बोकारो, 17 नवंबर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सरकार पर रविवार को तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन्हें संविधान की जानकारी तक नहीं है, वह संविधान की प्रति दिखा ढोंग कर जनता को गुमराह करने में लगे हैं।

श्री नड्डा ने आज बोकारो जिले के कसमार प्रखंड के मंजूरा स्थित सपाहीटांड़ में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए झामुमो-कांग्रेस एवं राजद पर हमला बोलते हुए कहा कि जिसे संविधान की जानकारी तक नहीं है, वह संविधान की प्रति दिखाकर ढोंग कर जनता को बरगलाने का काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि आगामी 23 नवंबर के बाद झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन की छल-कपट वाली सरकार ने सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड के मंत्री आलमगीर आलम भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद हैं। खुद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 236 करोड़ रुपए के जमीन घोटाले के आरोपी हैं, जो फिलहाल जमानत पर हैं। झारखंड की हेमंत सोरेन की सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों को मदरसों में पनाह देने के साथ ही उनके आधार कार्ड, वोटर कार्ड बनाने से लेकर उन्हें सभी सुविधाएं मुहैया करवा रही है।

श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अति पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), आदिवासी, दलित समेत सभी समुदाय को साथ लेकर चल रही है। देश का चातुर्दिक विकास सरजमीं पर दिख रहा है। केंद्र सरकार आयुष्मान, उज्ज्वला योजना से लेकर दर्जनों कल्याणकारी योजनाओं से लोगों को सुविधा दे रही है। मोदी सरकार में भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से निकलकर मुख्यधारा में शामिल हुए हैं।

इस दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन समर्थित आजसू पार्टी के गोमिया विधानसभा प्रत्याशी डॉ. लंबोदर महतो ने कहा कि विधायक बनने के बाद दो साल को कोरोना ने छीन लिया। बावजूद महज तीन वर्षों में विकास के इतने कार्य कर दिखाया, जितना पिछले किसी भी विधायक के कार्यकाल में नहीं हुए। विकास की यह रफ्तार न रुके, इसलिए उन्हें पुनः मौका दें।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *