रांची, 24 नवंबर: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज यहां राज भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिलकर नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके साथ ही श्री सोरेन 28 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की चौथी बार शपथ लेंगे। झारखंड विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को 56 सीटों पर जीत मिली है।

इससे पहले राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजभवन में अपना त्यागपत्र सौंपा।राज्यपाल ने उनका त्यागपत्र स्वीकार कर कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था के गठन तक अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहने को कहा है।

इसके बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) एवं भाकपा (माले) के शिष्टमंडल ने राजभवन में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में सरकार गठन के लिए निर्वाचित विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा। इसके बाद राज्यपाल ने हेमंत सोरेन को झारखंड का मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए उन्हें सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया।

इससे पहले रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में इंडिया गठबंधन की बैठक हुई।इसमें झामुमो, कांग्रेस, राजद और भाकपा माले के नवनिर्वाचित विधायक शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से इंडिया गठबंधन विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन चुने गये।

उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन ने 56 सीटों पर जीत हासिल की है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 34, कांग्रेस ने 16 ,राष्ट्रीय जनता दल ने चार और गठबंधन के घटक दल भाकपा माले ने दो सीटों पर जीत दर्ज की।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *