नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में हालिया हिंसा के बाद तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। होली के दौरान हुई एक हत्या की घटना के बाद अब इलाके में सांप्रदायिक माहौल बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ सोशल मीडिया वीडियो और सार्वजनिक सभाओं में कथित तौर पर मुस्लिम समुदाय के खिलाफ भड़काऊ भाषण दिए गए हैं और ईद के मौके पर हिंसा की धमकियां दी गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाहरी लोग लगातार इलाके में आकर नारेबाजी कर रहे हैं, जिससे डर का माहौल बन गया है। कई परिवारों ने आरोप लगाया है कि उन्हें ईद मनाने से रोकने की धमकी दी जा रही है, जिसके चलते कुछ मुस्लिम परिवार अस्थायी रूप से इलाके से बाहर जाने की योजना बना रहे हैं।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर दी है और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, कई सामाजिक संगठनों ने पुलिस से मांग की है कि नफरत फैलाने वाले भाषणों और धमकियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए ताकि ईद शांतिपूर्ण तरीके से मनाई जा सके।
बताया जा रहा है कि 4 मार्च को दो परिवारों के बीच हुए विवाद से शुरू हुई घटना अब धीरे-धीरे सांप्रदायिक रंग लेती जा रही है, जिससे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
