बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म KD: The Devil के इस गाने पर अब फिल्म इंडस्ट्री के संगठन ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसे तुरंत बैन करने की मांग की है।
AICWA ने सेंसर बोर्ड (CBFC) के चेयरमैन प्रसून जोशी और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को पत्र लिखकर कहा है कि गाने के बोल और दृश्य “अश्लील और दोहरे अर्थ वाले” हैं, जो समाज खासकर युवाओं पर गलत असर डाल सकते हैं। संगठन ने गाने को सभी प्लेटफॉर्म से हटाने, फिल्म की दोबारा समीक्षा कराने और इसके निर्माताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने की भी मांग की है।
यह विवाद यहीं नहीं रुका। गाने को लेकर पहले ही सोशल मीडिया पर भारी विरोध देखने को मिला था और कई लोगों ने इसे “भड़काऊ और अशोभनीय” बताया। इसके अलावा, एक वकील द्वारा भी शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें कहा गया कि यह गाना नाबालिगों पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
विवाद बढ़ने के बाद गाने को यूट्यूब समेत कई प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है और मामला अब सरकारी स्तर तक पहुंच चुका है। सरकार ने भी इस पर सख्ती दिखाते हुए सेंसर बोर्ड को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
AICWA का कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर अश्लीलता को बढ़ावा देना स्वीकार्य नहीं है और इस तरह के कंटेंट पर सख्त नियम बनाए जाने चाहिए।
