नई दिल्ली/इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के बृजेश्वरी एनेक्स रिहायशी इलाके में शुक्रवार सुबह एक भीषण आग हादसा सामने आया, जिसमें सात लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज हो रही थी। इसी दौरान चार्जिंग पॉइंट में जोरदार धमाका हुआ, जिससे आग भड़क गई और तेजी से घर के अंदर फैल गई। घर में 10 से अधिक गैस सिलेंडर रखे थे, जिनमें से कुछ में विस्फोट होने से आग और विकराल हो गई।
यह मकान मनोज पुगलिया का बताया जा रहा है, जो पॉलीमर का कारोबार करते थे। घर में ज्वलनशील केमिकल भी मौजूद थे, जिससे आग ने कुछ ही समय में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
इस दर्दनाक हादसे में मनोज पुगलिया, सिमरन, विजय सेठिया, सुमन सेठिया, राशि और छोटू सेठिया की मौत हो गई, जबकि सातवें मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। वहीं, सौरभ, सुनिता और सोनिल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह अचानक चीख-पुकार सुनाई दी। जब लोग बाहर निकले तो देखा कि मकान धू-धू कर जल रहा था। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी और खुद भी बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन मामले की गहन जांच में जुट गया है।
