नई दिल्ली, 23 मार्च: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद भाजपा पूरी तरह से आक्रामक है। केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली भाजपा ने आक्रोश धरना दिया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने तंज कसते हुए आम आदमी पार्टी को परिवारवादी पार्टी बनने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब यह पार्टी कांग्रेस 2, लालू यादव 2, पवार 2, अखिलेश 2 बन गई है। जिस तरह सुनीता केजरीवाल पार्टी की कमान संभाल रही हैं, उससे स्पष्ट है कि परिवारवादी पार्टियों की सूची में आम आदमी पार्टी भी शामिल हो गई है। वहीं, प्रदेश भाजपा मंत्री बांसुरी स्वराज ने कहा कि मुख्यमंत्री की पत्नी की बाध्यता व वेदना समझ सकती हूं। वे अपनी व्यक्तिगत वेदना को सार्वजनिक कर रही हैं।
इस वेदना के लिए पूरी तरह से जिम्मेदार दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने अपने सौ करोड़ रुपये के किक बैक के लिए लोगों को ठगा है। केजरीवाल की जवाबदेही बनती है, उन माताओं व बहनों के लिए जो शराब नीति की वजह से परेशान रहीं। उनकी जवाबदेही बनती है पत्नी, परिवार और दिल्ली की जनता के प्रति। जब नौ समन का निरादर किया तो ईडी को विवश होकर गिरफ्तार करना पड़ा। सांसद डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि बच्चों की झूठी कसम खाने वाले केजरीवाल भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाकर पूरी तरह से भ्रष्टाचार में मग्न हो गए, लेकिन दिल्ली की जनता को धोखा देने वाले केजरीवाल को यह भी समझना होगा कि जो जनता आपको सत्ता पर बैठाना जानती है, वह जनता गद्दी से उतारना जानती है। सोशल मीडिया पर दिल्ली की जनता उनकी दोहरी नीति देख रही है। मनीष सिसोदिया और संजय सिंह दोनों जेल में हैं। जब वे ईमानदार हैं तो फिर जांच से क्यों डर रहे हैं।