आम चुनाव आएगा, उसमें फिर से उलटफेर कर लेंगे, जो भाजपा का प्रोपेगेंडा है, उसको काउंटर कर लेंगे।” उन्होंने कहा कि बसपा और भाजपा का आंतरिक गठबंधन साफ नजर आ गया। रामगढ़ उप चुनाव में नौ राउंड के बाद भाजपा के प्रत्याशी अशोक कुमार सिंह 171 वोट से आगे हैं। जबकि, बसपा दूसरे नंबर पर है। दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि झारखंड व महाराष्ट्र दोनों हम जीतेंगे। महाराष्ट्र में इंडी गठबंधन ने सांप्रदायिकता व मुसलमानों को लेकर जो नंगा नृत्य किया था, जनता ने उसे नकार दिया। बिहार की चार सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना में एनडीए तीन सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। सभी सीटों पर दोनों गठबंधनों की कड़ी टक्कर मानी जा रही है। झारखंड में सभी 81 विधानसभा सीटों के रुझान सामने आ गए हैं। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार इंडिया ब्लॉक आगे है। जबकि, एनडीए दूसरे स्थान पर है।
बिहार: भागलपुर में जिंदा जलकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
पटना, 22 नवंबर : बिहार के भागलपुर में पीरपैंती प्रखंड के अठनिया दियारा में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया, जिसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहां उसका उपचार जारी है। जानकारी के मुताबिक, अठनिया दियारा में गौतम यादव अपनी पत्नी वर्षा देवी (30), एक बेटा प्रत्युष कुमार (7) और बेटी ज्योति कुमारी (4) के साथ घर में सोए हुए थे। इस बीच, गुरुवार देर रात घर में आग लग गई। अंदाजा लगाया जा रहा है कि गहरी नींद मे रहने के कारण गौतम यादव की पत्नी, बेटी, बेटा घर से निकल नहीं पाए पाए, जिससे तीनों की जलकर मौत हो गई, जबकि गृहस्वामी गौतम यादव किसी तरह आग के बीच से निकलने में कामयाब रहा। ग्रामीणों ने जख्मी गौतम यादव को रेफरल अस्पताल में इलाज करने के लिए भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीरपैंती थाना पुलिस, बीडीओ, सीओ सहित अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे। पीरपैंती के थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने घटना के बारे में पूरी जानकारी दी। कहा, “अभी तक आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है। हम आग लगने की वजह का पता लगा रहे हैं, इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है और एक शख्स गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसका इलाज कराया जा रहा है।” इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य का सिलसिला शुरू किया गया। मौके पर पहुंचे पुलिस ने सभी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पीड़ित परिवार खाना खाकर सोए हुए थे। इस बीच, आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा परिवार इसकी भेंट चढ़ गया। गौतम यादव अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस के मुताबिक थोड़ा बेहतर होते ही उसका बयान दर्ज होगा जिससे आग लगने के कारणों का कुछ पता लग सके।
नियोजित शिक्षक जहां हैं, वहीं रहेंगे : सीएम नीतीश कुमार
पटना, 20 नवंबर: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को शिक्षकों के संशय को दूर करते हुए घोषणा की कि जो नियोजित शिक्षक जहां हैं वही रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में पहले से कई कदम उठाए गए हैं और आज भी कई कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को सक्षमता परीक्षा उत्तीर्ण 1 लाख 14 हजार 138 विशिष्ट शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इसके अंतर्गत 98,349 प्रारंभिक शिक्षक, 12,524 माध्यमिक शिक्षक तथा 3,265 उच्च माध्यमिक शिक्षक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से संध्या कुमारी, रजनीश कुमार, अंजलि रानी, धर्मेंद्र राम, मेदिनी बाला एवं धनेश्वर सिंह को कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के नवंबर माह में जब हम लोग सरकार में आए थे तब से शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था, आवागमन सहित सभी क्षेत्रों में बेहतरी के लिए काम किया जा रहा है। पहले शाम में कोई घर से बाहर नहीं निकलता था, कहीं कोई रास्ता नहीं बना हुआ था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में शिक्षकों की कमी होने के कारण वर्ष 2006-07 से पंचायत एवं नगर निकायों के माध्यम से बड़े पैमाने पर नियोजित शिक्षकों की नियुक्ति की गयी जिनकी कुल संख्या लगभग 3 लाख 67 हजार 143 है। वर्ष 2023 में बिहार लोक सेवा आयोग से नये शिक्षकों की नियुक्ति शुरू की गयी जिसमें 28 हजार नियोजित शिक्षक से सरकारी शिक्षक हो गये। बचे हुए नियोजित शिक्षक, सरकारी शिक्षक बनने की मांग कर रहे थे, तो वर्ष 2023 में ही तय कर दिया गया कि अलग से एक मामूली परीक्षा लेकर नियोजित शिक्षकों को सरकारी शिक्षक बनने का अवसर दिया जायेगा और इसके लिए 5 मौके दिये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक दो परीक्षाओं का आयोजन हो चुका है। पहली सक्षमता परीक्षा का आयोजन किया गया जिसमें 1 लाख 87 हजार 818 नियोजित शिक्षक पास हुए हैं, जिनके प्रमाण-पत्रों की जांच चल रही है। अब तक 1 लाख 14 हजार 138 सरकारी शिक्षकों के प्रमाण-पत्र सही पाए गए हैं, उन्हें नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। बचे हुए शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि नियोजित शिक्षक अपने नये पदस्थापन को लेकर परेशान हैं, इसलिए हमलोगों ने निर्णय लिया है कि जो नियोजित शिक्षक जिस जगह पर काम कर रहे हैं, तत्काल सरकारी शिक्षक बनने के बाद उसी स्थान पर काम करते रहेंगे और इनके नये पदस्थापन पर बाद में निर्णय लिया जायेगा। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा सह योजना एवं विकास मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार एवं शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने भी संबोधित किया।
बिहार में पुलिस के पास शराब बरामद, एएलटीएफ के सात कर्मी गिरफ्तार
हाजीपुर, 18 नवंबर: बिहार में जिसके जिम्मे शराबबंदी कानून को सफल करने की जिम्मेदारी है, उसी के पास से अब शराब बरामद हो रही है। इसी तरह का एक मामला सोमवार को सामने आया, जब पुलिस ने एंटी लिकर टास्क फोर्स (एएलटीएफ) के सात पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। इनके आवासन स्थल से देसी और विदेशी शराब भी बरामद की गई है। एक अधिकारी ने बताया कि वैशाली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महुआ थाना क्षेत्र में तैनात एएलटीएफ के आवासन स्थल पर शराबबंदी कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही है। यहां न केवल शराब का सेवन किया जा रहा है बल्कि शराब का व्यापार कर शराबबंदी कानून को नहीं माना जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय के नेतृत्व में आवासन स्थल पर छापेमारी की गई। वैशाली पुलिस के बयान के मुताबिक, महुआ थाना क्षेत्र के एएलटीएफ-तीन की टीम द्वारा विभिन्न छापेमारी में बरामद शराब में से कुछ शराब ये लोग अपने पास चोरी से रख लेते हैं, जिसे ये लोग स्वयं पीने के लिए रखते थे या उसकी बिक्री कर देते थे। उक्त सूचना के आधार पर सोमवार को पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एएलटीएफ-तीन के आवासन स्थल पर छापेमारी की गई, जिसमें 32.50 लीटर देसी शराब एवं पातेपुर थाना क्षेत्र से जब्त विदेशी शराब की खेप की एक बोतल (500 एमएल) बरामद किया गया है। इस संदर्भ में संलिप्त सभी सात पुलिसकर्मियों निसार अहमद, मुकेश कुमार, प्रिया रानी, महेश राय, रामप्रवेश सिंह, चालक मंतोष कुमार तथा रत्नेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। बिहार पुलिस ने शराब के धंधे पर नकेल कसने के लिए कई जिलों में एंटी लिकर टास्क फोर्स का गठन किया है।
राजधानी पटना के गांधी मैदान में लांच हुआ पुष्पा 2: द रूल का ट्रेलर
पटना, 18 नवंबर: दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की आने वाली फ़िल्म पुष्पा 2: द रूल का ट्रेलर राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में लांच हो गया। रविवार को फ़िल्म पुष्पा 2: द रूल के स्टार अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंदाना के साथ पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ।पटना एयरपोर्ट पहुंचने पर अल्लू अर्जुन ने अपने फैंस की रिक्वेस्ट पर फिल्म पुष्पा का सिग्नेचर स्टाइल किया। वहीं गांधी मैदान में पुष्पा-2 की ट्रेलर की लॉन्चिंग में फैंस का सैलाब उमड़ पड़ा। गांधी मैदान में आयोजित ट्रेलर लॉन्चिंग के कार्यक्रम में भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार अक्षरा सिंह की भी परफॉरमेंस है। ट्रेलर लांच के अवसर पर बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी शामिल हुए। ट्रेलर में की शुरुआत में एक आवाज आती है कि कौन है ये आदमी, जिसे न पैसों की परवाह है और न ही पावर का खौफ। जरूर इसे कोई गहरी चोट लगी है। इसके बाद धांसू अंदाज में अल्लू अर्जुन की एंट्री होती है और उनकी एंट्री में सुनने को मिलता है कि ‘पुष्पा… ढाई अक्षर नाम छोटा है, लेकिन साउंड बहुत बड़ा’। वहीं, दूसरी तरफ ‘श्रीवल्ली’ यानी रश्मिका मंदाना का भी ट्रेलर ने धांसू अंदाज देखने को मिला। ट्रेलर में अल्लू अर्जुन और फहाद फासिल के बीच जबरदस्त एक्शन भी देखने को मिला है। पुष्पा 2: द रूल, सुकुमार द्वारा निर्देशित और अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंदाना और फहाद फासिल द्वारा स्टारर है। इस फिल्म का निर्माण माइथ्री मूवी मेकर्स और सुकुमार ने किया है और म्यूजिक टी सीरीज ने दिया है। यह फिल्म 05 दिसंबर को रिलीज होगी।