बीपीएससी अभ्यर्थियों का इंतजार बढ़ा, 70वीं पीटी रद्द करने की याचिका पर सुनवाई टली

पटना, 04 फरवरी: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) रद्द करने और पुनर्परीक्षा कराने से संबंधित याचिका पर सुनवाई मंगलवार को एक बार फिर टल गई। इसे लेकर प्रारंभिक परीक्षा के अभ्यर्थियों को और इंतजार करना पड़ेगा। पटना उच्च न्यायालय में इसे लेकर मंगलवार को अहम सुनवाई होने वाली थी, लेकिन बताया जा रहा है कि संबंधित न्यायाधीश के उपस्थित नहीं होने के कारण सुनवाई टल गई है। इस मामले की अगली सुनवाई कब होगी, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है। याचिका में बीपीएससी पर धांधली करने का कथित आरोप लगाया गया था। मामले पर 31 जनवरी को भी बेंच के उपस्थित नहीं होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी थी। बीपीएससी की 70वीं पीटी रद्द करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी पिछले कई दिनों से पटना के गर्दनीबाग धरनास्थल पर धरने पर बैठे हैं। कई बार छात्रों का आंदोलन सड़कों पर उतर चुका है। पुलिस को इन छात्रों को सड़क से हटाने के लिए लाठीचार्ज तक करना पड़ा है। इस मुद्दे पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर आमरण अनशन भी कर चुके हैं। इसे लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा बिहार बंद भी किया जा चुका है। यह मामला सर्वोच्च न्यायालय तक भी गया था। सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर इस मामले पर सुनवाई की मांग की गई थी, लेकिन कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को पटना उच्च न्यायालय जाने की सलाह दी थी और याचिका को खारिज कर दिया था। इसके बाद अभ्यर्थियों के एक गुट ने पटना उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर परीक्षा को फिर से कराने की मांग की थी। पिछले दिनों बीपीएससी ने पीटी का परिणाम घोषित कर दिया था। प्रारंभिक परीक्षा में 21 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी सफल हुए हैं।

बिहार : कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान के बेटे ने आत्महत्या की, सरकारी आवास से शव बरामद

पटना, 03 फरवरी: बिहार कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान के पुत्र ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने उसका शव सोमवार को खान के पटना स्थित सरकारी आवास के एक कमरे से बरामद किया है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान के बेटे आयान जाहिद खान ने आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि उन्होंने एक कमरे में गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह रविवार की रात खाना खाकर एक कमरे में सोया थे और सुबह जब वह नहीं उठे, तब लोगों ने उसके कमरे में झांका, तब वहां उसका फंदे से लटकता शव मिला। आयान जाहिद खान कांग्रेस के नेता शकील अहमद खान के इकलौते पुत्र थे। घटना के बाद परिजनों में मातम पसर गया है। शकील अहमद खान कटिहार जिले के कदवा विधानसभा सीट से विधायक हैं और कांग्रेस विधायक दल के नेता हैं। शकील अहमद खान बिहार कांग्रेस के कद्दावर नेता माने जाते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पटना सचिवालय थाना पुलिस सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। इधर, पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने अपने एक्स हैंडल पर लिखकर कहा है, “एक अत्यंत दुःखद सूचना से मर्माहत हूं। बिहार में कांग्रेस विधायक दल के नेता और मेरे मित्र डॉ. शकील अहमद खान साहब के इकलौते पुत्र का असामयिक निधन हो गया। मेरी पूरी संवेदना शकील भाई और उनके परिजनों के साथ है। लेकिन एक पिता-माता के लिए ढांढस के कोई शब्द नहीं है मेरे पास।”

बिहार में सरस्वती पूजा को लेकर सुरक्षा बढ़ाई गई, सोशल मीडिया पर विशेष नजर

पटना, 03 फरवरी: बिहार में सोमवार को सरस्वती पूजा मनाई जा रही है। सरस्वती पूजा को लेकर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस विशेष नजर रख रही है। भागलपुर सहित कई जिलों में सुरक्षा के ख्याल से पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया। पुलिस के मुताबिक, संवेदनशील इलाकों में कड़ी चौकसी बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। सरस्वती पूजा में पूरे जिले में छोटे-बड़े बड़ी संख्या में पूजा पंडाल स्थापित किए जा रहे हैं। खासकर उन क्षेत्रों में जहां छात्रावास और छात्रों की संख्या अधिक है, उन इलाकों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। उन इलाकों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सादी ड्रेस में भी जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा, सीसीटीवी कैमरों का उपयोग करके निगरानी रखी जा रही है। भागलपुर में सरस्वती पूजा के मौके पर शहरी आबादी के सरकारी और निजी छात्रावास वाले इलाके में पुलिस बलों ने फ्लैग मार्च किया। एसएसपी के निर्देश पर सरस्वती पूजा को लेकर भागलपुर में फ्लैग मार्च निकाला गया। इलाकाई थानेदार को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया है कि अगर सरस्वती पूजा के दौरान या मूर्ति विसर्जन के वक्त कोई खलल डाले तो उसे चिन्हित कर उस पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। जहानाबाद, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज जिले में सरस्वती पूजा को लेकर पुलिस सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। कई स्थानों पर पुलिस जवानों और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन की ओर से यह निर्देश जारी किए गए हैं कि पूजा के दौरान कोई भी अशांति नहीं होनी चाहिए और सभी लोग इसे शांतिपूर्वक तरीके से मनाएं।

नीतीश कुमार ने बांका को दी विकास की नई दिशा, 9 बड़े फैसलों की घोषणा!

बांका, 02 फरवरी: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को बांका में अपनी प्रगति यात्रा के दौरान एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में कई बड़ी घोषणाएं की। इन घोषणाओं से बांका जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय लोगों को कई सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बांका में मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं में सुधार होगा। इसके अलावा, अमरपुर सड़क के चौड़ीकरण के निर्देश भी दिए, ताकि यातायात में सुगमता हो सके। बांका जिले में विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए ग्रिड का निर्माण कराया जाएगा, जिससे बिजली की समस्या से निजात मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कटोरिया में डिग्री कॉलेज की स्थापना का भी ऐलान किया, जो छात्रों के लिए शिक्षा के नए अवसर खोलेगा। रजौर प्रखंड में कसाडिया नदी पर चेक डैम बनाने की योजना भी घोषित की गई, जो जल संरक्षण और सिंचाई में सहायक होगा। साथ ही, कटोरिया क्षेत्र को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गंगा नदी का पानी हनुमान डैम में पहुंचाया जाएगा, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही, बांका जिले के बंसी और बरहट प्रखंड में नए प्रखंड और अंचल का निर्माण होगा, जो प्रशासनिक कार्यों को सुचारु बनाएगा। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से बांका जिले के विकास के नए युग की शुरुआत होगी, और यहां के लोगों को विकास की कई नई सौगातें मिलेंगी।

सौतेली मां ने अपनी आठ वर्षीय बेटी की हत्या कर शव जलाने के बाद उसे बक्से में छिपाया

बक्सर, 02 फरवरी: बिहार के बक्सर जिले के नया भोजपुर इलाके में एक सौतेली मां द्वारा आठ साल की बेटी की हत्या कर शव को जलाने के बाद उसे एक बक्से में छिपा देने का मामला प्रकाश में आया है। बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्या ने रविवार को नया भोजपुर थाना क्षेत्र में हुई इस हत्या की घटना के बाद तत्काल मौके का मुआयना किया। बक्सर पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार शनिवार रात्रि लगभग 10 बजे डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आफाक अख्तर अंसारी को गुप्त सूचना मिली कि नया भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर आठ पूरब टोला में एक सौतेली मां ने बेटी की जला कर हत्या कर दी है। बयान के अनुसार उक्त सूचना को वरीय पुलिस पदाधिकारी को अवगत कराते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में नया भोजपुर थाने की एक टीम गठित कर सूचना का सत्यापन किये जाने पर उसे सत्य पाया गया जिसके बाद नया भोजपुर थाना द्वारा उक्त कांड में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया है। इस संबंध नया भोजपुर थाना द्वारा अग्रतर की जा रही ग्रामीणों के अनुसार वार्ड आठ के नया भोजपुर पूरब टोला निवासी और बच्ची के पिता पप्पू गोंड जो कि दिल्ली में नौकरी करते हैं, की शादी सीमा देवी से 2024 में हुई थी। शनिवार को स्कूल से लौटने के बाद से ही बच्ची लापता थी। परिजनों और पड़ोसियों को जब उक्त बच्ची के गायब होने की जानकारी मिली, तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। बच्ची की दादी मूकबधिर हैं, इसलिए वह स्पष्ट रूप से कुछ बता नहीं पा रही थीं। सौतेली मां पर संदेह होने पर जब घर की तलाशी ली गई, तो घर के एक अंधेरे कमरे में बंद एक बक्से के अंदर रखे एक बोरी से बच्ची का जला हुआ शव बरामद हुआ।

गोपालगंज में पूर्व मुखिया के भाई की गोली मारकर हत्या, व्यवसायी घायल

गोपालगंज, 02 फरवरी : बिहार के गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने रविवार को एक दुकान में अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में दुकान पर बैठे पूर्व मुखिया के भाई सत्येंद्र सिंह की मौत हो गई जबकि दुकानदार घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, सत्येंद्र सिंह मीरगंज निवासी नयन प्रसाद की टाइल्स दुकान के पास बैठकर बात कर रहे थे। तभी दो बाइक पर सवार होकर आए चार हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में दोनों घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के क्रम में सत्येंद्र सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि मीरगंज के पावर हाउस के पास अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी है, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। इस घटना की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। इसके पहले अपराधियों ने उचकागांव प्रखंड के झीरवां पंचायत के पूर्व मुखिया और प्रखंड प्रमुख के पिता अरविंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद उचकागांव में ही दो दिन पूर्व रमेश यादव को गोली मारकर घायल कर दिया गया। रमेश यादव के एक पुत्र अभिषेक यादव को पुलिस एनकाउंटर में गोली लगी थी और वह जख्मी हो गया था, जबकि दूसरे पुत्र को बीते 11 नवंबर को अपराधियों ने मीरगंज इलाके में गोली मारकर घायल कर दिया था।

बिहार में इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू, 12.92 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

पटना, 01 फरवरी: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई। परीक्षार्थियों के लिए पटना समेत सभी जिलों में 1677 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न करवाने को लेकर मुकम्मल व्यवस्था की गई है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के मुताबिक, इस साल 12वीं की परीक्षा में सभी संकायों में 12.92 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिसमें से 6.41 लाख से अधिक छात्राएं शामिल हैं। शनिवार को सुबह 9.30 बजे से परीक्षा शुरू हो गई है। पहली पाली में जीव विज्ञान और दर्शनशास्त्र की परीक्षा ली जा रही है, जबकि दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से अर्थशास्त्र की परीक्षा ली जाएगी। बिहार बोर्ड की ओर से परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए कई तरह के दिशा-निर्देश पहले ही जारी कर दिए गए थे। परीक्षा केंद्र के अंदर कलम और पानी की बोतल के अलावा कुछ भी ले जाने की इजाजत नहीं है। सभी परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जा रही है। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की परिधि में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पाबंदी लगाई गई है। परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले प्रवेश करना शुरू हो गया, जबकि नौ बजे परीक्षा केंद्र का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया गया। नौ बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई है। पटना में 85 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 75 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पटना सहित सभी जिलों में चार मॉडल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटर की परीक्षा 15 फरवरी तक चलेगी।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी श्रद्धांजलि

पटना, 30 जनवरी: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को स्वतंत्रता संग्राम के हुतात्माओं की स्मृति में मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर मुख्य कार्यक्रम पटना के गांधी घाट पर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस कार्यक्रम में पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प-चक्र अर्पित कर महात्मा गांधी एवं हुतात्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर सशस्त्र पुलिस द्वारा सलामी दी गई तथा दो मिनट की शोक सलामी भी दी गई। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के हुतात्माओं की स्मृति में मौन श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, विधान पार्षद कुमुद वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया और मौन श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर लिखा, “सभी देशवासियों को जागरूक और एकजुट कर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को एक जन आंदोलन में परिवर्तित करने वाले सत्य, अहिंसा और सदाचार के पुजारी, परम पूज्य राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को उनकी पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि।”

पटना : बीपीएससी की 70वीं पीटी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर फिर से सड़क पर उतरे छात्र

पटना, 30 जनवरी :बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने 70वीं प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है और मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुटा है। इसी बीच, प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने को लेकर शुरू हुआ छात्रों का आंदोलन अभी भी जारी है। गुरुवार को पटना की सड़कों पर एक बार फिर बीपीएससी के अभ्यर्थियों ने उतरकर प्रदर्शन किया और प्रारंभिक परीक्षा रद्द कर पुनर्परीक्षा की मांग की। दरअसल, पटना के गर्दनीबाग धरनास्थल पर गुरुवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एकत्रित हुए और बीपीएससी कार्यालय का घेराव करने के लिए निकल गए। पुलिस ने छात्रों के इस हुजूम को इनकम टैक्स चौराहे पर रोकने का प्रयास किया। कुछ देर तो छात्र यहां बैठ गए और प्रदर्शन करते रहे। लेकिन, बाद में वे वहां से निकल गए। ये छात्र बीपीएससी कार्यालय की ओर बढ़ गए। कई छात्र हाथों में तिरंगा लिए हुए थे। सभी प्रदर्शनकारी पुनर्परीक्षा की मांग करते रहे। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने कहा कि हमारी मांग पुनर्परीक्षा है और यह होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शुक्रवार को पटना उच्च न्यायालय में इस मामले की सुनवाई है, आशा है कि अदालत का फैसला हम लोगों के पक्ष में आएगा। बता दें कि बिहार लोक सेवा आयोग ने 70वीं बीपीएससी पीटी परीक्षा का परिणाम 23 जनवरी को ही घोषित कर दिया था। 70वीं बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी सफल हुए हैं। बीपीएससी की ओर से सिविल सेवा के पदों पर बहाली के लिए 70वीं प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन पिछले साल 13 दिसंबर को किया गया था। परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पिछले डेढ़ महीने से पटना के गर्दनीबाग में अभ्यर्थियों का आंदोलन चल रहा है। इससे पहले भी अभ्यर्थी बीपीएससी कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। कई राजनीतिक दल भी छात्रों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे। इसके बाद यह मामला पटना उच्च न्यायालय पहुंचा है।

बिहार : विवाद सुलझाने गए सासाराम सांसद के साथ मारपीट, सांसद सहित कई घायल

सासाराम, 30 जनवरी: बिहार के सासाराम से लोकसभा सांसद मनोज कुमार को गुरुवार को एक विवाद सुलझाना महंगा पड़ गया। स्थानीय लोगों ने मनोज कुमार और उनके समर्थकों पर हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। सांसद के भी घायल होने की खबर है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि यह जमीन विवाद से जुड़ा मामला है। जानकारी के मुताबिक, कुदरा थाना क्षेत्र के नाथोपुर स्थित एक निजी स्कूल का संचालन कांग्रेस सांसद मनोज कुमार राम के भाई करते हैं। स्कूल के पास स्थित किसी जमीन को लेकर ग्रामीणों के साथ उनके भाई का विवाद चल रहा है। उसी विवाद को सुलझाने के लिए गुरुवार को कांग्रेस सांसद कुदरा पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। मोहनिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया, “नाथोपुर में सांसद के भाई एक स्कूल का संचालन करते हैं। स्थानीय लोगों से उनका कोई विवाद चल रहा था। इस बीच, सांसद लोगों को समझाने और विवाद सुलझाने नाथोपुर पहुंचे। इस दौरान, दोनों गुटों में झड़प हुई और फिर मारपीट हुई। इस घटना में छह-सात लोग घायल हुए हैं। सांसद के एक गार्ड और निजी सहायक भी घायल हैं। घटना में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है।” इस घटना में सांसद भी घायल हुए हैं। चिकित्सक मनोज प्रभाकर ने बताया कि सांसद के सिर में भी चोट लगी है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।