पटना, 14 जुलाई : राजधानी पटना से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है पटना मेयर सीता साहू के बेटे शिशिर पर गांधी मैदान थाने में केस दर्ज किया गया है पटना पुलिस कभी भी उनकी गिरफ्तारी कर सकती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिशिर के खिलाफ पिछले 2 साल में पटना के अलग-अलग थाने में आर्म्स एक्ट हत्या के प्रयास के लगभग चार मामले दर्ज हैं पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि उनके अपराधी इतिहास को देखते हुए गिरफ्तारी का आदेश दिया गया। वहीं पटना के एसएसपी ने बताया कि मेयर सीता साहू से भी पूछताछ हो सकती है फिलहाल शिशिर राज्य से बाहर भागा हुआ है। गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस की ओर से टीम गठित की गई है कभी भी उसकी गिरफ्तारी हो सकती।
सावन के पहले सोमवार पर ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजा देवघर, बैद्यनाथ धाम में भक्तों ने किया जलाभिषेक
देवघर, 14 जुलाई : झारखंड के देवघर स्थित बैद्यनाथ धाम में सावन की पहली सोमवारी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तीन बजे जैसे ही मंदिर का पट खोला गया, बाबा की नगरी ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंज उठी। परंपरागत कांचा जल पूजा और सरकारी पूजा के बाद अरघा से जलार्पण का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह आठ बजे कांवड़ियों की कतार करीब 10 किलोमीटर तक लंबी हो गई। बिहार के सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर लाखों कांवड़िए 108 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर बाबा धाम पहुंच रहे हैं। सावन में यहां रोज एक से डेढ़ लाख भक्त पहुंचते हैं, लेकिन सोमवार को भीड़ सबसे ज्यादा होती है। धार्मिक मान्यता है कि देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक ‘कामना महादेव’ स्थापित है। कहा जाता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर कामना पूरी होती है। सावन में जलार्पण कर भक्त शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। राज्य सरकार का अनुमान है कि इस साल मेले में देश-विदेश से 50 से 60 लाख श्रद्धालु पहुंचेंगे। उनकी सुविधा, सुरक्षा और सहूलियतों को लेकर राज्य सरकार की ओर से हर स्तर पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं के रहने और विश्राम के लिए देवघर-सुल्तानगंज मार्ग में कोठिया और बाघमारा में सुविधाओं से युक्त विशाल टेंट सिटी का निर्माण कराया गया है, जहां एक साथ हजारों श्रद्धालु विश्राम कर सकते हैं। मेला क्षेत्र में जगह-जगह स्नानगृह, शौचालय, चिकित्सा शिविर और सूचना केंद्र बनाए हैं। मेले को डिजिटल स्वरूप दिया गया है। भक्त क्यूआर कोड स्कैन कर हर सुविधा की जानकारी सुगमता से प्राप्त कर सकते हैं। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। हालांकि, वीआईपी और वीवीआईपी दर्शन पर रोक लगा दी गई है। आउट ऑफ टर्न दर्शन की अनुमति भी नहीं दी गई है। इसके साथ ही स्पर्श पूजा पर भी पाबंदी लगाई गई है। इस बार शीघ्र दर्शनम की सुविधा भी स्थगित रखी गई है। सभी श्रद्धालुओं के लिए अरघा के माध्यम से जलार्पण की व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़ में किसी को परेशानी न हो। मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को विनम्रता और सेवा भाव से ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया है।
अब दिल्ली में भी दिखेगी हरियाणा की तरह साफ यमुना: मंत्री
नई दिल्ली, 13 जुलाई: दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने रविवार को पल्ला क्षेत्र में यमुना नदी का निरीक्षण किया। यह वही स्थान है जहां यमुना हरियाणा से होकर दिल्ली में प्रवेश करती है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ बोट से यमुना के जलस्तर और तटीय स्थिति का जायज़ा लिया। नदी के पानी के सैंपल भी एकत्र किए गए हैं, ताकि उसकी गुणवत्ता की जांच कराई जा सके। निरीक्षण के बाद मंत्री ने बताया कि पल्ला क्षेत्र में यमुना का पानी बिल्कुल साफ है, लेकिन जैसे ही नदी दिल्ली में आगे बढ़ती है, इसका रंग गहरा और गंदा होता जाता है। इस अंतर को समाप्त करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली में भी यमुना वैसी ही साफ और स्वच्छ दिखाई दे जैसी पल्ला क्षेत्र में है। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जहां पानी कुछ ही मिनटों में निकल जाए, उसे वॉटर लॉगिंग नहीं कहा जा सकता। जलभराव तभी माना जाता है जब किसी इलाके में पानी 4 से 5 घंटे तक भी न निकले। फिलहाल अधिकतर इलाकों में नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था सही ढंग से काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी किनारे के सभी इलाकों की निगरानी लगातार की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें पूरी तरह सतर्क रहें। दिल्ली सरकार का कहना है कि यमुना को स्वच्छ बनाने और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक योजना पर काम हो रहा है। मंत्री ने कहा कि हजारों करोड़ के काम जितने भी डिसेंट्रलाइज्ड एसटीपी थे जितनी पाइपलाइन बिछनी थी, जितनी पानी पाइप लाइन बिछनी है और जो कुछ भी यमुना मां की सफाई के लिए किया जाना है, उसके निर्मल प्रभाव के लिए जो होना चाहिए, लगातार सरकार उसे कर रही है। आज यमुना तट से योग की क्रियाओं से समझता हूं दिल्ली वालों को यह संदेश देना है कि यमुना जी साफ हो रही है।
द्वारका के रेडिसन ब्लू होटल की दूसरी मंजिल पर स्पा में आग, घंटों कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
नई दिल्ली, 13 जुलाई: द्वारका स्थित रेडिसन ब्लू होटल की दूसरी मंजिल पर स्थित स्पा में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई। आग की लपटें व धुआं फैलते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। होटल में ठहरे लोग आग लगते ही एक एक कर सुरक्षित बाहर निकल गए। सूचना मिलते ही दमकल की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। दमकल विभाग के अनुसार शनिवार रात करीब 12.17 बजे द्वारका सेक्टर-13 स्थित रेडिसन ब्लू होटल में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही आस पास के अग्निशमन केंद्रों से 11 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल पर पहुंचे अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग 10 मंजिला होटल की दूसरी मंजिल पर स्थित स्पा सेंटर के स्टीम रूम में लगी थी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों की तीन टीमें बनाई गई। एक टीम ने एहतियातन होटल को खाली करवाया। वहीं दूसरी टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया। जबकि तीसरी टीम आग बुझाने वाली टीम की मदद कर रही थी। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू आग लगते ही होटल में मौजूद सभी लोग बाहर निकल गए। करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आशंका जताई जा रही है कि आग स्टीम रूम में किसी तकनीकी खराबी या फिर शार्ट सर्किट की वजह से लगी है।
तेजस्वी ने मतदाता पुनरीक्षण को लेकर फिर उठाए सवाल, कहा – सिर्फ टारगेट पूरा करने के लिए हो रही कवायद
पटना, 13 जुलाई ; बिहार में विपक्षी दलों के गठबंधन ने रविवार को एक बार फिर मतदाता पुनरीक्षण को लेकर सवाल उठाए हैं। राजद के नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि केवल टारगेट पूरा करने को लेकर काम किया जा रहा है जबकि धरातल पर सही तरीके से सत्यापन नहीं हो रहा है। पटना में महागठबंधन के संयुक्त प्रेस वार्ता में विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि उच्चाधिकारियों द्वारा बीएलओ को मौखिक आदेश टारगेट पूरा करने के लिए दिए गए हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बीएलओ बिना मतदाताओं से पूछे ही फर्जी तरीके से फॉर्म भर रहे हैं, अंगूठे के निशान या हस्ताक्षर भी खुद ही कर रहे हैं। इस प्रेस वार्ता में उन्होंने एक वीडियो के जरिए फेंका हुआ फॉर्म भी दिखाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सड़कों, गलियों में फॉर्म फेंका गया है और लोग जलेबी खा रहे हैं। तेजस्वी ने इस मतदाता पुनरीक्षण में सत्यापन को सिर्फ ‘आई वॉश’ करार देते हुए कहा कि भाजपा द्वारा सब कुछ पहले से तय है कि किस बूथ पर कितने मतदाताओं के नाम काटने हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अलर्ट हैं, इस बार आर-पार होगा। यहां 90 प्रतिशत लोग पिछड़े वर्ग से हैं, इनकी रोटी छीनी जा सकती है, लेकिन वोट का अधिकार छीना नहीं जा सकता है। उन्होंने विधानसभावार आंकड़े जारी करने की मांग करते हुए कहा कि आज चुनाव आयोग का कहना है कि 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया। लेकिन सवाल है कि वह किस विधानसभा क्षेत्र से हुआ और कितना हुआ? तेजस्वी ने कहा कि मतदाताओं को यह भी पता नहीं चल रहा कि उनका फॉर्म सही जमा हुआ है या नहीं। क्योंकि आयोग न पावती पर्ची दे रहा है और न कोई विकल्प दे रहा है। आंकड़े मात्र अपलोडिंग का दर्शा रहे हैं जबकि आयोग ने प्रमाणिकता, सहमति और वैधता की कोई गारंटी नहीं दी है। आयोग का 80 प्रतिशत का दावा जमीनी हकीकत से पूरी तरह से विपरीत है। तेजस्वी ने यह स्पष्ट किया कि महागठबंधन हर स्तर पर इस प्रक्रिया पर नजर रखे हुए है और सभी जिलों से फीडबैक लिया जा रहा है। उन्होंने आंकड़ों के जरिए बताया कि बिहार में करीब 7.90 करोड़ मतदाता हैं, अगर एक प्रतिशत भी मतदाता का नाम कट जाते हैं तो इनकी संख्या करीब आठ लाख होगी। इस प्रेस वार्ता में महागठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी ने भी अपनी बात रखी।
चिराग पासवान को धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार
पटना, 13 जुलाई : केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। समस्तीपुर पुलिस ने आरोपी को बेगूसराय के तेघरा से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने चिराग पासवान को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। आरोपी की पहचान जिले के भीड़हा गांव के रहने वाले मोहम्मद मेराज (21) के रूप में हुई है। युवक की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय पुलिस ने युवक को पटना साइबर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस इस बात की जानकारी इकट्ठा कर रही है कि मेराज ने किसके कहने पर चिराग पासवान को धमकी दी थी। साइबर क्राइम डीएसपी दुर्गेश दीपक ने जानकारी देते हुए बताया कि युवक के पास से मोबाइल जब्त किया गया है। मोबाइल में इंस्टाग्राम आईडी बरामद की गई है, साथ ही वह कमेंट भी पाया गया है, जिसके माध्यम से केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक को पटना साइबर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया है। डीएसपी ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान के क्रम में विभिन्न सोशल मीडिया साइट्स के पेट्रोलियम के जरिए साहिल सफीक नामक एक यूजर मिला, जिसमें उसने कमेंट किया था कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को धमकी देने वाला युवक मानसिक रूप से बीमार है। इसके बाद मोहम्मद सफीक से साइबर पुलिस ने पूछताछ की तो इस युवक के बारे में पता चला, जिसके बाद इसकी गिरफ्तारी बेगूसराय के तेघड़ा से की गई। बता दें कि 11 जुलाई को इंस्टाग्राम के माध्यम से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस ने ये कार्रवाई की है। दरअसल, चिराग पासवान को यूट्यूब पर दक्षा प्रिया के एक इंटरव्यू के पोस्ट कमेंट में टाइगर मिराज नामक यूजर ने 20 जुलाई को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। लोजपा रामविलास के जिला अध्यक्ष अनुपम कुमार सिंह उर्फ हीरा सिंह ने इस मामले में समस्तीपुर साइबर थाने में आवेदन दिया था। हालांकि, इस मामले में पटना साइबर थाने में पूर्व में ही प्राथमिकी दर्ज कर ली थी, जिस कारण समस्तीपुर में मामले को लेकर एक सन्हा दर्ज किया गया था।
पटना में ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी की गोली मारकर हत्या
पटना, 13 जुलाई : बिहार की राजधानी पटना के पिपरा इलाके में 50 वर्षीय एक ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार (50) के रूप में हुई है। अधिकारियों ने कहा कि घटना शनिवार रात शेखपुरा गांव में तब हुई जब कुमार खेत में काम कर रहे थे। मसौढ़ी के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ-2) कन्हैया सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने खेत से गोलियों की आवाज सुनी और जब वे वहां गए तो अधिकारी अचेत हालत में मिले जिन्हें गोली लगी हुई थी। सिंह ने कहा कि कुमार को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच जारी है।
बिहार की आपराधिक घटनाओं के लिए माफिया और राजद का गठजोड़ जिम्मेदार: विजय सिन्हा
पटना, 12 जुलाई : बिहार में आपराधिक घटनाओं को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधी घटनाओं में बालू माफिया, शराब माफिया, और जमीन माफिया के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। इसमें राजद के अधिकतर लोग संलिप्त हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आज जितनी घटनाएं घट रही हैं, उनका संपर्क राजद से क्यों मिलता है? राजद के लोगों का बालू माफियाओं या जमीन और शराब माफियाओं से सांठगांठ है। पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि आज जो हत्याएं और अपराध हो रहे हैं, खासकर बालू माफिया और शराब माफिया की वजह से, वह पुलिस की कमजोर कड़ी का नतीजा हैं। सरकार पूरी सजगता के साथ एक्शन ले रही है। उन्होंने खासकर राजद पर आरोप लगाया कि यह पार्टी बिहार में अराजकता फैलाना चाहती है क्योंकि चुनाव नजदीक हैं। लेकिन बिहार में अराजकता फैलाने में वे सफल नहीं होंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर करने में कोई कोताही नहीं बरतेंगे। सभी घटनाओं को लेकर कार्रवाई हो रही है। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने इस क्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को ‘ब्रेनलेस’ बताया। उन्होंने कहा कि इनके पास अपना ‘ब्रेन’ है ही नहीं। संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति एक संवैधानिक संस्था के बारे में गलत बयान नहीं दे सकता। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाना गलत है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को संवैधानिक पद छोड़ना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए। ये लोग समाज को भ्रमित करने और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर पूरी तरह भ्रम फैलाने का ठेका ले चुके हैं। उल्लेखनीय है कि विपक्ष बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर लगातार सरकार को निशाने पर ले रहा है।
राजद का ‘भूरा बाल साफ करो’ नारा सामाजिक उन्माद पैदा करता है : नित्यानंद राय
पटना, 12 जुलाई: केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नित्यानंद राय ने राजद के एक नेता ने ‘भूरा बाल साफ करो’ का नारा दिया है। राजद अध्यक्ष लालू यादव ने भी यह नारा दिया था। यह नारा सामाजिक उन्माद पैदा करता रहा है। इस नारे की वजह से उनके समय में समाज में झगड़े और हिंसा होती रही। आज सामाजिक सौहार्द है। एनडीए सबका विकास कर रही है। पटना में पत्रकारों से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने विपक्ष के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर कहा कि विपक्ष खुद चोरी करने की आदत रखता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने पहले अलकतरा घोटाला, चारा घोटाला, दवा और वर्दी की चोरी की है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि चोरी करना विपक्ष को ही मुबारक हो, यहां किसी की नियत में कोई खोट नहीं है और हमारी नीयत साफ है। बिहार में आपराधिक घटनाओं पर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि अपराध कभी भी हों, यह दुख की बात है। लेकिन, पहले अपराध होने पर अपराधियों को बचाया जाता था, अब अपराध होने पर कार्रवाई की जाती है। अपराधियों को पकड़कर सजा दिलाई जाती है। पहले मुख्यमंत्री और मंत्रियों के घर पर अपराधियों को लेकर मीटिंग होती थी, लेकिन अब सरकार की मंशा है कि बिहार में कानून का राज कायम रहे। उन्होंने कहा कि राजद को जनता पहले ही ठुकरा चुकी है। महाराष्ट्र में जारी भाषा विवाद पर नित्यानंद राय ने कहा कि भाजपा सभी भाषाओं का सम्मान करती है। इस देश में कई भाषाएं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई भाषाओं में ज्ञान-विज्ञान की बात की है। हिंदी देश की राजभाषा है और सभी भाषाओं को सम्मान, संरक्षण और बढ़ावा दिया जा रहा है। केंद्र की सरकार सभी भाषाओं का सम्मान करती है। यही देश की खूबसूरती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 18 जुलाई को प्रस्तावित बिहार के मोतिहारी दौरे को लेकर राय ने कहा कि पीएम मोदी जब भी बिहार आते हैं, प्रदेश को कई बड़े सौगात मिलती है। एक बार फिर पीएम मोदी बिहार आ रहे हैं। आधारभूत संरचनाओं के निर्माण से लोगों को रोजगार मिलता है। यहां के लोग अपने प्रधानमंत्री का इंतजार कर रहे हैं।
बिहार चुनाव के पहले खुद को बेहतर साबित करने की होड़, जदयू-राजद में ‘पोस्टर वॉर’
पटना, 10 जुलाई : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) मतदाताओं को लुभाने में जुट गए हैं। दोनों पार्टियां पोस्टरों के जरिए खुद को एक-दूसरे से बेहतर बता रही हैं। बिहार की राजधानी पटना की कई सड़कों पर लगे इन पोस्टरों में दोनों दलों के अपने-अपने दावे दिख रहे हैं। राजधानी पटना में राजद और जदयू की ओर से पोस्टर लगाए गए हैं। राजद के पोस्टरों में महागठबंधन की 17 महीने की सरकार के कामों का श्रेय लिया गया है, जब नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू और राजद की सरकार थी। दूसरी ओर, जदयू के पोस्टरों में नीतीश सरकार की तारीफ की गई है और नारों के जरिए खुद को दूसरों से बेहतर बताने की कोशिश की गई है। साथ ही, फिर से एनडीए सरकार बनाने की बात कही गई है। मजेदार बात यह है कि दोनों दलों के पोस्टर पटना की सड़कों पर कई जगहों पर पास-पास ही लगे हैं। जदयू की ओर से लगाए गए पोस्टरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीरें हैं। इनमें लिखा है, ‘महिलाओं की जय-जयकार, फिर से एनडीए सरकार’, ‘नौकरी, रोजगार, खुशहाल बिहार, फिर से एनडीए सरकार’ और ‘लग रहे उद्योग, मिल रहा रोजगार, फिर से एनडीए सरकार।’ दूसरी तरफ, राजद की ओर से लगाए गए पोस्टरों में तेजस्वी यादव की तस्वीर है। इनमें लिखा है, ‘2025-2030 बिहार मांगे 17 महीनों वाली तेजस्वी सरकार’ और ‘तरक्की, खुशहाली, शांति, 2025-2030 तेजस्वी क्रांति’, जिसमें राजद ने एनडीए से बेहतर होने का दावा किया है। बहरहाल, चुनाव में अभी समय है, लेकिन इन पोस्टरों से साफ है कि आने वाला चुनावी मुकाबला बहुत जोरदार होगा।