पटना, 18 जनवरी: राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज यहां होटल मौर्या के अशोका हॉल (जयप्रकाश नारायण सभागार) में राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। बैठक में पार्टी के संगठनात्मक चुनाव (सत्र-2025-2028) के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जयप्रकाश नारायण यादव द्वारा पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ रामचन्द्र पूर्वे को राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एवं पार्टी प्रवक्ता चित्तरंजन गगन को सहायक राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बनाने सम्बंधी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया। पार्टी का अगला राष्ट्रीय महाधिवेशन पटना में करने का निर्णय लिया गया। बैठक का उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने किया। सर्वप्रथम आए प्रतिनिधियों का प्रदेश पार्टी की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह अस्वस्थता के कारण नहीं आ पाए थे। तत्पश्चात पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने महासचिव का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जिसमें पिछले कार्यसमिति की बैठक से लेकर अबतक के पार्टी गतिविधियों का ब्यौरा और भावी कार्यक्रमो को बैठक में रखा गया। तत्पश्चात पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव ने सांगठनिक चुनाव के कार्यक्रम को पेश किया जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। पार्टी प्रवक्ता चित्तरंजन गगन द्वारा राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया गया जिसमें देश की वर्तमान राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और वैदेशिक स्थिति की चर्चा के साथ हीं साम्प्रदायिक और सामाजिक न्याय विरोधी शक्तियों का विरोध करने और अपने पुरखों के विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया गया। प्रस्ताव में तेजस्वी यादव द्वारा सत्रह महीने के उपमुख्यमंत्री के कार्यकाल में किए गये कामों को जनता के बीच ले जाने और उनके द्वारा महिला मान योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी, 200 यूनिट बिजली मुफ्त दिए जाने के संकल्पों को लोगों के बीच ले जाने का आह्वान किया गया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि खुशी की बात है कि पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के महाधिवेशन का निर्णय लिया गया है। काफी कठिन परिस्थितियों में राजद का गठन हुआ था। पार्टी नेताओं को सघन रूप से सदस्य अभियान चलाने के साथ हीं हर बूथ पर कम से कम दो क्रियाशील सदस्य निश्चित रूप से बनाने को गंभीरता से लेने को कहा। उन्होंने हर बूथ पर बूथ कमेटी बनाना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पार्टी में फांकेबाजी नहीं चलेगी। पार्टी के लिए काम करने वालों को हीं पार्टी में जिम्मेदारी दी जाएगी और उन्हें उचित सम्मान दिया जाएगा। पार्टी में किसी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने अपने सम्बोधन में कहा कि तेजस्वी काफी मेहनत कर रहे हैं। अबतक हजारों किलोमीटर की यात्रा उन्होंने पुरी की है। देखकर खुशी होती है कि जिस समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को लेकर राजद का गठन हुआ था उसे वे आगे बढ़ा रहे हैं। बैठक में पच्चीस राज्य ईकाईयों के अध्यक्ष सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्यों के अलावा विशेष आमंत्रित के रूप पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल थे। बैठक को केरला, नागालैंड, झारखंड, महाराष्ट्र, गुजरात,और जम्मू कश्मीर सहित अन्य राज्यों के अध्यक्षों ने सम्बोधित किया।
कांग्रेस हर कीमत पर कराएगी जातीय जनगणना: राहुल गांधी
पटना, 18 जनवरी :कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जातीय जनगणना की मांग को दोहराते हुए शनिवार को कहा कि उन्होंने संसद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी इसे किसी भी कीमत पर करवाकर रहेगी। उन्होंने बिहार में कराई गई जाति आधारित गणना को ‘फर्जी’ बताया और कहा कि यहां लोगों को बेवकूफ बनाया गया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर देश के संविधान को कमजोर करने और हाशिए पर पड़े समुदायों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरएसएस प्रमुख मोहन का ‘सच्ची आजादी’ वाला बयान ‘‘देश के संविधान के खिलाफ है’’। राहुल ने पटना के बापू सभागार में ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा, “दलितों, अल्पसंख्यकों और सामाजिक रूप से हाशिये पर रहे समुदायों की आबादी देश की कुल जनसंख्या का नब्बे फीसदी है, लेकिन वे व्यवस्था का हिस्सा नहीं हैं….यही कारण है कि हम जातीय जनगणना की मांग कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारा पहला कदम यह पता लगाना होगा कि देश में विभिन्न जातियों की स्थिति क्या है और हम इसे (जातीय जनगणना) छोड़ने वाले नहीं हैं। यह बिहार वाली जाति आधारित गणना नहीं होगी, जो फर्जी और लोगों को बेवकूफ बनाने वाली है।” उन्होंने कहा, ‘‘बिना जातीय जनगणना के विकास की सही तरीके से बात नहीं की जा सकती। इसलिए मैंने संसद में मोदी जी के सामने कहा है, चाहे कुछ भी हो जाए कांग्रेस जाति जनगणना करवाकर रहेगी।” उन्होंने कहा कि पूरे देश में जातीय जनगणना कराना इसलिये महत्वपूर्ण है ताकि पता लगाया जा सके कि नौकरशाही और अन्य क्षेत्रों में ओबीसी, दलितों और अन्य की कितनी भागीदारी है। उन्होंने कहा, ‘‘जातीय जनगणना का उद्देश्य सिर्फ विभिन्न जातियों की संख्या का पता लगाना नहीं, बल्कि देश की संपत्ति में उनकी हिस्सेदारी के बारे में भी जानना है…।’’ उन्होंने दावा किया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिये आरक्षण की 50 फीसदी की सीमा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘हम बहुसंख्य लोगों के लाभ के लिये इस सीमा को बढ़ाएंगे।’’ उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की ‘सच्ची आजादी’ वाले बयान का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘राम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन देश को सच्ची आजादी मिलने से संबंधित उनका (भागवत का) बयान संविधान के खिलाफ है।’’ उन्होंने संविधान की प्रति की ओर इशारा किया और भागवत की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘वह (भागवत) ऐसा कहकर इसको (संविधान को) नकार रहे हैं।’’ राहुल ने कहा, ‘‘वह (भागवत) खुले मंच से कह रहे हैं कि इस किताब में जो सच है, उसका हिंदुस्तान के लिए कोई मतलब नहीं। यह आजादी का नतीजा नहीं था, क्योंकि उस समय मोहन भागवत के मुताबिक आजादी तो मिली नहीं। वह इसकी (संविधान) सोच को, डॉ. बीआर आंबेडकर, महात्मा गांधी, भगवान बुद्ध, फुले जी की सोच को मिटाने में लगे हुए हैं।’’ उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘मोदी जी संसद में आते हैं… पहले कहते थे 400 सीट आएंगी, तो हम संविधान बदल देंगे और फिर जब हमने (जनता-विपक्षी दलों ने) मिलकर मोदी जी को संविधान की सच्चाई समझाई, तो फिर वह संविधान के सामने मत्था टेकने लगे।” उन्होंने कहा, ‘‘आपने (भाजपा) कहा कि राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। आज के हिंदुस्तान में विधायक और सांसद के पास किसी तरह की शक्ति नहीं है। मैं लोकसभा में भाजपा के पिछड़े वर्ग, दलित, आदिवासी सांसदों से मिलता हूं। वे मुझसे कहते हैं कि हमें पिंजरे में बंद करके यहां टांग रखा है। शक्ति किसी और के पास और प्रतिनिधित्व किसी दूसरे के पास है। इसका यह मतलब नहीं है कि प्रतिनिधित्व नहीं मिलना चाहिए, जरूर मिलना चाहिए, लेकिन मेरा कहना है सिर्फ प्रतिनिधित्व से काम नहीं चलने वाला है।’’ उन्होंने कहा, “हम संविधान की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं। यह राजनीतिक लड़ाई संविधान और मनुवाद के बीच है। एक तरफ समानता व एकता है, तो दूसरी तरफ नफरत व हिंसा।”
शाहनवाज हुसैन ने तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा, दिल्ली में जीत का दावा
सुपौल, 17 जनवरी: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने शुक्रवार को तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। भाजपा नेता ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतेगी। बिहार के सुपौल जिला मुख्यालय स्थित भाजपा नेता सत्येन्द्र सिंह के आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शाहनवाज हुसैन ने एक सवाल के जवाब में कहा कि राहुल गांधी इसी तरह के बयान देते रहते हैं। लोकसभा में उनकी थोड़ा सीटें बढ़ गई थीं तो कांग्रेसी नशे में चूर हो गए थे। लेकिन महाराष्ट्र और हरियाणा के लोगों ने उनके नशे को तोड़ दिया है। दोनों राज्यों में भाजपा ने जीत हासिल की। हम दिल्ली विधानसभा चुनाव भी जीतेंगे। उन्होंने दिल्ली के आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि वह पूरी तरह से एक्सपोज हो गए हैं। अरविंद केजरीवाल पहले भी आम आदमी नहीं थे। वह आयकर विभाग के गजेटेड ऑफिसर थे और पत्नी भी ऑफिसर थीं। वह कुर्ता और मफलर पहन कर खांसते हुए सत्ता में आए। आज पूरी दिल्ली खांस रही है और उनकी खांसी ठीक हो गई। अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि मकान नही लेंगे, लेकिन बड़ा शीशमहल बनवाया। टॉयलेट शीट पर सोने का पानी चढ़ा था। स्वीमिंग टब और जिम बनवाया। दिल्ली में यमुना का बुरा हाल है। दिल्ली की जनता अब सब कुछ समझ चुकी है। अब साफ है दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। हरियाणा और महाराष्ट्र के बाद भाजपा दिल्ली जीतकर हैट्रिक मारेगी और बिहार जीतकर चौका। अरविंद केजरीवाल ने सैफ अली खान पर हुए हमले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। इस सवाल के जवाब में शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सैफ अली खान के घर में जो चोरी की नीयत से घुसा था, उसने उनपर हमला भी किया ये बहुत दुखद है। जो इसमें शामिल है उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सैफ अली खान पर हुए हमले पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता राजनीति ना करें। मामले में जांच कर जरूरी कार्रवाई की जा रही है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के एक बयान पर शाहनवाज हुसैन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा वे मुद्दा विहीन हो गए हैं। नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में एनडीए की सरकार तेजी से विकास कर रही है। केंद्र सरकार ने भी बिहार के विकास के लिए खजाना खोल दिया है। बिहार को जो भी चाहिए, सब मिल रहा है। इससे वे बौखला गए हैं।
नीतीश ने सारण जिले को दी 985 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
पटना/छपरा, 08 जनवरी : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सारण जिले को 985 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। श्री कुमार ने प्रगति यात्रा के दूसरे चरण के दौरान बुधवार को छपरा में आयोजित कार्यक्रम में सारण जिले को लगभग 985 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 52 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं में 688.17 करोड़ रुपये की लागत से 32 योजनाओं का उद्घाटन तथा 296.42 करोड़ रुपये की लागत से 20 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने यात्रा के क्रम में घोषणा करते हुए कहा कि आज विशुनपुरा में भ्रमण के दौरान लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-31 पर सुगम आवागमन के लिए नये एलिवेटेड पथ के निर्माण की आवश्यकता बतायी है। इस समस्या के निराकरण के लिए सदर प्रखंड में डोरीगंज बाजार से विशुनपुरा तक एलिवेटेड पथ का निर्माण किया जायेगा। इससे राजधानी पटना से छपरा आने वाले वाहनों का आवागमन सुगम होगा। साथ ही एनएच-19 के छूटे हुए छपरा सेक्शन पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कराया जायेगा। इससे पटना, छपरा, सीवान एवं गोपालगंज आने-जाने में सुविधा होगी। श्री कुमार ने कहा कि एकमा से डुमाइगढ़ तक पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जायेगा। इस पथ पर छोटे-बड़े एवं भारी वाहनों का आवागमन होता है। इससे लोगोंको आवागमन में काफी सुविधा होगी। एकमा मशरख पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जायेगा। इसके निर्माण से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। साथ ही खैरा बिन टोलिया पथ का चौड़ीकरण कराया जायेगा। इससे पटना, सीवान, गोपालगंज आदि जाने के लिए लोगों को काफी सुविधा होगी तथा छपरा शहर के लोगों को रेलवे स्टेशन तक आने-जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री समेकित चौर विकास योजना का सांकेतिक चेक, समेकित विकास योजना के तहत व्यॉलर पॉल्ट्री फॉर्म का सांकेतिक चेक, समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना, बिहार शताब्दी असंगठित कार्य कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना के अन्तर्गत ‘मृत्यु लाभ’ का सांकेतिक चेक, बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पुरस्कार का सांकेतिक चेक, बासगीत पर्चा, अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का सांकेतिक चेक एवं दिव्यांगजनों के लिये बैट्री चालित ट्राई साइकिल की चाबी लाभुकों को प्रदान किया। श्री कुमार से जीविका दीदियों ने कहा, “जीविका समूह हम सभी महिलाओं के लिए वरदान साबित हुआ है। जीविका ने हमारी जिंदगी को बदल दिया है। जीविका से जुड़ने के बाद हम सबकी न सिर्फ आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है बल्कि परिवार में इज्जत भी बढ़ी है। इसके लिये हम सब आपके प्रति आभार प्रकट करते हैं।” इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में बिहार में जब उनकी सरकार बनी तब वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर जीविका समूहों की संख्या बढ़ानी शुरू की, जिसका परिणाम है कि वर्तमान बिहार में जीविका समूहों की संख्या 10 लाख 61 हजार हो गई है, जिनसे एक करोड़ 31 लाख महिलायें जुड़ी हैं। इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य सह कृषि मंत्री मंगल पांडेय, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सह सारण जिले के प्रभारी मंत्री सुमित कुमार सिंह, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक जनक सिंह, विधान पार्षद सच्चिदानंद राय एवं वीरेंद्र नारायण यादव, पूर्व मंत्री चंद्रिका राय, मुनेश्वर चौधरी एवं गौतम सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) कुंदन कृष्णन, अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) अमृत राज, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष शीर्षत कपिल अशोक, सारण प्रमंडल के आयुक्त गोपाल मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक, सारण प्रक्षेत्र निलेश कुमार, जिलाधिकारी अमन समीर, पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
हम लोग गांधी मैदान में नियुक्ति पत्र बांटते थे, अब लाठीचार्ज होता है : तेजस्वी यादव
बक्सर, 08 जनवरी: बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को सत्ताधारी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हम लोग गांधी मैदान में नियुक्ति पत्र बांटते थे। लोगों के चेहरों पर खुशी होती थी। परिवार के लोगों में खुशी होती थी। आज उसी गांधी मैदान में लाठीचार्ज हो रहा है। लोगों की आंखों में आंसू हैं, सिर फटा है, अस्पताल में भर्ती हैं, मुकदमा झेल रहे हैं। ‘कार्यकर्ता दर्शन और संवाद दौरा’ के क्रम में बक्सर पहुंचे तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि हमारी सरकार में कभी भी पेपर लीक नहीं हुआ, हमारी सरकार हटने के बाद ही ऐसा हो रहा है। मैट्रिक परीक्षा से लेकर बीपीएससी की परीक्षा तक पेपर लीक हो रहा है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने महागठबंधन की सरकार में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के राज में शिक्षक समान काम समान वेतन की मांग कर रहे थे तो डंडा खा रहे थे। उनको हमने राज्य कर्मी का दर्जा दिया। सरकार को पता नहीं था कि आईटी पॉलिसी होती है? यह सब हमने शुरू कराया और स्पोर्ट्स के तहत हमने नौकरी दी। अब लोगों को पता चला पढ़ाई के साथ खेल भी बिहार में जरूरी है। राजद नेता ने कहा कि हमारी सरकार बनी तो ‘माई बहिन मान योजना’ के तहत महिलाओं को सम्मान दिया जाएगा। 200 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। वृद्धा पेंशन और सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आज बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। आज मुख्यमंत्री को हाईजैक कर लिया गया है। मुख्यमंत्री मौन हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यात्रा निकाल रहे हैं। यात्रा पर 2 अरब 25 करोड़ खर्च हो रहा है। यह प्रगति यात्रा नहीं बिहार की दुर्गति यात्रा है। उन्होंने कहा कि टायर्ड मुख्यमंत्री रिटायर्ड अधिकारियों के जरिए बिहार चला रहे हैं। मुख्यमंत्री यात्रा पर मुख्य सचिव को तो कहीं ले भी जा रहे हैं। लेकिन, पुलिस महानिदेशक को नहीं ले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के चेहरे को आगे कर लोग अपनी रोटी सेंक रहे हैं।
लालू यादव अपने बेटे को बिहार में ‘स्थापित’ करने में लगे हैं : सम्राट चौधरी
पटना, 05 जनवरी: बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू यादव द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को फिर से साथ आने का न्योता दिए जाने के बाद बयानबाजियों का दौर थमता नहीं दिख रहा है। इस बीच, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री मंगल पांडेय ने राजद अध्यक्ष लालू यादव पर जोरदार सियासी हमला बोला है। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लालू यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि लालू यादव अपने बेटे को बिहार की राजनीति में स्थापित करना चाहते हैं। लेकिन, हकीकत है कि ये बिहार की जनता है जो किसी को भी बिहार में स्थापित करती है। दरअसल, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की रविवार को जयंती है। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री चौधरी और मंत्री मंगल पांडेय ने उनको याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर आयोजित एक समारोह में भाग लेने पहुंचे चौधरी ने कहा कि लालू यादव डर गए हैं। बिहार की जनता तय करेगी कि बिहार की सत्ता पर कौन बैठेगा। बिहार में नीतीश कुमार बैठे हुए हैं और उनके नेतृत्व में एनडीए आगे भी चलता रहेगा। इधर, मंत्री मंगल पांडेय ने लालू यादव के बयान पर कहा कि उनलोगों को कुछ याद रहता है क्या? सुबह में पिताजी कुछ कहते हैं, शाम में बेटा कुछ कहता है। उन्होंने कहा कि चाहे कुछ भी कर लें, वे लोग अब बिहार की सत्ता में नहीं आ सकते हैं। उनलोगों को बिहार के लोगों ने रिजेक्ट कर दिया है। उपचुनाव में भी रिजेक्ट कर दिया है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भी वही करेगी। मंत्री मंगल पांडेय से जब प्रशांत किशोर के आमरण अनशन को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सुना है कि वहां वैनिटी वैन भी लगी है। अब समझा जा सकता है कि क्या स्थिति है। क्या अनशन हो रहा है।
नीतीश कुमार होश में नहीं वो निर्णय लेने लायक भी नहीं : तेजस्वी यादव
मोतिहारी, 05 जनवरी: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निजी हमला किया है। उन्होंने एक बार फिर उनकी खराब सेहत का हवाला देते हुए सीएम पद छोड़ने की सलाह दी। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मोतिहारी पहुंचे तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा झूठ की यात्रा है। सीएम नीतीश कुमार हाईजैक हो चुके हैं। कुछ लोग दिल्ली में हैं और कुछ यहां पर हैं। अपने फायदे के लिए यहां पर सरकार चला रहे हैं। मुख्यमंत्री होश में नहीं है और वह निर्णय लेने लायक भी नहीं है। वह थक चुके हैं और रिटायर अधिकारियों के साथ मिलकर बिहार सरकार चला रहे हैं। आरजेडी में नीतीश कुमार की वापसी पर तेजस्वी यादव ने कहा कि कोई सवाल ही पैदा नहीं होता भाईसाहब. मीडिया वाले लगातार कहते रहते हैं कि नीतीश कुमार आएंगे। उन्हें एक जगह स्थित रहने दीजिए। लालू जी का अंदाज है, जब पत्रकार ने उनसे पूछा तो वह कह दिए। आप सभी जानते ही हैं। प्रशांत किशोर के आमरण अनशन पर तेजस्वी यादव ने कहा कि छात्रों की इच्छा थी कि इस आंदोलन का किसी भी तरह से राजनीतिकरण न हो। जब लाठीचार्ज हो गया तब यह कहां थे। अब आ रहे हैं। हम लोगों ने विधानसभा में इस मुद्दों को उठाया। छात्रों का सम्मान करते हुए हमने नैतिक समर्थन दिया। छात्रों के कहने पर हमने एक बार नहीं, दो बार मुख्यमंत्री को इस मामले को लेकर पत्र लिखा। विधानसभा में 28 नवंबर को महागठबंधन के लोगों ने इस मुद्दे को उठाया। लेकिन, इसे कुचलने की कोशिश हुई। यह बीपीएससी अभ्यर्थियों का आंदोलन है और उनकी लड़ाई है। हमलोग उनके साथ हैं। छात्रों के साथ अन्याय हुआ है और जब तक न्याय नहीं मिल जाता, हमलोग उनके साथ खड़े हैं। प्रशांत किशोर सिर्फ एक्टिंग कर रहे हैं। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के आमरण अनशन के स्थान पर वैनिटी वैन के इस्तेमाल को लेकर तेजस्वी ने कहा कि वैनिटी वैन में तो अभिनेता और अभिनेत्रियां बैठते हैं।
सम्राट चौधरी को उनकी अक्षमता के कारण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया गया : राजद सांसद सुधाकर सिंह
पटना, 05 जनवरी: राजद के अध्यक्ष लालू यादव के मुख्यमंत्री नीतीश को फिर से साथ आने के ऑफर दिए जाने के बाद राजद और भाजपा के नेता आमने-सामने नजर आ रहे हैं। राजद के नेता सुधाकर सिंह ने इसे लेकर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर भड़कते हुए कहा कि उनकी अक्षमता के कारण उन्हें भाजपा अध्यक्ष पद से हटा दिया गया। सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि लालू प्रसाद यादव हमारे राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और कुशलता पूर्वक लंबे समय तक एक दल को चला रहे हैं लेकिन, सम्राट चौधरी भाजपा के अध्यक्ष थे, फिर क्यों हटाए गए? उन्होंने कहा, “भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर हटाए जाने का कारण मात्र उनकी अक्षमता थी। अगर अक्षम नहीं होते तो क्यों हटाया जाता? अब सवाल यह है कि दूसरे जो अभी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं, वह भी मंत्री रहते हुए प्रदेश अध्यक्ष हैं। अब सम्राट चौधरी जैसा अक्षम आदमी लालू यादव पर कोई कमेंट करे तो यह हास्यास्पद है।” इधर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ‘लालू यादव कितने भी सपने देखें, फिर भी वो मुंगेरीलाल के हसीन सपने ही रहेंगे, वे पूरे नहीं होंगे’ के विषय पर पूछने पर बक्सर राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि भाजपा के ये लीडर लालू प्रसाद यादव की तुलना में कहीं नहीं हैं। जितने दिन से ये लोग राजनीति में हैं, उतनी उनकी उम्र है। लालू यादव ने सैकड़ों एमएलए, एमपी, मुख्यमंत्री बनाए, प्रधानमंत्री बनाए, अब ये लोग हवा में ही ऐसे बयान देते रहते हैं। इधर, राजद की सांसद मीसा भारती ने कहा कि एनडीए के लोग नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात करते हैं, क्योंकि उनका चेहरा दिखा कर वोट लेना है। लालू यादव को नीतीश कुमार को ऑफर देने के संबंध में उन्होंने कहा कि लालू यादव और नीतीश कुमार आपस में क्या बात करते हैं, वो सिर्फ वही दोनों जानते हैं। सम्राट चौधरी के बयान कि ‘लालू यादव अपने बेटे तेजस्वी यादव को स्थापित करना चाहते हैं’, पर मीसा भारती ने कहा कि तेजस्वी को नीतीश कुमार ने दो बार स्थापित कर दिया है। लेकिन, सम्राट चौधरी को तो उनके पिता नहीं बल्कि लालू यादव ने स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी को शीर्ष नेतृत्व से पूछना चाहिए। इस बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने राजद अध्यक्ष लालू यादव के बयान पर कहा कि नीतीश कुमार अब कहीं जाने वाले नहीं हैं। वह एनडीए के साथ हैं। हम सब एकजुट हैं और नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम लोग चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे, इसमें कोई शक नहीं है। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि लालू यादव पहले अपनी गलती के लिए माफी मांगें। नीतीश कुमार के बारे में ऐसा बोलने से कोई फायदा नहीं होने वाला है। इससे पहले राजद के अध्यक्ष लालू यादव ने अपने एक साक्षात्कार में कहा कि नीतीश कुमार के लिए दरवाजे खुले हुए हैं। वह कहते हैं कि नीतीश कुमार को हम माफ कर देंगे। उनके साथ मिलकर एक बार फिर से काम करेंगे। लालू यादव के इस बयान को लेकर प्रदेश की सियासत में चर्चा का बाजार गर्म है।
‘युवा सत्याग्रह समिति’ लड़ेगी छात्र समस्या की लड़ाई, युवा लाठी से डरने वाले नहीं : प्रशांत किशोर
पटना, 05 जनवरी: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं प्रारंभिक परीक्षा को रद्द कराने की मांग को लेकर पटना के गांधी मैदान में आमरण अनशन पर बैठे जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रविवार को कहा कि बिहार में एक नया संगठन युवा सत्याग्रह समिति बनी है। उन्होंने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इसमें सभी पार्टी और विचारधारा के छात्र हैं। पटना के गांधी मैदान में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह समिति 51 सदस्यीय है, जो सिर्फ बीपीएससी ही नहीं, बल्कि बिहार में छात्रों की हर समस्या की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि ये अब सिर्फ जन सुराज का आंदोलन नहीं रहा। उन्होंने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव को भी न्योता देते हुए कहा कि वे आएं और इस आंदोलन का नेतृत्व करें, प्रशांत किशोर उनके पीछे चलने के लिए तैयार है। उन्होंने भाजपा के लोगों से भी इसका नेतृत्व करने की अपील करते हुए कहा कि उससे हमको कोई एतराज नहीं है। उन्होंने कहा, “अब यह किसी पार्टी राजद, जदयू, भाजपा, प्रशांत किशोर का अभियान नहीं है। यह सिर्फ छात्रों का अभियान है। इस पूरे समिति में 51 सदस्य होंगे। ऐसे में अगर आप प्रशांत किशोर को गिरफ्तार भी कर लीजिएगा तो भी यह 51 साथी यहां पर डटे रहेंगे और अनशन जारी रहेगा।” जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि ये युवा अब लाठी से डरने वाले नहीं हैं। सरकार अगर अड़ी हुई है तो युवा भी अड़े हुए हैं कि हम आपको मनाए बगैर मानेंगे नहीं। बिहार के युवाओं ने तय कर लिया है कि बिहार के हर लोगों के हक की आवाज बनकर लड़ेंगे, किसी से डरेंगे नहीं। प्रशांत किशोर ने आह्वान किया, “बिहार में अब तक जितने भी प्रदर्शन में शामिल लोगों पर लाठियां चली हैं और जिन लोगों ने लाठी खाई है, रोकर घर चले गए हैं, आइए, वापस आइए। इस गांधी मैदान में युवाओं के साथ खड़े हों। यह समय आ गया है अपने हक की आवाज एक जुट होकर बुलंद करने का।” राजद नेता तेजस्वी यादव से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि जब तक वह आदमी युवाओं की बात कर रहा है, वह हमें कितना भी गाली दे, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता।
नीतीश ने पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को दी श्रद्धांजलि
पटना, 05 जनवरी: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी को आज उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री कुमार रविवार को यहां श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में सुशील कुमार मोदी स्मृति शोध संस्थान की ओर से आयोजित पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व. सुशील कुमार मोदी के जयंती समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने स्व. मोदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान सुशील कुमार मोदी स्मृति शोध संस्थान के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री को अंग वस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।