नई दिल्ली, 01 सितंबर: दिल्ली विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष, स्वर्गीय चरती लाल गोयल की 98वीं जयंती सोमवार को दिल्ली नगर निगम और दिल्ली विधानसभा में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्तियों ने उनके योगदान को याद किया और उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

हेरीटेज पार्क में श्रद्धांजलि

जयंती समारोह की शुरुआत चरती लाल गोयल हेरिटेज पार्क से हुई। दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह, लोकसभा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल सहित कई विधायकों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सैकड़ों नागरिकों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। उर्वशी नृत्य, कला, संगीत और सांस्कृतिक अकादमी के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

संसदीय मर्यादाओं का पालन

इसके बाद, दिल्ली विधानसभा परिसर में मुख्य समारोह आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने की। मुख्य अतिथि के रूप में संसदीय कार्यमंत्री किरण रिजिजू, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा और गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल उपस्थित रहे।

किरण रिजिजू ने अपने संबोधन में चरती लाल गोयल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष के रूप में सदैव संवैधानिक मर्यादाओं का पालन किया। उन्होंने नव-निर्वाचित सांसदों और विधायकों को सलाह दी कि वे अपने पूर्ववर्तियों द्वारा स्थापित मानकों का सम्मान करें और लोकतंत्र की भावना को बनाए रखें।

सेवा, समर्पण और मर्यादा का प्रतीक

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने श्री गोयल को “सेवा, समर्पण और मर्यादा का एक ज्वलंत प्रतीक” बताया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में राजनीति केवल सत्ता तक सीमित न रहकर समाज के उत्थान और जनकल्याण का एक सशक्त माध्यम बनी।

विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि श्री गोयल ने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल में लोकतांत्रिक गरिमा और विधायी परंपराओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि उनकी दूरदृष्टि और समर्पित नेतृत्व हमें जनता की सेवा के प्रति निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।

संस्थानों में आज भी जीवित हैं मूल्य

अपने पिता को याद करते हुए विजय गोयल ने कहा कि चरती लाल गोयल के नाम पर कई संस्थान स्थापित हैं, जिनमें चांदनी चौक में चरती लाल गोयल हेरिटेज पार्क और सिविल लाइंस में निगम प्रतिभा विद्यालय शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उनके 75वें जन्मदिन पर अटल बिहारी वाजपेयी, चंद्रशेखर, पी.वी. नरसिम्हा राव और डॉ. मनमोहन सिंह जैसे चार पूर्व और वर्तमान प्रधानमंत्रियों ने भाग लिया था, जो उनकी राजनीतिक सीमाओं से परे लोकप्रियता को दर्शाता है। इस अवसर पर, विशिष्ट अतिथियों ने चरती लाल गोयल के प्रेरणादायक जीवन और कार्यों पर आधारित एक पुस्तक का भी विमोचन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *