नई दिल्ली, 24 दिसंबर: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली चुनाव में हिंदुत्व के मुद्दे को तूल नहीं देना चाहते हैं। उन्होंने इस मुद्दे से किनारा करते हुए कहा है कि वह स्कूल, अस्पताल, पानी का इंतजाम करना जानते हैं और बाकी बड़े-बड़े मुद्दे उनको (भाजपा) मुबारक।

केजरीवाल ने यह भी कहा कि वह अयोध्या में परिवार के साथ भगवान राम के दर्शन करके आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि भगवान पर किसी का एकाधिकार नहीं है, उनपर राजनीति नहीं करनी चाहिए। केजरीवाल से सवाल किया गया कि हिंदुत्व के मुद्दे पर उनकी राय क्या है, आपके लिए कहा जाता है कि आप भी सॉफ्ट हिंदुत्व पर चलने लगे थे।

इसके जवाब में पूर्व सीएम ने कहा, मेरी नजरों में कोई सॉफ्ट हिंदुत्व नहीं है, कोई हार्ड हिंदुत्व नहीं है। ये सारे मुद्दे उनको मुबारक हों। आप मेरे से पूछ लो दिल्ली में घर-घर पानी कैसे देना है, मैं पूरा प्लान समझा दूंगा। मैं यमुना कैसे साफ करनी है, मुझ से पूछ लीजिए, बच्चों को शिक्षा कैसे देनी, अस्पताल कैसे ठीक करनी है, दवाइयां कैसे पहुंचानी है, जनता के समस्याओं के कैसे समाधान, (हाथ जोड़कर हंसते हुए) बाकी सारे बड़े-बड़े मुद्दे उनको ही मुबारक हों। एक अन्य सवाल के जवाब में केजरीवाल ने कहा, मैं गया था राम मंदिर, अपने माता-पिता और पत्नी को लेकर गया था। दोबार जाएंगे, तिबारा जाएगा। भगवान के ऊपर किसी का एकाधिकार नहीं है। भगवान के साथ राजनीति मत करो। भगवान से डरो। ऊपर वाले से डरो। कोई तो शक्ति है जो इस दुनिया को चला रही है, उससे डरो। अहंकार मत करो, इनको बहुत अंकार हो गया है। केजरीवाल ने कहा कि आपस में लड़ने से देश तरक्की नहीं करेगा, शांति के साथ सभी लोगों को मिलकर काम करना है। उन्होंने कहा, मेरी एक ही विचारधारा है, इंसानियत, प्यार, सहिष्णुता, शांति। हमें शांति के साथ देश का विकास करना है।

देश के 140 करोड़ लोग एक साथ। हम आपस में लड़ाई झगड़े करेंगे, गाली गलौच करेंगे? अभी माहौल बहुत खराब हो गया देश का, जिस तरह हम देखते हैं सोशल मीडिया पर, आसपास, वॉट्सऐप ग्रुप में। यह अच्छा नहीं है देश के लिए, शांति होनी चाहिए, प्यार मोहब्बत होनी चाहिए, तभी तो देश तरक्की करेगा। हम दुनिया में नंबर एक देश बन सकते हैं, हमारे पास भगवान का दिया सबकुछ है, लेकिन हम आपस में ही लड़ते रहते हैं। आपस में लड़ने से बात नहीं बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *