हमारे लिए ‘सबका साथ, सबका विकास’, लेकिन विपक्ष कहता है ‘परिवार का साथ, परिवार का विकास’: पीएम मोदी

सीवान, 20 जून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के सीवान में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने बिहार की एनडीए सरकार की जमकर तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि हम कहते हैं- ‘सबका साथ, सबका विकास’, लेकिन ये लालटेन और पंजे वाले कहते हैं कि परिवार का साथ, परिवार का विकास। पीएम मोदी ने कहा कि इनकी राजनीति का कुल जमा निचोड़ यही है कि अपने हित और अपने परिवारों के विकास के लिए ये बिहार के करोड़ों परिवारों का अहित करने से भी नहीं चूकते हैं। सीवान के जसौली में आयोजित एक महती जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “आप सब जानते हैं कि मैं कल ही विदेश से लौटा हूं। वहां दुनिया के बड़े और समृद्ध देशों के नेतृत्व से बात हुई। विश्व के सारे नेता भारत की तेज प्रगति से काफी प्रभावित हैं। वे भारत को तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनते देख रहे हैं। इसमें बिहार की बड़ी भूमिका होने वाली है। बिहार समृद्ध होगा और देश की समृद्धि में बड़ी भूमिका निभाएगा। मेरे इस विश्वास में आप सभी का सामर्थ्य है। आप सभी ने मिलकर जंगलराज का सफाया किया है। पीएम मोदी ने कहा कि यहां के नौजवानों ने तो 20 साल पहले के जंगलराज के बारे में कहानियां सुनी हैं। उन्होंने नहीं देखा था कि जंगलराज वालों ने क्या हालत कर दी थी। बिहार के लोगों में स्वाभिमान होता है। बिहार कठिन परिस्थितियों में भी काम कर दिखाता है। यहां के लोग कभी स्वाभिमान से समझौता नहीं करते हैं। लेकिन पंजे और लालटेन ने बिहार के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई थी। इन लोगों ने ऐसी लूट-खसोट मचाई कि गरीबी बिहार का दुर्भाग्य बन गई। उन्होंने कहा कि कई चुनौतियों को पार करते हुए एनडीए सरकार ने बिहार को विकास की पटरी पर वापस लाया है। बिहार का विकास किया है, करते रहे हैं और करते रहेंगे। बिहार में अभी बहुत कुछ करना है। आपके लिए, गांव के लिए, आपके घर के लिए, नौजवानों के लिए बहुत कुछ किया गया है। पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर भी इस प्रकार की राजनीति के खिलाफ थे। अभी हाल ही में देश ने देखा है कि राजद ने बाबासाहेब की तस्वीर का कैसे अपमान किया है। लेकिन ये लोग कभी माफी नहीं मांगेंगे। क्योंकि इनका पिछड़े, अति पिछड़े, दलित के प्रति कोई सम्मान नहीं है। कांग्रेस और राजद बाबासाहेब की तस्वीर को पैरों पर रखते हैं और हम उन्हें दिल में रखते हैं। इससे पहले पीएम मोदी ने सीवान जिले के जसौली में आयोजित एक कार्यक्रम में करीब 5,900 करोड़ रुपये की लागत से आवास, शहरी विकास, जल शक्ति, विद्युत और रेल से जुड़ी 28 परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस मौके पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद रहे।

बिहार को मिली नई वंदे भारत एक्सप्रेस, नई रेल लाइन की सौगात

पटना/नई दिल्ली, 20 जून: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार को एक और वंदे भारत एक्सप्रेस की शुक्रवार को सौगात दी और वैशाली से देवरिया तक नई रेल लाइन एवं एक नई ट्रेन सेवा का उद्घाटन किया। श्री मोदी ने सीवान में आयोजित एक कार्यक्रम में वीडियो लिंक के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर पाटलिपुत्र और गोरखपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से रवाना किया। श्री मोदी ने वैशाली से देवरिया (उत्तर प्रदेश) तक नई ट्रेन सेवा 29 किलोमीटर की नई लाइन एवं दोनों स्टेशनों के बीच का उद्घाटन किया। देवरिया और वैशाली के बीच के क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलेगा। क्षेत्र में रोजगार के नए अवसरों का सृजन होगा और कृषि उत्पादों की बाजार तक तीव्र पहुँच सुनिश्चित होगी। पाटलिपुत्र स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में पटना साहिब संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन, पाटलिपुत्र से पूर्व सांसद रामकृपाल यादव उपस्थित थे। जबकि पाटलिपुत्र की सांसद मीसा भारती समारोह में नहीं दिखाई दीं। श्री प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा, “बिहार का विकास प्रधानमंत्री के दिल में है। जब भी वह बिहार आते हैं, हजारों करोड़ की विकास परियोजनाएं यहां एक वास्तविकता बन जाती हैं। हम यहाँ वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने आए हैं। प्रधानमंत्री वास्तव में बिहार राज्य को पसंद करते हैं और इसके विकास को लेकर चिंतित हैं।” देश में वंदे भारत एक्सप्रेस श्रृंखला की यह 71वीं जोड़ी ट्रेन सेवा है। यह गाड़ी 384 किलोमीटर की दूरी सात घंटे में तय करेगी। मार्ग में इसका ठहराव उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, कप्तानगंज, पनियहवा और बिहार के बगहा, नरकटियागंज, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र स्टेशन पर होगा। इस ट्रेन के माध्यम से चंपारण, वैशाली और कुशीनगर जैसे स्थानों पर सैलानी भी आसानी से पहुंच पाएंगे जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। गोरखपुर से 26502 अप ट्रेन सुबह 5:40 बजे चल कर दोपहर 12:45 बजे पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंचेगी तथा वापसी में पाटलिपुत्र से दोपहर 3:30 बजे रवाना हो कर रात 10:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इस सेवा के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस एक ट्रेन सेट लगाया गया है। यह सप्ताह में छह दिन चलेगी और शनिवार को अनुरक्षण के लिए यह सेवा उपलब्ध नहीं होगी। आठ कोच वाली यह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में सभी कोच वातानुकूलित हैं। इस ट्रेन में लगे दरवाजे ऑटोमेटिक हैं। यात्रियों को साफ-सुथरे बायो टॉयलेट की सुविधा मिलेगी। ट्रेन में जीपीएस आधारित जानकारी देने वाली स्क्रीन भी दी गई है। यात्रियों को ऑनबोर्ड खाना और पानी मिलेगा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। अत्याधुनिक ट्रेन सेट की राइड बहुत ही आरामदायक होगी। इसमें झटके नहीं लगते हैं। ट्रेन सेट चंद सेकेंड में रफ्तार पकड़ लेती है और बहुत ही कम समय में रुक जाती है। इस कारण औसत गति अधिक बनी रहती है और यात्रा के समय में काफी कमी आती है। उत्तर प्रदेश में अब 15 और बिहार में 13 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं। पूरे देश में अब तक कुल 70 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं लोगों को तेज़, सुरक्षित और आधुनिक रेल सफर दे रही हैं। देश के 24 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 330 जिलों को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन कनेक्टिविटी मिली है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का स्लीपर संस्करण भी तैयार हो गया है और बहुत जल्दी यह पटरियों पर यात्रियों को सेवा प्रदान करेगी।

सारण : पिकअप वैन पलटने से पांच लोगों की मौत, 15 घायल

छपरा, 16 जून: बिहार में सारण जिले के नयागांव थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक पिकअप वैन पलटने से एक महिला सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई तथा पन्द्रह लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि दिघवारा से एक पिकअप वैन सवारी और मक्का लेकर हाजीपुर जा रहा था।इसी दौरान बाजितपुर गांव के समीप पिकअप वैन का एक चक्का ब्लास्ट कर गया और पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई है। जबकि लगभग 15 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं। सूत्रों ने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए सोनपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मृतकों की पहचान नहीं की जा सकी है।पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।

भारत-पाकिस्तान के बीच तीसरे की दखलंदाजी नहीं होगी : रविशंकर प्रसाद

पटना, 14 जून : पूर्व केंद्रीय मंत्री और पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद ने साफ किया कि भारत का रुख बहुत स्पष्ट है कि भारत-पाकिस्तान के रिश्ते यही दोनों तय करेंगे, इसमें किसी तीसरे की दखलंदाजी नहीं होगी। दुनिया के अधिकांश देश भारत से अच्छे संबंध रखना चाहते हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भारत में किसी भी पार्टी की सरकार रही हो, सबने पाकिस्तान से अच्छे रिश्ते की कोशिश की, लेकिन, बदले में हमें क्या मिला? दुनिया के किसी हिस्से में आतंकी घटना हो, उसमें कोई न कोई पाकिस्तानी या वहां प्रशिक्षित आतंकी जरूर मिलेगा। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर भारत का पक्ष रखने और पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर बेनकाब करने के लिए विभिन्न देशों में गए प्रतिनिधिमंडल में शामिल रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष दायित्व दिया था। हम भी यूरोप के दौरे पर गए थे। हमारी यात्रा फ्रांस से शुरू हुई। सभी लोगों का एक ही लक्ष्य था कि पाकिस्तान को बेनकाब करना है। सभी देशों ने एक स्वर में पहलगाम हिंसा की निंदा की। उन्होंने आगे कहा कि हम बताने गए थे कि अगर एक अमेरिकी और यूरोपीय नागरिक की जान की कीमत है, तो एक निर्दोष भारतीय की जान भी कीमती है। आतंकवाद से कोई मारा जाएगा तो कार्रवाई होगी। फ्रांस से यात्रा शुरू हुई, इसके बाद हम लोग रोम गए। इसके अलावा कई देशों में गए। हम लोगों ने वहां स्पष्ट किया कि हम नागरिकों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन पाकिस्तान की समस्या है कि वहां के जनरल पाकिस्तान चला रहे हैं। वे अपने मंसूबों को पूरा करने के लिए आतंकवादियों का प्रयोग करते हैं। वे न जनता के चुने हुए हैं, न जनता के उत्तरदायी हैं। सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि जब अमेरिका ओसामा बिन लादेन को मारने 12 हजार किलोमीटर जा सकता है, तो हम चार सौ किलोमीटर क्यों नहीं जा सकते हैं। हमने रात को ऑपरेशन किया और सुबह बताया भी। जब हमने एयर डिफेंस बर्बाद कर दिया, तब पाकिस्तान घुटनों पर आया और तब फोन किया। भारत आज चौथी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा कि जनता और नेता अपना देश बनाते हैं। पाकिस्तान की सेना ने अपने लिए पाकिस्तान बनाया। पाकिस्तान आज जनरल की दुकान बन गई है। दुनिया ने सराहा है कि आतंकवाद और देश की एकता के मुद्दे पर पूरा देश एक है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सवालिया अंदाज में कहा कि उन्हें विदेश नीति की समझ है? राहुल को पता नहीं है, उनके फालतू सवाल से पाकिस्तान को शह मिलती है। उन्होंने राजद प्रमुख लालू यादव के पैर के पास बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर रखे जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जिसने भी इस तस्वीर को रखा, वह इस दरबारी संस्कृति में क्या कर रहा है? कम से कम लालू यादव को समझना चाहिए था। अंबेडकर देश के मसीहा हैं, उन्होंने देश को संविधान दिया।

लालू अपमानित करने वाले नेता, लोकतंत्र में ‘राजा’ बनने की कोशिश कर रहे : भाजपा

पटना, 14 जून : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के अवसर पर भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर उनके पैरों के पास रखे जाने को लेकर बयानबाजियों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा के साथ जदयू इस मामले को लेकर राजद पर हमलावर है। इस घटना पर भाजपा के नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लालू यादव अपमानित करने वाले ही नेता हैं। पटना में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि लालू यादव इस लोकतंत्र में जिस तरह से राजा बनने का प्रयास कर रहे हैं, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा, “बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर को जिस तरह से अपमानित करने का काम किया गया, वह लोकतंत्र के लिए काला अध्याय है।” बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस मामले पर कहा, “लालू यादव आपराधिक मानसिकता वाले हैं। वे आर्थिक अपराधी ही नहीं, सामाजिक अपराध के भी पोषक रहे हैं। वह नरसंहार के नायक रहे हैं। ऐसी मानसिकता वाले लोगों का सामाजिक न्याय के प्रणेता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के साथ व्यवहार दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।” उन्होंने कहा कि वह बिहार को बदनाम करने वाले लोग हैं। बिहारियों ने हमेशा महापुरुषों का सम्मान किया है और देश के प्रति समर्पित रहे हैं, लेकिन लालू यादव का चाल, चेहरा और चरित्र हमेशा बिहारियों का अपमान करता है। भाजपा सांसद संजय जयसवाल ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को अपमानित करने पर लालू यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “पहले तो लालू यादव ने तस्वीर को अपने पैरों के पास रखा और फिर एक तरह से कह दिया कि उसे कचरे में रखवा दो। यह देश के लिए शर्मिंदगी का विषय है। लालू यादव ने पूरे देश को शर्मिंदा किया। संविधान निर्माता के अपमान के लिए लालू यादव को देश से माफी मांगनी चाहिए। इस घटना के बाद पूरे बिहार के लोगों में क्षोभ है। किसी को हक नहीं है कि वह महापुरुषों को अपमानित करे।” उन्होंने यहां तक कहा कि लालू यादव पर इसे लेकर मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। भाजपा सांसद ने कहा, “यह निकृष्टता की हद है। राजद की ओर से अभी तक इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन यह मुद्दा सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा ट्रेंड कर रहा है, जहां लोग अपने-अपने विचार व्यक्त कर रहे हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी 20 जून को आएंगे सिवान, कार्यकर्ताओं में उत्‍साह : मंत्री जनक चमार

पटना, 14 जून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को बिहार के सिवान जिले में होंगे। वो यहां जसौली में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान पीएम कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। पीएम मोदी के आगमन से पहले यहां स्थानीय लोगों को निमंत्रण पत्र थमाया जा रहा है। अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग मंत्री जनक चमार तैयारियों का जायजा लेने और क्षेत्रवासियों को निमंत्रित करने पहुंचे। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष और अन्य सम्मानित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री जनक चमार ने प्रेस वार्ता में दावा किया कि प्रधानमंत्री को सुनने 20 जून को सुबह 10 बजे से लाखों की संख्या में लोग पहुंचेंगे। सिवान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार को बड़ी सौगात देने वाले हैं। कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। मंत्री जनक चमार ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि सारण कमिश्नरी, सिवान-जसौली में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन होने वाला है। हम लगातार जिले का दौरा कर रहे हैं और किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग में उत्साह का माहौल है। समाज के सभी लोग जनसभा में जाने के लिए तैयार हैं। मंत्री ने राजद सुप्रीमो लालू यादव पर बाबा साहेब के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने बाबा साहेब की तस्वीर अपने कदमों के पास रखकर उनका अपमान किया है। उन्होंने कहा कि जनता लालू की पार्टी को जंगलराज की जंगल पार्टी के नाम से जानती है। जंगलराज की शुरुआत लालू ने सारण से ही शुरू की थी, पूरे बिहार को आग की चपेट में डाला था। बाबा साहेब की प्रतिमा पैर के पास रखकर लालू ने एक तरफ देश के दलित और पिछड़ों का अपमान किया है, दूसरी तरफ तलवार से केक काटकर उन्होंने युवाओं को लाठी से लेकर तलवार तक का संदेश दिया है। बिहार में होने वाले चुनाव में बिहार की जनता इसका जवाब जरूर देगी। बता दें कि राजद सुप्रीमो लालू यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उनके पैर के पास बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा रखी हुई है। यह वायरल क्लिप कथित तौर पर उनके जन्मदिन के जश्न की है।

देश में असली जाति जनगणना नहीं कराएगी मोदी सरकार : राहुल

राजगीर (नालंदा), 06 जून: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने दलित, पिछड़ा, अतिपिछड़ा एवं अल्पसंख्यकों को सावधान करते हुए आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार देश में असली जाति जनगणना नहीं कराएगी। राहुल गांधी ने शुक्रवार को यहां ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा, “केंद्र सरकार देश में असली जाति जनगणना नहीं कराएगी क्योंकि जिस दिन उन्होंने ऐसा किया उसी दिन उनकी राजनीति समाप्त हो जाएगी।” उन्होंने जाति जनगणना के दो मॉडलों को उल्लेख करते हुए कहा कि एक मॉडल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का और दूसरा मॉडल तेलंगाना का है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा के जाति जनगणना मॉडल के तहत अधिकारी बंद कमरे में बैठकर सवाल तैयार कर रहे हैं लेकिन सवाल तैयार करने वालों में दलित, पिछड़ा, अतिपिछड़ा और अल्पसंख्यक समाज का एक भी व्यक्ति शामिल नहीं है। वहीं, तेलंगाना में जाति जनगणना कराने के लिए जिन लोगों ने सवाल बनाए उनमें दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक संगठन, उनके नेता, पत्रकार और बुद्धिजीवियों को शामिल किया गया था। उन्होंने कहा कि जिस दिन देश में असली जाति जनगणना हुई उस दिन से एक्सरे की जरूरत समाप्त हो जाएगी और एमआरआई की तरह सब साफ पता चल जाएगा। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला और कहा, “वह बहुत जल्दी ‘सरेंडर’ (आत्मसमर्पण) कर देते हैं और यह उनकी अदात भी है। इसलिए, मुझे पता था कि जाति जनगणना को लेकर जिस दिन हमलोग थोड़ा दबाव डालेंगे वह सरेंडर कर देंगे और यही हुआ भी।” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सार्वजनिक रूप से 11 बार कहा कि उन्होंने श्री मोदी से सरेंडर करवा लिया है। लेकिन, पीएम मोदी ने सफाई देने की बजाय चुप्पी साध ली।

मोदी ने दी बिहार को साढ़े 48 हजार करोड़ रुपए की सौगात

बिक्रमगंज (बिहार), 30 मई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के लोगों को साढ़े 48 हजार करोड़ रुपए से अधिक की सौगातें दी जिनमें रेल, सड़क, गैस आपूर्ति, शिक्षा और बुनियादी ढांचा क्षेत्र की कई परियोजनाएं शामिल है। श्री मोदी ने राज्य के रोहतास जिले में यहां आयोजित एक कार्यक्रम में इन परियोजनाओं का उद्घाटन और कई का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि राज्य की नीतीश कुमार सरकार ने लोगों के जीवन में भारी बदलाव किया है। बुनियादी ढांचा मजबूत किया गया है और लोगों को लाभ मिल रहा है। नक्सलवादी गतिविधियों पर काबू पाया गया है। दूर दराज के क्षेत्रों में विकास का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर काबू पाया गया है और लोगों को लूट से बचाया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने 48 हजार 520 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया। राज्य में बिजली के बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देते हुए प्रधानमंत्री ने औरंगाबाद जिले में 29 हजार 930 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली नबीनगर सुपर थर्मल पावर परियोजना, चरण- द्वितीय (तीन गुणा 800 मेगावाट) की आधारशिला रखी। इसका उद्देश्य बिहार और पूर्वी भारत के लिए ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इससे औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र में सस्ती बिजली उपलब्ध होगी। श्री मोदी ने क्षेत्र में सड़क अवसंरचना और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए एनएच-119ए के पटना-आरा- सासाराम खंड को चार लेन का बनाने, वाराणसी-रांची-कोलकाता राजमार्ग (एनएच-319बी) और रामनगर-कच्ची दरगाह खंड (एनएच-119डी) को छह लेन का बनाने तथा बक्सर और भरौली के बीच एक नए गंगा पुल के निर्माण सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं से राज्य में निर्बाध हाई-स्पीड कॉरिडोर का निर्माण होगा और साथ ही व्यापार और क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने करीब 5,520 करोड़ रुपए लागत वाले एनएच-22 के पटना-गया-डोभी खंड के चार लेन के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया और एनएच-27 पर गोपालगंज टाउन में एलिवेटेड हाईवे के चार लेन के निर्माण और ग्रेड सुधार का भी उद्घाटन किया। श्री मोदी ने अन्य परियोजनाओं के अलावा 1330 करोड़ रुपए की लागत वाली सोन नगर-मोहम्मद गंज के बीच तीसरी रेल लाइन राष्ट्र को समर्पित की।जहानाबाद के नवोदय विद्यालय में छात्रावास और कर्मचारी आवास का उद्घाटन भी किया गया। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी तथा केंद्रीय मंत्री जीतन राम माझी, नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, राजीव रंजन सिंह, ललन सिंह तथा अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी कार्यक्रम में शामिल रहे।बिहार विधानसभा का चुनाव इस वर्ष के अंत में प्रस्तावित है।

ममता बनर्जी ने तेजस्वी और उनकी पत्नी को दूसरे बच्चे के जन्म पर बधाई दी

बिहार/कोलकाता, 27 मई : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राजश्री से अस्पताल में मुलाकात की, जहां दंपति के दूसरे बच्चे का जन्म हुआ। बनर्जी ने राजद नेता और उनकी पत्नी को बधाई दी। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने इस अवसर पर राजद प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और उनके पूरे परिवार को भी बधाई दी। बनर्जी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘तेजस्वी यादव और राजश्री यादव के घर एक सुंदर बेटे के आगमन की खुशी में शामिल होकर बहुत प्रसन्नता हो रही है। मेरी ओर से उन्हें, लालू जी और पूरे परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं और आशीर्वाद। आज उनसे मिलकर बहुत खुशी हुई। मां और बच्चे दोनों को स्वस्थ देखकर बहुत प्रसन्नता हुई।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे कुछ समय से पता था कि राजश्री कोलकाता में हैं और तेजस्वी ने कल शाम मुझे बच्चे को लेकर सूचना दी थी। मैंने वादा किया था कि मैं उनसे मिलने आऊंगी और आज मैं गई। मेरे दिल में उनके लिए बहुत स्नेह है और उन्हें ढेर सारा आशीर्वाद। यह नन्हा बच्चा परिवार के लिए सौभाग्य और आशा का अग्रदूत बने।’’ अस्पताल के बाहर मीडिया से बातचीत में बनर्जी ने कहा, ‘‘यह बहुत अच्छी खबर है। लालू जी और राबड़ी जी यहां हैं और वे भी बहुत खुश हैं। मैं तेजस्वी के परिवार के लिए शांति और खुशहाली की कामना करती हूं। बिहार में चुनाव भी नजदीक आ रहे हैं, मैं उन्हें शुभकामनाएं देती हूं। मेरी शुभकामनाएं तेजस्वी के साथ हैं।’’ बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी और उनकी पत्नी को मंगलवार को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में बेटे का जन्म हुआ।

युवा उत्सव ‘यूथ एक्सपो’ का भव्य आयोजन, युवाओं को मिला प्रेरणा का संदेश

बिहार /छपरा, 24 मई: भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह सारण में शनिवार को प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ सारण के द्वारा यूथ एक्सपो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्र के सांस्कृतिक उत्थान के साथ-साथ युवाओं में नैतिक, बौद्धिक और सामाजिक क्रांति का संचार कर भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने के अभियान को गति देना रहा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज का युवा वर्ग भौतिकता, प्रतिस्पर्धा, फैशनपरस्ती और इंटरनेट की आभासी दुनिया में उलझ कर अपने वास्तविक जीवन मूल्यों से दूर होता जा रहा है। इसके कारण जीवन में तनाव, निराशा और दिशाहीनता बढ़ रही है। युवाओं को इन परिस्थितियों से बाहर निकाल कर एक उद्देश्यपूर्ण और सकारात्मक जीवन की ओर ले जाने के लिए ऐसे आयोजनों की नितांत आवश्यकता है। कार्यक्रम में हेड पीवाईपी बिहार के बृजेश कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति के भीतर असीम ऊर्जा और शक्तियां छुपी होती हैं, जिसे जागृत कर जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट का सकारात्मक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की सोच का असर उसके जीवन पर पड़ता है। नकारात्मक सोच व्यक्ति को पतन की ओर ले जाती है, जबकि सकारात्मक सोच उसे ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। युवाओं को प्रतिदिन आध्यात्मिक पुस्तकें पढ़ने, ध्यान और गायन जैसी गतिविधियों को अपनाने की सलाह दी गई।